जयपुरिया मॉल कांड से लेकर हरनंदीपुरम टाउनशिप और मोदीनगर बवाल की पूरी सच्चाई तक! | Top 5 Ghaziabad News

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 05 अगस्त 2026, 06:53 PM Updated: 05 अगस्त 2026, 06:53 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की वो 5 बड़ी खबरें, जिन्होंने आज पूरे उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। अगले कुछ मिनटों में हम आपको दिखाएंगे गाजियाबाद का क्राइम ग्राफ, प्रशासन का एक्शन और शहर के विकास की वो पूरी तस्वीर, जो सीधे आपसे जुड़ी है। पहली बड़ी खबर इंदिरापुरम के जयपुरिया मॉल में सरेराह गुंडागर्दी! फूड आउटलेट के किचन में घुसकर युवती पर थप्पड़ों की बौछार, हाथ में चाकू लहराते सिरफिरे आशिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

दूसरी बड़ी खबर गाजियाबाद को मिलने जा रही है हाई-टेक ‘हरनंदीपुरम टाउनशिप’। वीसी के कड़े निर्देश— बोर्ड बैठक से पहले पूरी करें औपचारिकताएं, सरकार से मिले 943 करोड़ के बजट से विकास को मिलेगी रफ्तार। तीसरी बड़ी खबर खाकी के दामन पर दाग! लोनी बॉर्डर के इनामी हत्यारोपी सोनू को एनकाउंटर से बचाने के लिए बदायूं पुलिस की बड़ी साठगांठ का पर्दाफाश, ‘दारोगा मामा’ समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड।

चौथी बड़ी खबर शिवरात्रि पर अभेद्य किले में तब्दील होगा ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर! सात स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे भोले के भक्त, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 5 एसीपी समेत 556 जवान। पांचवीं बड़ी खबर मोदीनगर में गो-रक्षक ही बने भक्षक! गोकशी के झूठे शक में गोसेवा करने वाली मां-बेटी को सरेराह जड़े थप्पड़, हिंदू रक्षा दल की महिला पदाधिकारी समेत 3 पर केस दर्ज। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: 12 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज बंद, सड़कों पर भीषण जाम और इंदिरापुरम में बड़ा एक्शन! | Top 5 Ghaziabad News

इंदिरापुरम के जयपुरिया मॉल में सरेराह गुंडागर्दी!

गाजियाबाद के इंदिरापुरम से बड़ी खबर, जहां जयपुरिया मॉल में हुई हिंसक घटना पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुरिया मॉल के एक फूड आउटलेट (California Burrito) के किचन में घुसकर एक युवक ने युवती पर बेरहमी से थप्पड़ों की बौछार कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने किचन से धारदार चाकू उठा लिया और उसे हाथ में लहराते हुए लड़की को डराया और पीटा।

हमले की वजह क्या थी?

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते थे। युवती की किसी अन्य सहकर्मी से दोस्ती होने के कारण पैदा हुए व्यक्तिगत विवाद में युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात के वक्त जब आउटलेट में मौजूद एक अन्य महिला कर्मचारी ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी धक्का दे दिया और दूर रहने की धमकी दी।

मिलने जा रही है हाई-टेक ‘हरनंदीपुरम टाउनशिप’ (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की दूसरी बड़ी खबर हरनंदीपुरम टाउनशिप को लेकर है। GDA के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने आगामी बोर्ड बैठक से पहले बड़ी तैयारी के निर्देश दिए हैं। वीसी ने हरनंदीपुरम टाउनशिप के पहले चरण के लैंड यूज चेंज (भू-उपयोग परिवर्तन) और लेआउट पास कराने से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

जांच समिति को क्या निर्देश मिले?

खबरों के मुताबिक, वीसी ने इसके लिए गठित विशेष समिति को आदेश दिया है कि वे कागजात का परीक्षण और तकनीकी जांच तय समय में पूरी कर अपनी फाइनल रिपोर्ट सौंपें। इस प्रस्ताव को अगस्त में होने वाली जीडीए बोर्ड बैठक के एजेंडे में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही पहले चरण का विकास कार्य और प्लॉट लॉन्चिंग की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी।

कितना बड़ा है यह प्रोजेक्ट?

आपको बता दें कि करीब 501 हेक्टेयर में फैलने वाली यह महत्वाकांक्षी आवासीय योजना मथुरापुर, शमशेर और मोरटा समेत कुल 8 गांवों की जमीन पर विकसित की जा रही है। हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ‘मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना’ के तहत इस टाउनशिप के लिए 943.37 करोड़ की दूसरी किश्त भी जारी की जा चुकी है, जिससे जमीन अधिग्रहण और विकास कार्यों को बड़ी रफ्तार मिलेगी।

खाकी के दामन पर दाग! (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी बड़ी खबर लोनी बॉर्डर इलाके से है, जहां 20 हजार के इनामी हत्यारोपी सोनू को एनकाउंटर के डर से बचाने के मामले में बदायूं पुलिस की बड़ी मिलीभगत का भंडाफोड़ हुआ है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा ने इस साजिश में शामिल आरोपी सोनू के ‘दारोगा मामा’ समेत दो और पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

क्या था पूरा मामला?

बीती 12 जुलाई को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में सिर्फ गाड़ी का हॉर्न बजाने के विवाद में सोनू नाम के युवक ने एक बाइक सवार विपिन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गाजियाबाद पुलिस ने सोनू पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर एसओजी को उसके पीछे लगा दिया था। पुलिस की सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर के डर से सोनू बदायूं भाग गया। वहाँ सोनू ने फैजगंज बेहटा थाने में तैनात अपने दूर के रिश्तेदार (मामा) वरिष्ठ दारोगा (SSI) नरेंद्र कुमार से मदद मांगी। मामा नरेंद्र कुमार ने भांजे को सुरक्षित जेल पहुंचाने के लिए दूसरे थानों के पुलिसकर्मियों से संपर्क साधा।

15 लाख रुपये में ‘सेफ जेल’ की डील

खबरों के अनुसार, आरोपी सोनू को गाजियाबाद पुलिस के हाथों कड़ी कार्रवाई से बचाने के लिए 15 लाख रुपये की डील हुई। योजना के तहत 23 जुलाई को बिनावर थाने के दारोगा बलवीर सिंह ने सोनू को ‘सोहनपाल उर्फ सूजल’ नाम के फर्जी पते पर, एक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार दिखाया और उसे चुपचाप कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया ताकि गाजियाबाद पुलिस उस तक न पहुंच सके।

ऐसे हुआ खुलासा और एक्शन

गाजियाबाद एसओजी की लोकेशन ट्रेसिंग के बाद इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। बदायूं एसएसपी अंकिता शर्मा ने जांच के आधार पर बड़ा एक्शन लिया है। आरोपी के दारोगा मामा नरेंद्र कुमार और साजिश में सहयोगी दारोगा राजकुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि फर्जी नाम से जेल भेजने वाले दारोगा बलवीर सिंह को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है। लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी अरिहंत कुमार सिद्धार्थ को भी लाइन हाजिर किया गया है। खाकी की साठगांठ उजागर होने के बाद अब पुलिस महकमे में विभागीय जांच और तेज कर दी गई है।

शिवरात्रि पर अभेद्य किले में तब्दील होगा ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की चौथी बड़ी खबर ऐतिहासिक श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर से है। श्रावण शिवरात्रि पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। इस बार मंदिर की सुरक्षा सात स्तरीय घेरे (7-Tier Security) में रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद एक अपर पुलिस आयुक्त और 5 एसीपी (ACP) संभालेंगे।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर कुल 556 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 66 निरीक्षक (इंसपेक्टर) एवं उपनिरीक्षक (सब-इंसपेक्टर), 147 मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) व आरक्षी (कांस्टेबल) और 337 होमगार्ड शामिल हैं।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

आपको बता दें कि मंदिर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा ईटीवी भारत की रिपोर्ट के अनुसार, शिवरात्रि पर करीब 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, जिसके लिए दूधेश्वरनाथ मंदिर से एमएमजी (MMG) अस्पताल तक एक ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया जाएगा ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

गो-रक्षक ही बने भक्षक (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवीं बड़ी खबर मोदीनगर से है, जहां गोकशी के झूठे शक में मां-बेटी को सरेराह पीटने का शर्मनाक मामला सामने आया है। हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने गाय ले जा रही महिलाओं को रोककर उन पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए हिंदू रक्षा दल की विधानसभा अध्यक्ष सपना अग्रवाल समेत तीन लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

गोसेवा करने वालों को ही बना दिया निशाना!

अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, नंदनगरी कॉलोनी की रहने वाली दीपा और उनकी मां सुमन एक बेसहारा गर्भवती गाय को इलाज और देखभाल के लिए अपने घर ले जा रही थीं। लेकिन रास्ते में खुद को स्वघोषित गो-रक्षक बताने वाली सपना अग्रवाल ने इन्हें घेर लिया और गो-तस्करी का आरोप लगाकर इनके साथ सरेराह मारपीट की। पुलिस जांच में साफ हुआ है कि पीड़ित परिवार हिंदू है और वर्षों से गोसेवा में जुटा हुआ है। पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds