Heyy Babyy 2: क्या आपको ‘हे बेबी’ (Heyy Babyy 2) फिल्म याद है? साल 2007 में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान की तिकड़ी ने जिस फिल्म से हमें हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया था, उस ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फिल्म का सीक्वल अब ऑफिशियल हो चुका है।
Maker साजिद नाडियाडवाला एक बार फिर इस मजेदार सफर को वापस ला रहे हैं, और इस बार भी मस्ती का ठिकाना सीधे ऑस्ट्रेलिया होने वाला है! हालांकि लोकेशन तय हो चुकी है, लेकिन दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अक्षय, रितेश और फरदीन की मूल तिकड़ी इस बार भी स्क्रीन पर जादू बिखेरने लौटेगी।
Heyy Babyy 2 कंफर्म
इस सीक्वल की सुगबुगाहट तब तेज हुई जब हाल ही में साजिद नाडियाडवाला ने ऑस्ट्रेलिया की ‘न्यू साउथ वेल्स’ सरकार के साथ एक मेगा 3-फिल्म डील साइन की। इस समझौते के तहत ‘हे बेबी 2’ की शूटिंग सिडनी और उसके आस-पास की खूबसूरत वादियों में की जाएगी। वैसे आपको बता दें कि साल 2007 में आई फिल्म का एक बड़ा हिस्सा भी ऑस्ट्रेलिया में ही फिल्माया गया था, जिसने फिल्म को एक ग्रैंड लुक दिया था। अब मेकर्स उसी नॉस्टैल्जिया और विजुअल ट्रीट को दोगुना करने की तैयारी में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर
अगर साल 2007 में मुड़कर देखें, तो ‘हे बेबी’ सिर्फ एक कॉमेडी फिल्म नहीं थी, बल्कि इसमें इमोशंस का भी जबरदस्त तड़का था। कहानी सिडनी में रहने वाले तीन बेफिक्र और फ्लर्ट कुंवारों-आरुष, तन्मय और अली के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब उनके दरवाजे पर एक बच्ची (एंजेल) छोड़ दी जाती है।
डायपर बदलने की जद्दोजहद से लेकर उस बच्ची से अटूट दिल का रिश्ता बनने तक का सफर दर्शकों को खूब हंसाता और रुलाता है। बाद में जब बच्ची की मां विद्या बालन और बोमन ईरानी की एंट्री होती है, तो फिल्म का ड्रामा और बढ़ जाता है। साजिद खान के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म अपने सुपरहिट गानों जैसे ‘दिल दा मामला’ और टाइटल ट्रैक के साथ उस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।
कलेक्शन मचाया तहलका
अगर बॉक्स ऑफिस की बात करें, तो ‘हे बेबी’ ने दुनियाभर में 83.90 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की थी। घरेलू बाजार यानी भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 63.65 करोड़ रुपये रहा, जबकि ओवरसीज मार्केट (विदेशों) से इसने 20.25 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था। तो, क्या आप भी इस फिल्म के लिए सुपर एक्साइटेड हैं? कमेंट सेक्शन में हमें जरूर बताएं।














































