डॉक्टर सुसाइड केस से लेकर इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भीषण आग तक | Top 5 Ghaziabad News

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 01 अक्टूबर 2026, 07:32 PM Updated: 01 अक्टूबर 2026, 07:32 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पिछले 24 घंटों के भीतर कई बड़ी और चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। जहाँ एक तरफ एक्सप्रेस-वे पर डॉक्टर का शव मिलने और एक विवाहिता द्वारा समलैंगिक संबंधों के खुलासे ने सनसनी फैला दी है,

वहीं बुलंदशहर रोड पर एक फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड और वेव सिटी में फुटओवर ब्रिज पर संदिग्ध शव मिलने से हड़कंप मच गया। इसके अलावा, पुलिस महकमे में लापरवाही बरतने और पीड़ित से बदतमीजी करने वाले दो दारोगाओं पर भी गाज गिरी है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी पांचों खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: कहीं सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी, तो कहीं हनुमान चालीसा पाठ पर भारी तनाव! | Top 5 Ghaziabad News

कार में मिला डॉक्टर ने का शव

गाजियाबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। घर से सुसाइड नोट छोड़कर निकले 30 वर्षीय पशु चिकित्सक (Veterinary Doctor) शिवम कार्तिकेय भारद्वाज का शव ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर उनकी ही कार के अंदर मिला है।

मीडिया द्वारा मिली जानकारी और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह मामला आत्महत्या का है। कार से कुछ चिकित्सा सामग्री बरामद हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।

डॉक्टर शिवम ने एक पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “मम्मी-पापा सॉरी, लव यू मेरी वाइफ, मैं जा रहा हूं… आप लोगों का कोई दोष नहीं है”। डॉक्टर की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में दर्ज कराई गई थी। शव मिलने के बाद मुरादनगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स के जरिए सुसाइड नोट की जांच कराने की तैयारी कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।

शादी के बाद पत्नी ने किया बड़ा खुलासा (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की रहने वाली एक युवती ने शादी के बाद ऐसा बड़ा खुलासा किया, जिससे हर कोई हैरान है। मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर समलैंगिक संबंध (Same-Sex Relation) होने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़ित पति ने इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित युवक की शादी 29 नवंबर 2025 को गाजियाबाद की रहने वाली युवती के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पति का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी का व्यवहार उसके और उसके परिवार के प्रति ठीक नहीं था। वह लगातार फोन पर किसी से बात करती रहती थी। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो पत्नी ने खुलासा किया कि वह पिछले 5 साल से गाजियाबाद निवासी एक अन्य युवती से प्यार करती है और उसी के साथ रहना चाहती है।

पति का यह भी आरोप है कि सच्चाई सामने आने पर जब उसने विरोध किया, तो पत्नी ने उसे झूठे मामले में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, महिला घर से कीमती आभूषण और नकदी लेकर चली गई है।

इस मामले पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस का कहना है कि पति की ओर से शिकायत (तहरीर) मिल गई है और आरोपों को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 ‘मेरी मर्जी’ बोलने वाले दो दारोगा सस्पेंड (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर नंदग्राम थानाक्षेत्र से है, जहां पुलिस विभाग में घोर लापरवाही और मनमानी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, नंदग्राम थानाक्षेत्र में एक व्यापारी पर जानलेवा हमला हुआ था। इस गंभीर मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान जब पीड़ित व्यापारी ने केस की प्रगति और चार्जशीट (आरोप पत्र) के संबंध में सवाल किया, तो जांच अधिकारी (दारोगा) ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा— “मेरी मर्जी है, इसीलिए लगा दी चार्जशीट”।

जांच में गंभीर लापरवाही बरतने और पीड़ित से अभद्र व गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के आरोप में दो दारोगा— जांच अधिकारी अतुल कुमार और चौकी इंचार्ज श्यामवीर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है। इस पूरे मामले में सुपरविजन की कमी को देखते हुए नंदग्राम के थाना प्रभारी संतोष कुमार त्रिपाठी से भी स्पष्टीकरण (Explanation) तलब किया गया है।

पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि जांच में किसी भी प्रकार की शिथिलता या जनता के साथ ऐसा अमर्यादित व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फुटओवर ब्रिज पर मिला युवक का संदिग्ध शव (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की चौथी खबर वेव सिटी थाना क्षेत्र से है। जहां क्षेत्र में दिल्ली-हापुड़ रोड (NH-9) स्थित एक फुटओवर ब्रिज पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। सुंदरदीप कॉलेज के पास बने इस फुटओवर ब्रिज पर सुबह जब राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों ने शव देखा, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक (उम्र करीब 40 वर्ष) के चेहरे और सिर पर किसी भारी चीज या ईंट-पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं। शरीर पर गंभीर चोटों को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस उपायुक्त (एसीपी) वेव सिटी प्रिया श्रीपाल के मुताबिक, मामले की हर एंगल से सघन जांच की जा रही है।

युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वह अक्सर इसी फुटओवर ब्रिज पर सोता था, क्योंकि वहां उसका गद्दा और कपड़े भी मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त के लिए आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भीषण आग (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवी खबर बुलंदशहर रोड से है। जहां इंडस्ट्रियल एरिया में देर रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कविनगर थाना क्षेत्र के प्लॉट नंबर सी-87/1 स्थित ‘एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ (Evinix Design Concepts Pvt Ltd) की इस फैक्ट्री में रात करीब 1:11 बजे अचानक आग भड़क उठी।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही सबसे पहले कोतवाली फायर स्टेशन से गाड़ियाँ रवाना हुईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशनों से भी मदद बुलाई गई। कुल 7 दमकल गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मियों ने करीब 70 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

फैक्ट्री के तीन तरफ अन्य फैक्ट्रियां संचालित होने के कारण आग फैलने का बड़ा खतरा था। दमकल कर्मियों ने मुख्य रूप से सामने के हिस्से से मोर्चा संभाला और धुएं के गुबार के बीच विशेष सुरक्षा उपकरण (Breathing Apparatus Set) पहनकर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाई।

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का माल और कच्चा सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि (कैजुअल्टी) नहीं हुई है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds