IPL Mega Auction 2022 का काउंटडाउन शुरू, ऑक्शन शुरू होने से पहले जानें अपने हर सवाल का जवाब

vickynedrick@gmail.com | Nedrick News

Published: 11 Feb 2022, 12:00 AM | Updated: 11 Feb 2022, 12:00 AM

IPL 2022 के मेगा ऑक्शन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। बस कुछ ही घंटे बाकी रह गए। इसके बाद IPL के 15वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी। 4 साल के बाद इस बार आईपीएल में मेगा ऑक्शन होने जा रहा है, जिस पर हर किसी की निगाहें टिकी हैं। क्योंकि ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब 8 नहीं 10 टीमें इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनेगी। ऐसे में जाहिर सी बात है कि खिलाड़ियों को खरीदने का गणित कम एक्साइटिंग नहीं होने वाला है।

मेगा ऑक्शन में दो दिनों तक खिलाड़ियों की नीलामी बेंगलुरू में चलेगी। इस दौरान कुल 590 खिलाड़ी पर फ्रेंचाइजी दांव लगाएगी। आइए जानते हैं इस ऑक्शन से जुड़ी सभी बातें…

कब होगा मेगा ऑक्शन? 

दो दिनों तक आईपीएल का मेगा ऑक्शन चलेगा। 12 और 13 फरवरी यानी शनिवार-रविवार को बेंगलुरु के  आईटीसी गार्डेनिया होटल में ऑक्शन चलेगा। इस दौरान फ्रेंचाइजी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को टीम में लेने के लिए  बोली लगाती नजर आएगी। सुबह 11 बजे से आईपीएल मेगा ऑक्शन के लिए नीलामी शुरू होगी। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर मेगा ऑक्शन का लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। 

कुल कितने खिलाड़ियों की लगेगी बोली?

IPL 2022 मेगा ऑक्शन में कुल 590 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी, जिसमें 370 भारतीय और 220 विदेशी खिलाड़ी शामिल रहेंगे।  IPL 2022 ऑक्शन के लिए 1214 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। लिस्ट को फ्रेंचाइजियों के पास भेजा गया, जिसके बाद 590 खिलाड़ियों को फाइनल लिस्ट को नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

कितने खिलाड़ी किए गए रिटेन?

मौजूदा 8 फ्रेंचाइजियों ने 27 खिलाड़ियों को रीटेन किया। वहीं जो दो 2 नई टीम लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस इस साल आईपीएल से जुड़ी हैं, उन्होंने तीन-तीन खिलाड़ियों को नीलामी से पहले ही अपने साथ जोड़ा लिया। 

क्या है नीलामी का बेस प्राइज?

खिलाड़ियों को उनकी बेस प्राइस के आधार पर कई कैटेगरी में बांटा गया। सबसे महंगी कैटेगरी दो करोड़ की है, जिसमें 48 खिलाड़ी हैं। इसमें 17 भारतीय और 31 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बाद डेढ़ करोड़ रुपये के बेस प्राइज और फिर एक करोड़ का बेस प्राइज शामिल है। सबसे कम बेस प्राइज 20 लाख रुपये का है। 

पहले-दूसरे दिन किन खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

आईपीएल मेगा ऑक्शन के पहले दिन यानी शनिवार को केवल पहले 161 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। दूसरे दिन की शुरुआत त्वरित बोली प्रक्रिया के साथ होगी। त्वरित बोली का मकसद नीलामी की प्रक्रिया को तेज करना है। नीलामी के पहले दिन के बाद फ्रेंचाइजी को शेष पूल में उन खिलाड़ियों को नॉमिनेट करने कहा जाएगा, जिनको वो खरीदना चाहते हैं। रविवार को सिर्फ उन खिलाड़ियों पर ही फ्रेंचाइजी दांव लगाएंगी। इस प्रक्रिया को फिर से दोहराया जा सकता है, अगर कोई फ्रेंचाइजी अनसोल्ड खिलाड़ी को खरीदना चाहती है।

कितने खिलाड़ी हो सकते हैं एक टीम में शामिल?

नीलामी के बाद हर टीम में कम से कम 18 खिलाड़ी और ज्यादा से ज्यादा 25 खिलाड़ी होने चाहिए। इसके लिए, उन्हें अपने कुल 90 करोड़ रुपये में से कम से कम 67.5 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। हर टीम में अधिकतम 8 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं।

किस टीम के पर्स में कितने पैसे?

चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) की टीम ने 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। ऐसे में मेगा ऑक्शन में CSK न्यूनतम 14 और अधिकतम 21 खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ सकेगी। मेगा ऑक्शन के लिए सीएसके (CSK) के पास फिलहाल 48 करोड़ की राशि बची हुई है। 

इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने भी 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया। DC भी अधिकतम 21 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकेगी। दिल्ली कैपिटल्स के पास 47.5 करोड़ रुपए बचे हैं।

कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) की बात करें तो KKR मेगा ऑक्शन में 21 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। टीम के पास 48 करोड़ रुपए बचे हैं। पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने 2 खिलाड़ियों को ही रिटेन किया। जिसके चलते पंजाब किंग्स के पास 23 खिलाड़ियों का स्लॉट बचा है, जिन्हें वो मेगा ऑक्शन में खरीद सकती है। टीम के पर्स में 72 करोड़ रुपए हैं। 

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की बात करें तो ये टीम 21 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। मुंबई के पास 48 करोड़ की राशि है। वहीं राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के पास 62 करोड़ रुपए बचे हैं और टीम 22 खिलाड़ियों को खरीद सकेगी। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया। टीम के पास 22 खिलाड़ियों को खरीदने का मौका है। RCB के पास 57 करोड़ रुपए बचे हैं। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद भी 22 खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ सकेगी। टीम के पास 68 करोड़ बचे हैं। 

नई टीम की बात करें तो गुजरात टाइटंस के पास 52 करोड़ बचे हैं। टीम 22 खिलाड़ियों को और खरीद पाएगी। लखनऊ की टीम ने फिलहाल 3 खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। ऐसे में वो 22 खिलाड़ियों को खरीद सकेगी। टीम के पास उसके पास 59 करोड़ रुपए हैं।

vickynedrick@gmail.com

vickynedrick@gmail.com https://nedricknews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds