Punjab opinion poll 2027: पंजाब में साल 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन सियासी सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। विपक्षी दलों की बयानबाजी और सत्ता विरोधी लहर के दावों के बीच ‘SCORE Intelligence’ का नया ओपिनियन पोल सामने आया है। इस ताजा सर्वे के आंकड़े मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। सर्वे में अनुमान जताया गया है कि अगर आज चुनाव हों, तो राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी 69 से 82 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में आ सकती है। पंजाब में सरकार बनाने के लिए 59 सीटों का आंकड़ा चाहिए होता है।
यह ओपिनियन पोल 13 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 के बीच किया गया, जिसमें प्रदेशभर के 28,347 लोगों से बातचीत कर उनकी राय ली गई। सर्वे के मुताबिक मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को 17 से 34 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 4 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) और ‘वारिस पंजाब दे’ दोनों को 2 से 6 सीटें मिलने का आकलन है। अन्य के खाते में एक सीट जा सकती है, जबकि 6 सीटों पर कांटे की टक्कर बताई गई है।
सीएम चेहरे में भगवंत मान सबसे आगे| Punjab opinion poll 2027
सर्वे में जब लोगों से पूछा गया कि मुख्यमंत्री पद के लिए उनकी पहली पसंद कौन है, तो 39.36% लोगों ने मौजूदा सीएम भगवंत मान के नाम पर मुहर लगाई। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी रहे, जिन्हें 15.61% लोगों ने पसंद किया। वहीं अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल 10.42% समर्थन के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
सरकार के कामकाज को लेकर भी जनता का रुख काफी सकारात्मक दिखा। लगभग 57.70% लोगों ने मान सरकार के काम को सराहा, जिसमें 43.07% ने इसे ‘बहुत अच्छा’ और 14.63% ने ‘अच्छा’ बताया। वहीं 20.18% लोगों ने काम को औसत माना, जबकि 22.12% लोग सरकार के कामकाज से नाखुश नजर आए।
माझा, मालवा और दोआबा में कैसा है माहौल?
पंजाब के तीनों प्रमुख इलाकों में सरकार के कामकाज को लेकर मिला-जुला लेकिन सकारात्मक माहौल दिखा। दोआबा में सबसे ज्यादा 60.31% लोगों ने सरकार के काम को सराहा और केवल 18% ने नाराजगी जताई। माझा में 58.37% लोग खुश और 22% नाखुश दिखे। मालवा इलाके में 56.59% लोगों ने सरकार के कामकाज पर संतोष जताया, जबकि 22% लोगों की राय नकारात्मक रही।
योजनाओं का सीधा फायदा और कानून-व्यवस्था की स्थिति
सर्वे में कल्याणकारी योजनाओं की जमीन पर पहुंच साफ दिखी। दोआबा में 65% और माझा में 67.11% महिलाओं ने ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ का लाभ मिलने की बात कही। वहीं मुफ्त बिजली योजना का फायदा दोआबा में 64.92%, माझा में 65.07% और मालवा में 39.28% लोगों तक पहुंचने की बात सामने आई। माझा में करीब 17% लोगों ने आम आदमी क्लीनिक से राहत मिलने की पुष्टि की।
विपक्ष जिस कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरता रहा है, उस पर 47.11% लोगों ने पूरी संतुष्टि और 10.83% ने आंशिक संतुष्टि जताई। यानी कुल मिलाकर 57.94% लोग कानून-व्यवस्था से संतुष्ट दिखे, जबकि 36% ने असंतोष जाहिर किया।
वोट शेयर में बीजेपी को बढ़त, अकाली दल को नुकसान
वोट शेयर की बात करें तो बीजेपी को फायदा होता दिख रहा है। 2022 में बीजेपी का वोट शेयर 6.60% था, जो इस सर्वे में बढ़कर 14% तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं अकाली दल का वोट शेयर 18.38% से गिरकर 12.50% पर आने का आकलन है। इसके अलावा ‘वारिस पंजाब दे’ को करीब 8.50% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। साफ है कि पंजाब की सियासत में आने वाले दिनों में समीकरण काफी दिलचस्प मोड़ ले सकते हैं।












































