रील्स में ड्रीम प्लॉट की धोखाधड़ी से लेकर बिजली-पानी के बड़े संकट तक! Top 5 Ghaziabad News

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 06 अगस्त 2026, 05:48 PM Updated: 06 अगस्त 2026, 05:48 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पाँच बड़ी और महत्वपूर्ण खबरें जिनका सीधा सरोकार आपसे और आपके परिवार से है। सोशल मीडिया रील्स पर दिखाए जा रहे सस्ते प्लॉट्स के उस बड़े फर्जीवाड़े की, जिसे गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने पूरी तरह अवैध घोषित कर दिया है। साथ ही हाईराइज सोसायटियों की वो जमीनी हकीकत, जहां लाखों के मेंटेनेंस के बाद भी सुरक्षा सिर्फ एक औपचारिकता बनकर रह गई है।

इसके अलावा, उमस भरी गर्मी के बीच पुराने गाजियाबाद में आज लगने वाले 4 घंटे के बिजली कट और ट्रांस हिंडन क्षेत्र में गहराए बिजली-पानी के बड़े संकट पर भी ग्राउंड रिपोर्ट आपके सामने रखेंगे। और बुलेटिन के आखिर में बात खोड़ा की, जहां जिला प्रशासन के आदेशों को ठेंगा दिखाकर कांवड़ यात्रा की छुट्टियों में भी स्कूल खोले गए, जिन पर अब गाज गिरना तय है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: जयपुरिया मॉल कांड से लेकर हरनंदीपुरम टाउनशिप और मोदीनगर बवाल की पूरी सच्चाई तक! | Top 5 Ghaziabad News

रील्स में ड्रीम प्लॉट, जमीन पर फरेब

गाजियाबाद की पहली खबर यह चेतावनी सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर फ्लैट/प्लॉट खरीदने वालों के लिए है। आजकल इंस्टाग्राम रील्स और फेसबुक पर बेहद सस्ते “ड्रीम प्लॉट्स” के भ्रामक विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के मुताबिक, इनके पीछे अवैध कॉलोनियों और धोखाधड़ी का बड़ा खेल चल रहा है। GDA ने ऐसे कई प्रोजेक्ट्स को पूरी तरह अवैध घोषित किया है। अगर आप गाजियाबाद या दिल्ली-एनसीआर में घर या जमीन लेने की सोच रहे हैं, तो इन 5 बातों को कभी न भूलें:

  • GDA और UP RERA अप्रूवल: प्लॉट लेने से पहले GDA की आधिकारिक वेबसाइट या दफ्तर जाकर कॉलोनी की स्वीकृति जांचें। प्रोजेक्ट का UP RERA रजिस्ट्रेशन नंबर वेबसाइट पर जरूर वेरिफाई करें।
  • भूलेख रिकॉर्ड (खसरा-खतौनी): जमीन के असली मालिक का नाम और मालिकाना हक जांचने के लिए सरकारी भूलेख रिकॉर्ड जरूर देखें।
  • लोन और कोर्ट केस की जांच: जमीन पर कोई बैंक लोन, विवाद या कोर्ट केस तो नहीं है, यह जानने के लिए सब-रजिस्ट्रार दफ्तर से भारमुक्त प्रमाण पत्र (Encumbrance Certificate) निकलवाएं।
  • लैंड यूज (Land Use): पक्का करें कि मास्टर प्लान में वह जमीन ‘आवासीय’ (Residential) घोषित हो। कृषि (Agricultural) या ग्रीन बेल्ट की जमीन पर प्लॉट न खरीदें।
  • सुरक्षित इलाकों को चुनें: निवेश के लिए हमेशा GDA से स्वीकृत और रैपिड रेल (RRTS) या हाईवे कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों जैसे—सिद्धार्थ विहार, इंदिरापुरम, राजनगर एक्सटेंशन, वेव सिटी और एनएच-24 के पास के मान्यता प्राप्त प्रोजेक्ट्स को ही प्राथमिकता दें।

सिर्फ वीडियो देखकर टोकन मनी न दें। खुद साइट पर जाकर जांच करें और कानूनी एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

हाईराइज सोसायटियों के खोखले सुरक्षा दावे (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की दूसरी बड़ी खबर हाईराइज सोसायटियों के खोखले सुरक्षा दावों की खुली पोल! गाजियाबाद की हाईराइज सोसायटियों में हर महीने लाखों रुपये का मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद निवासियों की सुरक्षा पूरी तरह रामभरोसे है। सिद्धार्थ विहार, इंदिरापुरम और राजनगर एक्सटेंशन जैसे प्रीमियम इलाकों की सोसायटियों से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां गेट पर सुरक्षा जांच महज एक औपचारिकता बनकर रह गई है।

सिद्धार्थ विहार की गंभीर घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में सिद्धार्थ विहार की गौर सिद्धार्थम सोसायटी में 29 जुलाई की देर शाम एक बाहरी अज्ञात युवक बिना किसी रोक-टोक और वेरिफिकेशन के परिसर में घुस गया। उसने वहां टहल रही एक महिला के साथ अभद्र हरकतें कीं, जिसके बाद आक्रोशित निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यदि आप भी गाजियाबाद की किसी हाईराइज सोसायटी में रह रहे हैं या फ्लैट खरीदने की सोच रहे हैं, तो इन 4 बड़ी सुरक्षा खामियों पर जरूर ध्यान दें:

