Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की वो 5 बड़ी खबरें, जो सुर्खियों में बनी रहीं। सबसे पहले ट्रोनिका सिटी में हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी पर हुए जानलेवा हमले की, तो वहीं लोनी में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी सलमान की करतूत। इसके अलावा, आगामी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के सख्त तेवरों और लापरवाह अधिकारियों पर गिरने वाली गाज।
साथ ही, स्वास्थ्य क्षेत्र में आए बड़े संकट की, जहाँ जिले से WHO के हेल्थ मॉनिटरों को हटा दिया गया है, और आखिर में साहिबाबाद फल-सब्जी मंडी की उस आधुनिक कैंटीन के बारे में, जिसका टेंडर दावेदार न मिलने की वजह से एक बार फिर अधर में लटक गया है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: शिक्षा विभाग के निरीक्षण से लेकर मंत्री आवास पर दिव्यांगों के बवाल तक | Top 5 Ghaziabad News
हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी विक्की शर्मा पर हमला
गाजियाबाद की पहली खबर ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र से है,जहां पूजा कॉलोनी में हिंदू रक्षा दल के जिला कार्यकारिणी सदस्य विक्की शर्मा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पदाधिकारी का आरोप है कि एक हमलावर ने उन पर हमला कर किसी नुकीली चीज से उनके चेहरे पर वार किया, जिससे वे घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स और विक्की शर्मा के अनुसार, वह गुरुवार रात करीब 9:30 बजे सोम बाजार स्थित अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान संगठन के उपाध्यक्ष सन्नी गहलोत का फोन आया, जिन्होंने बताया कि एक कार्यकर्ता का किसी से विवाद हो गया है और उन्हें मौके पर बुलाया।
जब विक्की शर्मा पूजा कॉलोनी में तय स्थान पर पहुंचे, तो वहां सन्नी गहलोत पहले से मौजूद थे और एक पुलिसकर्मी से बात कर रहे थे। तभी ‘मोती’ नाम का एक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज व बदतमीजी करने लगा। आरोप है कि जब शर्मा ने इसका विरोध किया, तो मोती ने खुद को एक डीएसपी (DSP) का चालक बताते हुए उनके पैर पर लात मारी, जिससे वह नीचे गिर गए। इसके बाद आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से उनके चेहरे पर जानलेवा वार कर दिया।
घायल पदाधिकारी ने रात करीब 11 बजे थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है। ट्रोनिका सिटी थाने के एसएचओ कुलदीप दीक्षित के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला संज्ञान में ले लिया है। आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
सोशल मीडिया पर युवती का किया वीडियो वायरल (Top 5 Ghaziabad News)
गादियाबाद की दूसरी बड़ी खबर लोनी थाना क्षेत्र से है, जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे प्रताड़ित करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर गाजियाबाद की लोनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, लोनी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सलमान (निवासी गढ़मुक्तेश्वर) नाम के युवक से हुई थी। बातचीत और मुलाकात के दौरान आरोपी सलमान ने कथित तौर पर धोखे से युवती के कुछ वीडियो बना लिए।
इसके बाद आरोपी ने उन वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने पर जब पीड़िता ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह इंस्टाग्राम पर लगातार अलग-अलग नामों से नए फर्जी अकाउंट्स बनाकर युवती को मैसेज और कॉल करके परेशान करने लगा।
परेशान होकर पीड़िता ने थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। लोनी के एसीपी (ACP) रामकिशन के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सलमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
SIR और वल्नरेबिलिटी मैपिंग में लापरवाही पर DM का एक्शन (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी बड़ी खबर SIR को लेकर है, आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR – Special Intensive Revision) और वल्नरेबिलिटी मैपिंग (संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करने) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी (DM) रविंद्र कुमार मांदड़ ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी गाज गिरेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कलेक्ट्रेट में आयोजित सेक्टर अधिकारियों की प्रशिक्षण-सह-ब्रीफिंग बैठक में जो अधिकारी अनुपस्थित रहे या देरी से पहुंचे, जिलाधिकारी ने उनके खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ऐसे संवेदनशील गांवों, मोहल्लों और असामाजिक तत्वों की पहचान की जाएगी जो मतदाताओं को डराने या उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर फॉर्म-6 भरवाने और सभी पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले भी लापरवाही बरतने वाले 21 बीएलओ (BLO) पर एफआईआर (FIR) दर्ज कराकर प्रशासन अपनी सख्त मंशा जाहिर कर चुका है। सभी सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्रों की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और वहां तक पहुंचने वाले मुख्य व वैकल्पिक मार्गों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
जिला प्रशासन का पूरा ध्यान एक पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करने पर है। औद्योगिक क्षेत्रों और श्रमिकों की अधिकता वाले साहिबाबाद जैसे क्षेत्रों में विशेष रूप से नोडल अधिकारियों को सक्रिय किया गया है ताकि कोई भी वास्तविक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से न छूटे।
WHO के 30 से अधिक हेल्थ मॉनिटरों को हटाया (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी बड़ी खबर WHO को लेकर है, गाजियाबाद में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का भविष्य संकट में नजर आ रहा है, जिसके चलते जिले से 30 से ज्यादा हेल्थ मॉनिटरों को हटा दिया गया है। सरकार की नई रणनीति के तहत माना जा रहा है कि फील्ड मॉनिटरिंग का काम अब स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस विंग करेगी, जिसके बाद डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय कार्यालयों और फील्ड मॉनिटरों पर होने वाले खर्च को रोकने का निर्णय लिया गया है। गाजियाबाद सहित प्रदेश के 16 जिलों में डब्ल्यूएचओ की गतिविधियां बंद हो रही हैं और गाजियाबाद का क्षेत्रीय कार्यालय भी मार्च 2027 तक बंद करने की तैयारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोरोना, पोलियो और खसरा जैसी खतरनाक बीमारियों पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली संस्था डब्ल्यूएचओ के कदम पीछे खींचने से स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा असर पड़ सकता है। अकेले गाजियाबाद जिले में ही कार्यरत 13 से ज्यादा फील्ड मॉनिटरों को हटा दिया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में हेल्थ मॉनिटरों के हटाए जाने से जमीनी स्तर पर बीमारियों की निगरानी (सरवेलांस) कमजोर होगी, जिससे आने वाले समय में पोलियो और डिप्थीरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
कैंटीन का टेंडर और नीलामी प्रक्रिया अटकी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवीं बड़ी खबर साहिबाबाद से है, जहां नवीन फल-सब्जी मंडी परिसर में बहुमंजिला इमारत में बनी कैंटीन की नीलामी प्रक्रिया एक बार फिर अटक गई है। मंडी समिति द्वारा कैंटीन को ठेके पर देने के लिए टेंडर जारी कर आवेदन मांगे गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक एक भी दावेदार या आवेदक सामने नहीं आया। आवेदन न आने के कारण कैंटीन के संचालन का इंतजार और लंबा हो गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंडी परिसर में आने वाले किसानों, व्यापारियों और पल्लेदारों की सुविधा के लिए इस आधुनिक कैंटीन का निर्माण कराया गया था। मंडी समिति ने उम्मीद जताई थी कि इस बार टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कैंटीन शुरू कर दी जाएगी, लेकिन किसी भी एजेंसी या व्यक्ति द्वारा रुचि न दिखाए जाने से यह योजना अधर में लटक गई है। अब मंडी समिति नियमों के तहत दोबारा टेंडर जारी करने या शर्तों में बदलाव करने पर विचार कर रही है ताकि जल्द से जल्द कोई खरीदार मिल सके।












































