लॉकडाउन के बाद अब होगा अनलॉक: अगले हफ्ते से किन राज्यों में मिल सकती है छूट और कहां नहीं? यहां जानिए सबकुछ…

vickynedrick@gmail.com | Nedrick News Published: 24 May 2021, 12:00 AM | Updated: 24 May 2021, 12:00 AM

कोरोना की दूसरी लहर से देशभर में मचे हाहाकार के बाद अब कई राज्यों के हालात सामान्य होते नजर आ रहे हैं। दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कोरोना की सेकेंड वेव का कहर थमता हुआ नजर आ रहा था। जिसके बाद अब कई जगहों पर लॉकडाउन को हटाने और अनलॉक करने की तैयारी की जाने लगी है। अगले हफ्ते से कई राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। हालांकि कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां पर लोगों को छूट अभी मिलने की संभावनाएं कम हैं। आइए आपको बताते है कि किन राज्यों में कहां पर अगले हफ्ते से छूट मिलने के आसार है और कहां नहीं?

31 मई से अनलॉक होगी दिल्ली?

सबसे पहले बात करते हैं देश की राजधानी दिल्ली की। दिल्ली में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया गया है। अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक दिल्ली में लॉकडाउन लागू रहेगा। पांचवीं बार राजधानी में लॉकडाउन बढ़ाया गया। हालांकि इस बार पूरी संभावना है कि ये आखिरी लॉकडाउन होगा। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने यही कहा कि अगर दिल्ली में केस की रफ्तार कम होती रही, तो 31 मई से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होगी। 

दिल्ली में ऐसा होता हुआ भी दिख रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंच गया था, जो अब 2.5% पर आ गया है। दिल्ली में लॉकडाउन का असर दिख रहा है और यहां केस लगातार घटते हुए नजर आ रहे हैं। बीते दिन भी राजधानी से कोरोना के 1649 नए केस सामने आए, जो 30 मार्च के बाद एक दिन में आए सबसे कम केस थे। ऐसे में संभावना है कि अगले हफ्ते से दिल्ली अनलॉक की ओर बढ़ जाएगा। 

महाराष्ट्र में केस हो रहे लगातार कम

महाराष्ट्र में कोरोना की सेकेंड वेव पर काबू पाने के लिए ‘ब्रेक द चेन’ अभियान चलाया गया, जिसका फायदा होता भी दिख रहा है। महाराष्ट्र कोरोना की सेकेंड वेव से सबसे ज्यादा प्रभावित था। यहां एक दिन में आने वाले केस की संख्या 70 हजार के करीब तक पहुंच गई थी। हालांकि अब इसमें भी लगातार कमी देखने को मिल रही है। 

ऐसे में क्या महाराष्ट्र में एक जून से राहत मिलेगी, ये एक बड़ा सवाल बना हुआ है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने आने वाले दिनों में कुछ ढील देने के संकेत दिए है। राजेश टोपे के मुताबिक अगर राज्य की संक्रमण दर 10 फीसदी के नीचे रहता है तो चरणबद्ध तरीके से ढील दी जा सकती है। बता दें कि महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 26,672 मामले सामने आए है।

यूपी में घट रहे मामले, लेकिन गांव बढ़ा रहे टेंशन

अब बात कर लेते हैं यूपी की। यूपी में लॉकडाउन की अवधि 31 मई तक बढ़ाई गई है। उत्तर प्रदेश में लगे लॉकडाउन की वजह से शहरी क्षेत्रों में काफी असर पड़ा। यहां केस भी कम हो रहे हैं और साथ में रिकवरी रेट भी बढ़ रहा है। लेकिन असली टेंशन है गांव। अब कोरोना अपने पैर गांवों में भी पसारने लगा है, जिसकी वजह से परेशानियां बढ़ गई। सरकार गांव में संक्रमण रोकने के लिए काम कर रही है। हालांकि आने वाले हफ्ते में जिन जिलों में कोरोना के केस कम हैं, वहां छूट दिए जाने की संभावना है। 

1 जून से अनलॉक होगा मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश भी लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्यों के 5 जिलों में कुछ छूट भी दी गई। जहां संक्रमण की दर कम  होगी, वहां एक जून से छूट मिलेगी। इसके लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान भी साफ कर चुके है कि एक जून से एमपी को अनलॉक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अनंतकाल तक बंद नहीं रख सकते। हमें 1 जून से धीरे-धीरे अनलॉक करना है। एमपी में चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन हटाया जाएगा। एक जून से सरकारी दफ्तर में 25 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। 

5 जून तक बढ़ सकता है बिहार में लॉकडाउन

बिहार पर लॉकडाउन बढ़ाने पर फैसला आज आने की संभावना है। राज्य में कोरोना के मामलों में भले ही कमी आई हो, लेकिन लॉकडाउन 5 जून तक बढ़ने के आसार है। इसको लेकर आज आपदा प्रबंधन समूह की बैठक होगी, जिसमें लॉकडाउन को लेकर फैसला किया जाएगा। वैसे सीएम नीतीश कुमार पहले ही लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दे चुके हैं। बता दें कि बिहार में केस 5 हजार से कम हो गए है।

इन राज्यों में छूट मिलने के आसार नहीं

केरल, तमिलनाडु में लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा दिया गया है और यहां अगले हफ्ते से छूट मिलने की संभावना भी कम है, क्योंकि यहां अभी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते नजर आ रहे हैं। तमिलनाडु में लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए बढ़ाया गया है। वहीं बात अगर केरल की करें तो यहां 30 मई तक लॉकडाउन लागू है। केरल में फिलहाल कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 23.18 है, जबकि लॉकडाउन में छूट के लिए अनुमानित 5% चाहिए होता है, यानि ये चार गुना ज्यादा है। ऐसे में इन राज्यों में फिलहाल छूट दिए जाने के आसार कम ही है। 

कर्नाटक में 7 जून तक लॉकडाउन

7 जून सुबह 6 बजे तक कर्नाटक में लॉकडाउन लागू रहेगा। राज्य में तेजी से बढ़ रहे मामलों के चलते पहले ही येदियुरप्पा सरकार ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी। कर्नाटक में कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में फिलहाल 5 लाख के करीब एक्टिव केस हैं। ऐसे में कर्नाटक में भी अभी छूट मिलती नहीं दिख रही। 

8 जून तक राजस्थान भी लॉक

जून तक लगाए गए लॉकडाउन का नाम त्रिस्तरीय जन अनुशासन लॉकडाउन रखा गया है। जिसके मुताबिक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाजार शुक्रवार 28 मई दोपहर 12 बजे से मंगलवार 1 जून सुबह 5 बजे तक और शुक्रवार 4 जून  दोपहर 12 बजे से मंगलवार 8 जून 5 बजे तक बंद रहेंगे। बता दें कि राज्य में बीते दिन कोरोना के 6521 नए केस सामने आए है। 

vickynedrick@gmail.com

vickynedrick@gmail.com https://nedricknews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds