Delhi nightclub murder case: दिल्ली के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात मौज-मस्ती का माहौल अचानक खूनी संघर्ष और भयानक बर्बरता में बदल गया। क्लब मैनेजर की पत्नी पर अनजाने में बीयर की कुछ बूंदें छलक जाने के मामूली विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि क्लब के बाउंसरों और कर्मचारियों ने 29 वर्षीय कैब ड्राइवर दलजीत सिंह की पीट-पीटकर जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी और तीन बाउंसरों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान पश्चिमी दिल्ली के रघुवीर नगर निवासी दलजीत (29) के रूप में हुई है, जो पेशे से कैब चलाकर अपने घर का गुजारा करता था। दलजीत के परिवार में अब उसकी बेसहारा पत्नी, 8 साल का मासूम बेटा और बुजुर्ग पिता ही रह गए हैं, जिनके सिर से परिवार का इकलौता कमाने वाला सहारा छिन गया।
मामूली सी चूक और शुरू हुआ जानलेवा हमला| Delhi nightclub murder case
घटना 10 अक्टूबर की देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ‘टोर हाउस’ (Tor House) नाइट क्लब में घटी। पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दलजीत अपने 5-6 करीबी दोस्तों के साथ वीकेंड पार्टी करने क्लब गया हुआ था। डांस और बातचीत के दौरान उसके एक दोस्त के हाथ से बीयर का ग्लास थोड़ा छलक गया और उसके कुछ छींटे पास खड़ी क्लब मैनेजर की पत्नी पर पड़ गए।
इसके बाद वहां तीखी बहस शुरू हो गई। दलजीत और उसके दोस्तों ने तुरंत हाथ जोड़कर बार-बार माफी मांगी और कहा कि यह जानबूझकर नहीं हुआ था। लेकिन क्लब के स्टाफ और बाउंसरों ने माफी सुनने के बजाय आपा खो दिया और उन पर टूट पड़े।
भागने की कोशिश की तो बाल खींचकर अंदर लाए, लाठियों और बोतलों से पीटा
दलजीत के दोस्तों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमलावरों ने उन पर लाठियों और कांच की बीयर की खाली बोतलों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। जब दलजीत और उसके साथी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे, तो बाउंसरों ने उन्हें कॉलर और बाल पकड़कर घसीटते हुए वापस क्लब के अंदर खींच लिया।
क्रूरता की हद पार करते हुए हमलावरों ने दलजीत का चेहरा कपड़े से ढक दिया और उस पर पानी डालते हुए बेरहमी से प्रहार करते रहे। इस बर्बर हमले में दलजीत का जबड़ा टूट गया और उसके सिर व अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आईं। दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों में से एक ने पिस्तौल (गन) लहराकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद नकदी व दो मोबाइल फोन भी छीन लिए।
घर की चौखट पर गिरा दलजीत, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
क्लब के भीतर मचे कोहराम के बाद किसी तरह उसके दोस्त दलजीत को अधमरी हालत में बाहर निकाल लाए और सीधे रघुवीर नगर स्थित उसके घर छोड़ आए। घर की चौखट पर पहुंचते ही दलजीत लड़खड़ाकर गिर पड़ा और बेसुध हो गया। उसकी पत्नी ने जब देखा कि वह कोई हरकत नहीं कर रहा है, तो घबराकर दोस्तों को वापस बुलाया। परिजन उसे आनन-फानन में गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दलजीत के दोस्त ने कहा, “हमने बाद में क्लब का सीसीटीवी फुटेज देखा, वह मंजर इतना भयानक था कि रूह कांप जाए। दलजीत को जानवरों की तरह पीटा गया था। इन दरिंदों को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए।”
5 आरोपी सलाखों के पीछे, पुलिस ने जब्त किया क्लब का DVR
वारदात की सूचना मिलते ही सराय रोहिल्ला थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ‘टोर हाउस’ नाइट क्लब के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी और तीन खूंखार बाउंसरों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और अगर इस हत्या में क्लब का कोई अन्य कर्मचारी शामिल पाया गया, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।











