  • गेट पर लापरवाही: मुख्य द्वारों (Main Gates) पर पर्याप्त सुरक्षा गार्ड नहीं हैं, जिससे बाहरी लोग पैदल या कारों से बिना किसी पूछताछ के सीधे अंदर आ जाते हैं।
  • खराब सीसीटीवी कैमरे: सोसायटियों के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स, लिफ्ट और बेसमेंट पार्किंग में लगे कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद या खराब पड़े हैं।
  • डिजिटल ऐप्स का दिखावा: MyGate या NoBrokerHood जैसे सुरक्षा ऐप्स होने के बावजूद, गार्ड निवासियों की अनुमति के बिना ही बाहरी विजिटर्स की एंट्री ‘मैन्युअली’ पास कर देते हैं।
  • फायर फाइटिंग सिस्टम ठप: हालिया जांच रिपोर्टों में खुलासा हुआ है कि 60-70% सोसायटियों में आग बुझाने वाले सिस्टम (फायर स्प्रिंकलर और अलार्म) मेंटेनेंस के अभाव में पूरी तरह बंद पड़े हैं।

लाखों का मेंटेनेंस सिर्फ लिफ्ट और लाइट के लिए नहीं, बल्कि आपके परिवार की सुरक्षा के लिए भी है। सजग रहें और अपनी सोसायटी की AOA/बिल्डर से सवाल जरूर पूछें!

पुराने शहर के कई इलाकों में आज 4 घंटे बत्ती गुल (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी बड़ी खबर बिजली कटौती को लेकर है। आज कई इलाकों में 4 घंटे बिजली रहेगी गुल, दोपहर 12 बजे तक बढ़ेगी परेशानी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद के पुराने शहर के कई प्रमुख इलाकों में आज बिजली विभाग के जरूरी मरम्मत कार्य (मेंटेनेंस शटडाउन) के कारण लगातार 4 घंटे बिजली गुल रहेगी। बिजली अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत का काम समय से पूरा होने के बाद दोपहर 12 बजे के आस-पास सप्लाई को दोबारा बहाल कर दिया जाएगा।

इन इलाकों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

अगर आप नीचे दिए गए क्षेत्रों में रहते हैं, तो पानी और अन्य जरूरी काम पहले ही निपटा लें:

  • राकेश मार्ग और सी-ब्लॉक
  • न्यू पंचवटी और ओल्ड पंचवटी
  • गुलमोहर
  • दौलतपुरा
  • आनंद विहार
  • कोटगांव और इसके आस-पास के क्षेत्र

उमस और गर्मी के बीच बिजली न होने से पानी की किल्लत हो सकती है, इसलिए समय रहते पानी का स्टोरेज जरूर कर लें। अधिकारियों का कहना है कि काम पूरा होते ही तुरंत सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

वैशाली, वसुंधरा, इंदिरापुरम में बिजली-पानी के लिए त्राहि-त्राहि (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की चौथी खबर ट्रांस हिंडन क्षेत्र से जहां वैशाली, वसुंधरा और इंदिरापुरम में बुनियादी सुविधाओं का ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है, जहां लाखों लोग अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग और दूषित पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। प्रशासन और विद्युत विभाग के ‘नो ट्रिपिंग जोन’ और निर्बाध आपूर्ति के सभी दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हुए हैं। हाल ही में मुरादनगर गंगनहर में सिल्ट (मिट्टी और कीचड़) की मात्रा अत्यधिक बढ़ने के कारण सिद्धार्थ विहार स्थित दोनों गंगाजल शोधन संयंत्र प्लांट ठप हो गए, जिससे पेयजल संकट और गहरा गया है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, विद्युत सब-स्टेशन अपनी क्षमता से दोगुने लोड पर चल रहे हैं, जिसके कारण रोजाना 70 से 80 लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग हो रही है। गंगनहर में बरसात के कारण आई भारी सिल्ट की वजह से साफ पानी प्लांट तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी जैसे बड़े इलाकों में गंगाजल की सप्लाई ठप या बेहद कम प्रेशर से हो रही है।

जहां पानी आ भी रहा है, वहां कई सोसायटियों और कॉलोनियों (जैसे वसुंधरा सेक्टर-3 और 5) में गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सीएम-ग्रिड (CM-GRID) परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों में बारिश का पानी भरने से बिजली की अंडरग्राउंड लाइनों में फॉल्ट की समस्या और बढ़ गई है।

नियमित जलापूर्ति न होने से लोगों को रोजाना पीने और खाना बनाने के लिए दुकानों से दो गुनी कीमत पर बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। हाईराइज सोसायटियों में लगातार 5-6 घंटे की कटौती के कारण जेनरेटर सेट (डीजी बैकअप) चलाना पड़ता है, जिसके एवज में निवासियों से 3 से 4 गुना अधिक बिजली शुल्क वसूला जा रहा है।

आदेश के बाद भी खोड़ा में खुले स्कूल (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवीं बड़ी खबर प्रशासन का अवेहलना करने की। जहां कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने 4 से 12 अगस्त तक कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके बावजूद, खोड़ा क्षेत्र में कुछ स्कूल नियमों की धज्जियां उड़ाकर खुले रहे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छुट्टी के आदेश का उल्लंघन कर स्कूल खोलने पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने संज्ञान लिया है। नियमों को ताक पर रखने वाले 8 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। कांवड़ मार्ग और आस-पास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी आमद के कारण बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह छुट्टियां की गई हैं,

लेकिन इन स्कूलों ने व्यावसायिक लाभ के लिए बच्चों की सुरक्षा को जोखिम में डाला। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि स्कूलों का जवाब संतोषजनक नहीं रहा, तो शिक्षा विभाग इन स्कूलों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाने या मान्यता रद्द करने जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई कर सकता है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds