तिहाड़ जेल में बना प्लान, ₹5 की लागत में छपते थे 20 के सिक्के… शराब ठेकों पर खपाए ₹70 करोड़ के जाली सिक्के| Fake 20 rupee coins

Nandani | Nedrick News Saharanpur Published: 15 सितम्बर 2026, 11:21 PM Updated: 15 सितम्बर 2026, 11:21 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Fake 20 rupee coins: आपकी जेब में पड़ा 20 रुपये का सिक्का कहीं नकली तो नहीं? उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम जनता दोनों के होश उड़ा दिए हैं। सहारनपुर पुलिस ने नकली सिक्के बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में चौंकाने वाला अनुमान सामने आया है कि इस सिंडिकेट ने शराब के ठेकों, टोल प्लाजा और किराना दुकानों के जरिए अब तक बाजार में करीब 70 करोड़ रुपये के नकली 20 रुपये के सिक्के खपा दिए हैं।

और पढ़ें: खाकी वर्दी या तस्करों का साथी? 50 लाख की डील में रंगे हाथों नपा नीमच का नारकोटिक्स इंस्पेक्टर| Neemuch CBN Inspector arrest

तीतरों इलाके से गिरफ्तारी, सहारनपुर में नई फैक्ट्री लगाने की थी तैयारी| Fake 20 rupee coins

सहारनपुर पुलिस ने रविवार को तीतरों थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर इस गिरोह के पांच सदस्यों को उस वक्त दबोच लिया, जब वे सिक्के बनाने की भारी-भरकम मशीनें जिले में कहीं लगाने के लिए ले जा रहे थे। यह सिंडिकेट उत्तर प्रदेश, पंजाब और बिहार में अपना नेटवर्क फैला चुका था।

सहारनपुर एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि यह गिरोह आधुनिक मशीनों की मदद से हर दिन 10 हजार से 12 हजार तक नकली सिक्के तैयार करने की क्षमता रखता था। तैयार सिक्कों को कमीशन के आधार पर शराब की दुकानों, हाईवे के टोल टैक्स नाकों और रोजमर्रा के किराना स्टोर्स में धीरे-धीरे खपाया जाता था। इनमें से शराब के ठेके गिरोह का सबसे पसंदीदा ठिकाना थे, जहां रात के समय भीड़भाड़ में सिक्कों की जांच-परख नहीं होती।

जेल में हुई दोस्ती और खड़ा हो गया करोड़ों का गोरखधंधा

इस पूरे काले कारोबार का मास्टरमाइंड 50 वर्षीय उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह है, जो कभी पंजाब के मोहाली में सुनार का काम करता था। पुलिस के अनुसार, लूथरा साल 2001 से ही जाली सिक्कों के धंधे में लगा हुआ है। 2017 में दिल्ली पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने के बाद उसे पकड़ा था।

जेल जाने के बाद भी उसका इरादा नहीं बदला। तिहाड़ जेल में उसकी मुलाकात सहारनपुर के हिमांशु उर्फ गुल्लू से हुई, जिसके बाद इस पूरे नए सिंडिकेट की नींव रखी गई। बाद में अलग-अलग जेलों से जुड़े अन्य साथी भी नेटवर्क में शामिल होते चले गए। पकड़े गए अन्य आरोपियों में मुजफ्फरनगर का कुलदीप, भदोही का अनुराग पाल उर्फ लंकेश और बिहार का संतोष चौरसिया उर्फ जनार्दन शामिल हैं। इनकी उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच है।

₹5 में बनता था सिक्का, ₹15 में बेचते थे एजेंटों को

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि एक 20 रुपये का नकली सिक्का बनाने में उन्हें मात्र 5 से 6 रुपये की लागत आती थी। इसके बाद वे इसे कमीशन एजेंटों को 12 से 15 रुपये में बेच देते थे, जो आगे जाकर इन्हें आम चलन में उतार देते थे। हर सदस्य का काम बंटा हुआ था… कोई कच्चा माल लाता, कोई छपाई देखता तो कोई बाजार में सप्लाई संभालता।

पुलिस ने मौके से 1.28 लाख रुपये कीमत के 6,400 तैयार 20 रुपये के नकली सिक्के, करीब 5 लाख रुपये के अधबने सिक्के और 6 बड़ी मेकिंग मशीनें बरामद की हैं। इसके अलावा 5 लोहे की मुख्य डाई, 39 बिना मार्क वाली डाई, 20 मार्क वाली डाई, पॉलिशिंग मशीन, ग्राइंडिंग स्टोन, हथौड़े, काटने की आरी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 8 मोबाइल फोन और 7 हिसाब-किताब के रजिस्टर जब्त किए गए हैं। एसपी व्योम बिंदल के अनुसार, बरामद दस्तावेजों और फोन कॉल डिटेल से नेटवर्क के अन्य राजफाश किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले जिले के एक राष्ट्रीयकृत बैंक के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई थी, जिसकी जांच एनआईए कर रही है।

और पढ़ें: कत्ल के बाद खाटूश्याम में की पूजा! पत्नी और 3 बेटियों का हत्यारा राहुल झा सीकर से गिरफ्तार| Jaipur murder case

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds