RajmargYatra Local Pass: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाईवे पर सफर करने वालों, खासकर टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब स्थानीय लोगों को टोल प्लाजा पर लोकल पास बनवाने के लिए लंबी लाइनों में खड़े होने या दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। NHAI ने राजमार्गयात्रा (RajmargYatra) ऐप में कई नए डिजिटल फीचर्स जोड़े हैं, जिनकी मदद से अब कुछ ही मिनटों में घर बैठे लोकल टोल पास बनवाया जा सकेगा।
इसके अलावा, यात्रियों की सहायता के लिए ऐप में ‘मार्गमित्र’ नाम का एक नया AI आधारित डिजिटल असिस्टेंट भी जोड़ा गया है, जो कई तरह की सेवाओं से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएगा।
और पढ़ें: न जमीन हिलेगी… न घर टूटेगा! जापान ने खोज निकाला भूकंप से बचने का अनोखा तरीका| Air Danshin Technology
किन लोगों को मिलेगा लोकल पास? RajmargYatra Local Pass
NHAI के अनुसार, जिन लोगों का घर किसी टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में आता है, वे अब राजमार्गयात्रा ऐप के जरिए डिजिटल लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस पास की मदद से संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित बार यात्रा की जा सकेगी।
इस नई व्यवस्था के बाद लोगों को टोल प्लाजा जाकर आवेदन करने, लंबी कतारों में इंतजार करने या फिजिकल डॉक्यूमेंट जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से की गई है। NHAI का कहना है कि आने वाले समय में इसे देश के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।
FASTag और DigiLocker से होगा ऑटो-वेरिफिकेशन
रिपोर्ट्स के अनुसार, लोकल पास बनाने की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने के लिए राजमार्गयात्रा ऐप को DigiLocker, VAHAN और FASTag जैसी सरकारी डिजिटल सेवाओं से जोड़ा गया है। यूजर की अनुमति मिलने के बाद ऐप वाहन का रजिस्ट्रेशन, पता और FASTag की जानकारी स्वतः सत्यापित कर लेता है। वहीं, GIS (Geographic Information System) तकनीक के जरिए यह भी जांच ली जाती है कि आवेदक का घर संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है या नहीं।
इस पूरी प्रक्रिया में किसी तरह की कागजी कार्रवाई या मैन्युअल वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे पास कुछ ही समय में जारी हो जाता है।
‘मार्गमित्र’ AI देगा तुरंत मदद
NHAI ने राजमार्गयात्रा ऐप में ‘मार्गमित्र’ नाम का AI आधारित डिजिटल असिस्टेंट भी जोड़ा है। यह असिस्टेंट 22 भाषाओं को सपोर्ट करता है और हाईवे यात्रियों की कई तरह की समस्याओं का समाधान करने में मदद करेगा। इसके जरिए यूजर FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड स्टेटस, लोकल पास और अन्य सेवाओं से जुड़े सवालों के तुरंत जवाब प्राप्त कर सकते हैं। इससे यात्रियों को अलग-अलग जगह जानकारी खोजने की बजाय एक ही प्लेटफॉर्म पर जरूरी सहायता मिल जाएगी।
ऐसे बनाएं डिजिटल लोकल पास
लोकल पास बनवाने के लिए सबसे पहले Google Play Store या Apple App Store से RajmargYatra ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद मोबाइल नंबर और OTP के जरिए लॉग इन करें। अब होम स्क्रीन पर Local Pass सेक्शन में जाकर अपनी गाड़ी का नंबर दर्ज करें। ऐप VAHAN पोर्टल से वाहन की जानकारी और सक्रिय FASTag की जांच करेगा। इसके बाद DigiLocker के माध्यम से आधार या अन्य पहचान पत्र से पते का ऑटो-वेरिफिकेशन पूरा होगा।
फिर GIS तकनीक यह पुष्टि करेगी कि आपका घर संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं। पात्रता तय होने के बाद UPI, डेबिट या क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए निर्धारित मासिक शुल्क का भुगतान करना होगा।































