Ghaziabad Triple Suicide News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 4 फरवरी की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यह सामने आया कि एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने आत्महत्या कर ली है। थाना टीला मोड़ इलाके के भारत सिटी में हुई इस घटना ने न सिर्फ पूरे इलाके को, बल्कि समाज को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान देने वाली इन बहनों के मामले में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं।
रात डेढ़ बजे उठीं, पूजा वाले कमरे में गईं (Ghaziabad Triple Suicide News)
डीसीपी निमिष पाटिल के मुताबिक, घटना वाली रात तीनों बहनें अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थीं। रात करीब 1:45 बजे वे पानी पीने की बात कहकर उठीं, लेकिन किचन जाने के बजाय पूजा वाले कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मां ने जब दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूजा घर में रखे एक प्लास्टिक स्टूल की मदद से बच्चियों ने खिड़की तक पहुंच बनाई। सबसे पहले बड़ी बहन ने छलांग लगाई और उसके तुरंत बाद बाकी दोनों बहनों ने भी वही कदम उठा लिया।
गाजियाबाद में जिसे गेमिंग की लत के बाद आत्महत्या बताया जा रहा है, उस मामले में कई नए विवरण सामने आ रहे हैं जो चौंकाने वाले हैं।
एक तो ये कि पुलिस को तीनों मृत बहनों के मोबाइल फोन से ऐसा कोई गेम नहीं मिला, दूसरा ये कि पिता ने अपनी साली से ही दूसरी शादी की थी और कुल पाँच बच्चे थे…
— Anupam K. Singh (@AnupamNawada) February 4, 2026
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गईं सांसें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नीचे ग्राउंड फ्लोर पर तीनों बहनें गंभीर हालत में पड़ी मिलीं। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चियों की पहचान चेतन कुमार की बेटियों निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई।
पूजा घर से मिली डायरी और सुसाइड नोट
पुलिस को पूजा वाले कमरे से एक पॉकेट डायरी, सुसाइड नोट और बच्चियों की मां का मोबाइल फोन मिला है। सुसाइड नोट में लिखा था, “इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, सब पढ़ लेना, सब यहीं है।” इसके साथ रोते चेहरे वाला इमोजी और हाथ से लिखा मैसेज था—“सॉरी पापा, मुझे सच में बहुत अफसोस है।”
पुलिस का अनुमान है कि डायरी में लिखी बातें किसी हालिया बहस या तनावपूर्ण घटना से जुड़ी हो सकती हैं। फिलहाल पूरे परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ
अब इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के बाद ज्यादा खून बहने के कारण तीनों बहनों की मौत हुई। पुलिस ने बताया कि आज बच्चियों का अंतिम संस्कार दिल्ली निगम बोध घाट पर किया जाएगा।
ऑनलाइन गेम टास्क का एंगल भी जांच में
मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। पिता चेतन कुमार का दावा है कि शुरुआती जांच में फॉरेंसिक टीम ने किसी टास्क बेस्ड ऑनलाइन गेम की संभावना जताई है। उनका कहना है कि तीनों बहनें एक ही मोबाइल पर गेम खेलती थीं और उनमें से एक बहन लीडर की भूमिका निभाती थी।
पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। कॉल लॉग, चैट, ऐप हिस्ट्री और ब्राउजिंग डेटा की बारीकी से जांच की जा रही है।
माता-पिता सदमे में, खुद को ठहरा रहे दोषी
इस घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पिता बार-बार यही कहते नजर आ रहे हैं कि काश उन्होंने बेटियों से मोबाइल न छीना होता। उनका मानना है कि ऑनलाइन गेमिंग की लत ने उनकी बेटियों को उनसे छीन लिया। वहीं मां गहरे सदमे में है और खुद को दोषी मानते हुए बार-बार रो पड़ती है।
