Health Tips: महंगाई के इस दौर में लोग हर चीज में बचत करने की कोशिश कर रहे हैं, और किचन में भी तेल की बचत आम बात बन गई है। डीप-फ्राइंग के बाद बचे हुए तेल को फेंकने की बजाय दोबारा इस्तेमाल करना कई घरों में आम आदत बन चुका है। हालांकि, यह आदत आपकी सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
एम्स से प्रशिक्षित मशहूर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका सहरावत ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस विषय पर चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि कुकिंग ऑयल को बार-बार गर्म करने से इसमें कई खतरनाक तत्व उत्पन्न हो जाते हैं, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
तेल की रासायनिक संरचना पर असर | Health Tips
डॉ. सहरावत के अनुसार, जब तेल को बार-बार हाई टेंपरेचर पर गर्म किया जाता है, तो इसकी रासायनिक संरचना पूरी तरह टूट जाती है। तेल काला पड़ जाता है, जो इसके जहरीले होने का स्पष्ट संकेत है। इस प्रक्रिया में तेल से कार्सिनोजेनिक यौगिक, टोटल पोलर कंपाउंड्स, पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन और फ्री रेडिकल्स निकलते हैं। ये तत्व शरीर की स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की संभावना बढ़ाते हैं।
स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव
बार-बार गर्म किए गए तेल का सेवन केवल कैंसर तक सीमित खतरा नहीं है। इससे शरीर में ट्रांस फैट्स की मात्रा बढ़ जाती है, खून में बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ता है और धमनियों में प्लाक जमने का खतरा रहता है। इसका परिणाम कार्डियोवैस्कुलर बीमारियों, जैसे हार्ट अटैक और ब्लॉकेज की समस्या, के रूप में सामने आता है।
डॉ. सहरावत ने स्पष्ट किया कि तेल का एक बार डीप-फ्राइंग के लिए इस्तेमाल करना ठीक है, लेकिन इसे बार-बार गर्म करना स्वास्थ्य के लिए घातक है। ऐसा तेल ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस पैदा करता है और डीएनए को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे कैंसर जैसी स्थिति का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
सुरक्षित तरीका क्या है?
बहुत से लोग मानते हैं कि एक बार तलने के बाद तेल सुरक्षित रहता है, लेकिन विज्ञान ऐसा नहीं मानता। तेल जितनी बार स्मोक पॉइंट तक गर्म होगा, उतना ही अधिक डिग्रेड होगा। फास्ट फूड चेन और लोकल दुकानों पर मिलने वाली तली-भुनी चीजें इसी वजह से खतरनाक मानी जाती हैं, क्योंकि वहां एक ही तेल का लगातार इस्तेमाल किया जाता है।
डॉ. सहरावत ने सुझाव दिया कि अगर आप तेल को फेंकना नहीं चाहते और बजट का ध्यान रखना चाहते हैं, तो उसे एक बार डीप-फ्राइंग के बाद अच्छी तरह छानकर स्टोर करें। इस तेल का इस्तेमाल अगले एक या दो दिनों में हल्की कुकिंग, दाल या सब्जी में तड़का लगाने के लिए किया जा सकता है। इसे दोबारा डीप-फ्राइंग के लिए इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
और पढ़ें: Fever Recovery Diet: बुखार में क्या खाएं और क्या नहीं? सही डाइट से तेजी से होगी रिकवरी
