जम्मू-श्रीनगर के बीच दौड़ेगी तीसरी वंदे भारत: उधमपुर में मिला स्टॉपेज; देखें टाइम टेबल| Jammu Srinagar third Vande Bharat

Nandani | Nedrick News Jammu Published: 24 अगस्त 2026, 09:23 PM Updated: 24 अगस्त 2026, 09:23 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Jammu Srinagar third Vande Bharat: जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी को रफ्तार देने के लिए रेल मंत्रालय ने जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का बड़ा फैसला लिया है। इस नए रूट पर ट्रेन नंबर 26407 और 26408 के रूप में यह नई सेमी-हाई स्पीड ट्रेन दौड़ेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। इस रूट पर पहले से ही दो जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, और तीसरी ट्रेन के आने से घाटी जाने वाले यात्रियों व पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

और पढ़ें: विकसित भारत 2047 के लिए बैंकिंग सेक्टर में बड़े रिफॉर्म की तैयारी: सरकार बनाएगी हाई-पावर्ड कमिटी| Bank New Rule

उधमपुर को मिला स्टॉपेज, लोगों ने जताया आभार| Jammu Srinagar third Vande Bharat

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की लंबी मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए उधमपुर को आधिकारिक स्टॉपओवर (ठहराव) के रूप में मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि यह फैसला स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह ट्रेन दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज ‘चिनाब ब्रिज’ के ऊपर से होकर गुजरेगी, जो सफर को और भी रोमांचक बनाएगा। उधमपुर में ठहराव मिलने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है।

‘वंदे भारत तो ठीक, लेकिन लोकल और पैसेंजर ट्रेन कब चलेगी?’

नई वंदे भारत की घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर आम यात्रियों ने लोकल और पैसेंजर ट्रेनों की मांग भी तेज कर दी है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने केंद्रीय मंत्री के पोस्ट पर कमेंट करते हुए सवाल उठाए:

  • अंकित सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा कि जम्मू और श्रीनगर के बीच डेली पैसेंजर्स के लिए एक किफायती लोकल ट्रेन चलाने की सख्त जरूरत है।
  • वहीं अजय कुमार नाम के यूजर ने पूछा कि यह प्रीमियम ट्रेन आम जनता और रोजमर्रा के यात्रियों की जेब पर कैसे असर डालेगी? हमें श्रीनगर तक पैसेंजर/लोकल ट्रेन की सुविधा चाहिए।

नवरात्र के मौके पर शुरू हो सकती है सेवा

संभावना जताई जा रही है कि रेलवे इस तीसरी वंदे भारत का संचालन अगले महीने नवरात्र के आसपास शुरू कर सकता है। नवरात्र के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद काफी बढ़ जाती है। ऐसे में इस ट्रेन के चलने से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

रूट और टाइमिंग (जम्मू से श्रीनगर व वापसी)

यह ट्रेन जम्मू तवी से रवाना होकर शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर), श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा होते हुए सीधे श्रीनगर पहुंचेगी।

  • जम्मू से श्रीनगर (ट्रेन नंबर 26407): सुबह 10:30 बजे जम्मू तवी से चलेगी, 11:30 बजे उधमपुर पहुंचेगी, दोपहर 12:10 बजे कटड़ा और दोपहर 3:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
  • श्रीनगर से जम्मू (ट्रेन नंबर 26408): शाम 4:00 बजे श्रीनगर से रवाना होगी, शाम 6:55 बजे कटड़ा, रात 7:30 बजे उधमपुर और रात 8:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।

किराया कितना हो सकता है?

मौजूदा समय में चल रही वंदे भारत ट्रेनों (26401/26403) का किराया एसी चेयर कार के लिए ₹855 से ₹1020 और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए ₹1585 से ₹1780 के बीच है। माना जा रहा है कि इस तीसरी ट्रेन का किराया भी इसी दायरे में तय किया जाएगा।

और पढ़ें: सरकारी ठेकों से ऐसे खड़ी हुई जौहर यूनिवर्सिटी? ED ने मांगा 494 करोड़ का हिसाब, ट्रस्ट बोला- ‘सिर्फ 45 करोड़ ही लगे’| Jauhar University ED raid

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds