अमिताभ के लिए किसी दर्दनाक हादसे से कम नहीं है ऋषि कपूर का यूं दुनिया से रुख्सत हो जाना, काफी गहरा था रिश्ता

vickynedrick@gmail.com | Nedrick News

Published: 30 Apr 2020, 12:00 AM | Updated: 30 Apr 2020, 12:00 AM

बॉलीवुड जगत के लिए अप्रैल महीने के आखिरी दो दिन दुखों का पहाड़ लेकर आए हैं. पहले इरफ़ान खान और अब ऋषि कपूर का इंतकाल देश के लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक शून्य की भावना छोड़ गया है. पिछले दो साल से ऋषि कैंसर के मरीज थे और बीते कुछ दिनों में अचानक उनकी तबियत फिर बिगड़ने लगी थी. ऋषि कपूर की मौत की जानकारी सबसे पहले बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने ट्विटर के जरिये दी. सुबह 9 बजकर 32 मिनट पर उन्होंने लिखा, ‘वह चले गए… ऋषि कपूर… गए… अभी-अभी उनका निधन हुआ. मैं टूट गया हूं.’ ऋषि कपूर के चले जाने का गम अमिताभ को कितना गहरा है इस बात का शायद हम अंदाजा भी नहीं लगा सकते. दोनों ने कई फिल्मों में एक साथ स्क्रीन शेयर किया है.

अमिताभ की आंधी के बीच जमाए ऋषि कपूर ने पैर

1970 यानि 70-80 दशक में अमिताभ बच्चन का गजब का स्टारडम था. अपनी एंग्री यंग मैन की छवि के साथ अमिताभ लोगों के दिलों में छाए हुए थे. यूं तो उन्होंने अपने पिता राज कपूर की मशहूर फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से 1970 में डेब्यू कर लिया था. लेकिन फिल्म ‘बॉबी’ से उन्हें हीरो के तौर पर पहचान मिली. अमिताभ की आंधी के दौरान किसी भी एक्टर के लिए इंडस्ट्री में पैर ज़माना आसान नहीं था, लेकिन ऋषि कपूर ने अपनी जिंदादिली से ये कर दिखाया.

अमिताभ के साथ कई फिल्मों में किया काम

सबसे पहले ऋषि ने अमिताभ की 1976 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कभी-कभी’ में एक छोटा सा किरदार निभाया था. इसके बाद 1977 में मनमोहन देसाई की सुपरहिट फिल्म ‘अमर अकबर एंथोनी’ में इन दोनों दिग्गज कलाकारों ने साथ काम किया था. इसमें ऋषि ने अमिताभ के छोटे भाई अकबर इलाहबादी का किरदार निभाया था. लोगों ने इसे काफी पसंद किया. फिर इसके बाद दोनों की एक से एक फिल्में आई. दोनों ने 1981 में आई फिल्म ‘नसीब’, 1983 में आई फिल्म ‘कुली’ और 1991 में आई फिल्म ‘अजूबा’ में साथ काम किया.

परदे पर दोबारा किया कमबैक

90 के दशक में जब कई यंग कलाकारों ने अपनी लाजवाब एक्टिंग से दर्शकों का मन मोह लिया था. तब भी ऋषि ने अपना चार्म खोने नहीं दिया. 2000 के दशक में उन्होंने ये है जलवा, हम तुम, फना, नमस्ते लंदन, दिल्ली-6, लव आज कल, दो दूनी चार, पटियाला हाउस, अग्निपथ, स्टूडेंट ऑफ द इयर, हाउसफुल 2, जब तक है जान, चश्मे बद्दूर, डी-डे, बेशर्म, शुद्ध देसी रोमांस, कपूर ऐंड संस, पटेल की पंजाबी शादी, मुल्क और राजमा चावल जैसी फिल्में की. हालांकि इन सभी फिल्मों में भले ही वे लीड रोल में न रहे हों, लेकिन उनके अभिनय की जमकर सराहना की गई.

27 साल बाद दोबारा दिखे थे साथ

70-80 के दशक में बॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्में देने के बाद दोनों 27 साल बाद फिर बड़े परदे पर साथ में दिखाई दिए थे. इस फिल्म का नाम था ‘102 नॉट आउट’. इस फिल्म में बिग बी और ऋषि कपूर दोनों ही बूढ़े लोगों के किरदार में थे. इस मूवी में ऋषि ने अमिताभ के बेटे का किरदार निभाया था. हालांकि इस फिल्म को कुछ ज्यादा पसंद नहीं किया गया. लेकिन फिल्म में अमिताभ और ऋषि की जुगलबंदी लोगों को खूब भायी. लेकिन बिग बी को क्या पता था कि ऑनस्क्रीन पिता से पहले उन्हें अपने बेटे को अलविदा कहना होगा. जिस कलाकार के साथ उन्होंने इतनी फिल्में की हो, उनका अचानक यूं दुनिया से रुख्सत हो जाना एक झटके से कम नहीं है. शायद इसलिए ऋषि की मौत पर अमिताभ बोल पाए तो बस इतना, ‘मैं टूट गया हूं’.

vickynedrick@gmail.com

vickynedrick@gmail.com https://nedricknews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds