Eid ul Fitr 2026 dates: आजकल त्योहारों की तारीख को लेकर हर किसी के मन में कन्फ्यूजन रहता है, और ईद-उल-फितर के मामले में तो यह सस्पेंस चांद दिखने तक बना रहता है। मुस्लिम समुदाय का सबसे बड़ा और खास त्योहार ईद-उल-फितर होता है। इस त्योहार से पहले पूरे महीने रमजान का पाक महीना चलता है, जिसमें लोग रोजा रखते हैं और अल्लाह की इबादत करते हैं। रमजान खत्म होने के बाद ईद-उल-फितर मनाई जाती है, जिसे लोग प्यार से मीठी ईद भी कहते हैं।
इस साल भी हर बार की तरह ईद की तारीख को लेकर लोगों के बीच थोड़ा कन्फ्यूजन बना हुआ है। दरअसल, ईद का त्योहार चांद दिखाई देने के बाद ही तय होता है। इसलिए जब तक नया चांद नजर नहीं आ जाता, तब तक इसकी सही तारीख तय नहीं होती। माना जा रहा है कि इस बार ईद 20 या 21 मार्च को मनाई जा सकती है।
ईद की तैयारियां शुरू
बता दें कि रमजान का आखिरी हफ्ता शुरू हो चुका है और इसके साथ ही ईद की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। लोग नए कपड़े, मिठाइयां और ईद से जुड़ी दूसरी चीजें खरीदने में जुट गए हैं। रमजान खत्म होने के बाद ही शव्वाल महीने की शुरुआत होती है और उसी दिन ईद मनाई जाती है।
अलग-अलग देशों में अलग दिन क्यों मनती है ईद
कई लोगों के मन में सवाल होता है कि भारत, सऊदी अरब और यूएई में ईद अलग-अलग दिन क्यों मनाई जाती है। इसका कारण है चांद का अलग-अलग जगहों पर अलग समय पर दिखाई देना। मध्य पूर्व के देशों जैसे सऊदी अरब और यूएई में चांद भारत से पहले दिखाई दे जाता है। इसी वजह से वहां ईद अक्सर भारत से एक दिन पहले मनाई जाती है।
Also Read: Mumbai University vs JNU: बजट, कोर्स और प्लेसमेंट में कौन आगे? 2026-27 के आंकड़ों ने दिखाई बड़ी तस्वीर
भारत में कब हो सकती है ईद
एस्ट्रोनॉमिक सेंटर के अनुमान के मुताबिक बताया जा रहा है कि जिन देशों में 19 फरवरी से रोजे शुरू हुए थे, वहां ईद 20 मार्च को होने की संभावना है। भारत में 19 मार्च की रात चांद दिखाई देने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर उस रात चांद नजर आ जाता है तो देश में 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। लेकिन अगर चांद नहीं दिखा, तो फिर 21 मार्च को ईद मनाई जा सकती है।
सऊदी अरब में कब मनाई जाएगी ईद
सऊदी अरब समेत कुछ देशों में रमजान की शुरुआत 18 फरवरी से हुई थी। ऐसे में अनुमान है कि वहां 18 मार्च की रात चांद दिखाई दे सकता है। अगर ऐसा होता है तो वहां 19 मार्च को ईद मनाई जा सकती है। अगर उस दिन चांद नहीं दिखा तो ईद 20 मार्च को मनाई जाएगी।
29 रोजे होते है या 30?
इस्लामिक मान्यता के अनुसार रमजान में कुल कितने रोजे होंगे, यह भी चांद पर ही निर्भर करता है। अगर 29वें दिन चांद दिखाई दे जाता है तो रमजान 29 दिनों का होता है। लेकिन अगर चांद नहीं दिखता तो 30 रोजे पूरे किए जाते हैं। कई लोग मानते हैं कि अगर 30 रोजे पूरे होने के बाद ईद आती है तो इसे अल्लाह की खास नेमत माना जाता है। 30 रोजे पूरे होने का मतलब है इबादत के लिए एक और अतिरिक्त दिन मिलना।
