Bharat Ek Khoj TV show: आज जब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ‘द एम्पायर’, ‘ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड’ और ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ जैसी वेब सीरीज इतिहास को बड़े पैमाने पर पर्दे पर उतार रही हैं, तब भी एक ऐसा धारावाहिक है, जिसकी चर्चा आज तक होती है। यह शो न सिर्फ अपनी शानदार कहानी के लिए जाना गया, बल्कि इसकी दमदार स्टारकास्ट और ऐतिहासिक प्रस्तुति ने इसे भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार धारावाहिकों में शामिल कर दिया। इस सीरियल का नाम था ‘भारत एक खोज’।
साल 1988 में दूरदर्शन पर प्रसारित इस धारावाहिक ने भारत के हजारों वर्षों के इतिहास को बेहद रोचक और सरल अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया। खास बात यह थी कि इसकी कहानी भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रसिद्ध पुस्तक ‘The Discovery of India’ पर आधारित थी, जिसे उन्होंने जेल में रहते हुए लिखा था। यह पुस्तक भारतीय इतिहास और सभ्यता पर लिखी गई सबसे चर्चित किताबों में गिनी जाती है।
और पढ़ें: आई एम सॉरी आमिर…फैसल खान ने खत्म किया 17 सालों पुराना विवाद! बताया क्यों बदली सोच| Faisal Khan News
श्याम बेनेगल के निर्देशन ने बनाया खास|Bharat Ek Khoj TV show
‘भारत एक खोज’ का निर्देशन मशहूर फिल्मकार श्याम बेनेगल ने किया था। कुल 53 एपिसोड वाले इस धारावाहिक में सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर भारत की आजादी तक की पूरी ऐतिहासिक यात्रा को नाटकीय अंदाज में प्रस्तुत किया गया। इतिहास को सिर्फ तथ्यों तक सीमित रखने के बजाय इसे जीवंत पात्रों और प्रभावशाली संवादों के जरिए दर्शकों के सामने रखा गया, जिससे यह हर उम्र के लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया।
एक ही शो में दिखे भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज
इस धारावाहिक की सबसे बड़ी खासियत इसकी शानदार स्टारकास्ट थी। इसमें नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, रोशन सेठ, टॉम ऑल्टर, कुलभूषण खरबंदा, रजित कपूर, पंकज बेरी, इला अरुण, अंजन श्रीवास्तव, के.के. रैना और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कई दिग्गज कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाईं। इतना ही नहीं, उस समय अभिनय की दुनिया में अपने शुरुआती कदम रख रहे इरफान खान भी इस शो का हिस्सा थे। बाद के वर्षों में उन्होंने भारतीय सिनेमा ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
हर एपिसोड में इतिहास का नया अध्याय
‘भारत एक खोज’ किसी एक किरदार की कहानी नहीं थी। हर एपिसोड में भारत के इतिहास का एक नया दौर दिखाया जाता था। कहीं मौर्य साम्राज्य की गाथा थी तो कहीं मुगल शासन का दौर। कभी भक्ति आंदोलन की चर्चा होती थी तो कभी स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष को दिखाया जाता था। रोशन सेठ ने इस सीरियल में जवाहरलाल नेहरू की भूमिका निभाई थी और पूरे शो में वही कथावाचक के रूप में दर्शकों को इतिहास की यात्रा पर लेकर चलते थे।
कई किरदारों में दिखे ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह
धारावाहिक में नसीरुद्दीन शाह ने छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया। वहीं ओम पुरी ने एक नहीं, बल्कि कई ऐतिहासिक और पौराणिक पात्रों को पर्दे पर जीवंत किया। उन्होंने रावण, दुर्योधन और औरंगजेब जैसे अलग-अलग किरदार निभाए, जिन्हें दर्शकों ने काफी सराहा।

































