Nikhil Gupta US sentencing: खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में अमेरिका की एक अदालत ने शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए 55 वर्षीय भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल और 7 महीने की जेल की सजा सुनाई है। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया। गौरतलब है कि निखिल गुप्ता ने इसी साल की शुरुआत में हत्या की सुपारी देने, आपराधिक साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को स्वीकार कर लिया था। सजा पूरी होने के बाद अदालत ने निगरानी में रिहाई के बजाय उन्हें अमेरिका से डिपोर्ट (बाहर निकालने) करने का आदेश दिया है।
कोर्टरूम में भावुक हुए निखिल- ‘पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं’| Nikhil Gupta US sentencing
सुनवाई के दौरान निखिल गुप्ता ने अंग्रेजी में करीब 6 मिनट तक अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे इन महान नेताओं के दिखाए रास्ते पर चलना चाहते थे। इसके बाद कोर्टरूम में मौजूद पन्नू की तरफ देखते हुए उन्होंने कहा, “मैंने जो किया, उसे बदल नहीं सकता। मैं पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगता हूं, मुझे अपने किए पर गहरा अफसोस है।”
बात करते हुए निखिल बेहद भावुक हो गए और बोले कि उनके इस कदम की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि उनका इसमें कोई कसूर नहीं है। दूसरी ओर, निखिल के वकीलों ने इस फैसले पर निराशा जताते हुए कहा कि वे अदालत से कम सजा की उम्मीद कर रहे थे।
पन्नू बोला- 1200 दिनों से सामान्य वकालत नहीं कर पाया
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी करीब 20 मिनट तक अपना पक्ष रखा और दावा किया कि इस साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 से ज्यादा दिनों तक सामान्य तरीके से अपनी वकालत नहीं कर पाया है। बीच में जज ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने की हिदायत भी दी। इससे पहले अदालत के बाहर पन्नू के कई समर्थक निखिल गुप्ता और अन्य आरोपियों के पुतले लेकर जमा हुए थे।
DEA के मुखबिर के जरिए खुली थी 1 लाख डॉलर की सुपारी की पोल
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, 2023 में निखिल गुप्ता ने विकास यादव और अन्य लोगों के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी। यादव के कहने पर गुप्ता ने शूटर का इंतजाम करने के लिए जिस व्यक्ति से संपर्क किया, वह असल में अमेरिकी एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर निकला। इस काम के लिए 1 लाख डॉलर की सुपारी तय हुई थी और 9 जून 2023 के आसपास 15 हजार डॉलर नकद एडवांस भी दिए गए थे।
अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को भी आरोपी बनाते हुए उसका वांटेड पोस्टर जारी किया था। दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने यादव को एक अन्य किडनैपिंग व वसूली केस में गिरफ्तार किया था, हालांकि अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद से वह बाहर है और भारत में ही माना जा रहा है। भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यादव अब सरकारी सेवा में नहीं है। वहीं, सजा सुनाए जाने से ठीक पहले अमेरिकी अभियोजकों ने कोर्ट में यह भी दावा किया कि मई 2023 में दोनों ने नेपाल या पाकिस्तान में किसी एक और व्यक्ति की हत्या की योजना भी बनाई थी।
पन्नू के सिविल केस में NSA डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख को समन, भारत ने किया खारिज
इसी बीच, पन्नू द्वारा दायर एक सिविल मुकदमे में न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जज कैथरीन पोल्क फैला के 13 नवंबर के आदेश के तहत भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को हेग कन्वेंशन के अंतर्गत समन जारी किए गए हैं। शुक्रवार को अदालत ने फेडएक्स के जरिए दिल्ली की पटियाला हाउस, तीस हजारी और द्वारका जिला अदालतों को ये समन भेजकर इनकी तामील कराने में मदद मांगी है। इससे पहले पिछले महीने वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के जरिए भी यह कोशिश की गई थी।
हालांकि, भारत में कई आतंकी मामलों में वांछित और ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) के कानूनी सलाहकार पन्नू के इन आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को ही स्पष्ट कर दिया था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए ऐसे मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को स्वीकार नहीं करता और न्यायिक दस्तावेज भेजने के लिए तय केंद्रीय प्राधिकरण (कानून एवं न्याय मंत्रालय) की प्रक्रिया का पालन जरूरी है।













































