Honey Singh Concert: दिल्ली की जनता को आवाजाही में कोई समस्या न हो और उन्हें भारी जाम से न जूझना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। अगर आप आज सड़कों पर निकलने वाले हैं, तो यह जानकारी आपके सफर को आसान बना देगी। फेमस रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) आज, 14 मार्च को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में लाइव परफॉर्म करने जा रहे हैं। शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक चलने वाले इस कॉन्सर्ट में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, जिसके चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव रहेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ये ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किए हैं।
कॉन्सर्ट के दौरान स्टेडियम के आसपास मिलेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट के दौरान स्टेडियम के आसपास की कई सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रह सकता है। खास तौर पर आई.पी. मार्ग (IP Marg) और विकास मार्ग (Vikas Marg) पर वाहनों का भारी दबाव रहने की संभावना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राजघाट से आई.पी. मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी वाहनों (Heavy Vehicles) की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 14 मार्च को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक इन प्रभावित रास्तों का इस्तेमाल करने से बचें। कॉन्सर्ट में आने वाली भारी भीड़ के कारण जाम लगने की प्रबल संभावना है। पुलिस ने सलाह दी है कि समय बचाने के लिए लोग दिल्ली मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें और वैकल्पिक मार्गों का चुनाव करें।
स्टेडियम में एंट्री के लिए अलग-अलग गेट तय
स्टेडियम में प्रवेश को सुचारू बनाने के लिए अलग-अलग गेट और रास्ते तय किए गए हैं। गेट नंबर 7 और 8 वेलोड्रोम रोड (Velodrome Road) पर स्थित हैं, जहां केवल इसी मार्ग से एंट्री मिलेगी। वहीं, गेट नंबर 16, 17, 21 और 22 रिंग रोड की तरफ हैं। इन गेटों तक पहुंचने के लिए दर्शकों को MGM Road (I.P. Marg) के रास्ते आना होगा। पुलिस ने सलाह दी है कि दर्शक अपने टिकट पर लिखे गेट नंबर को पहले ही चेक कर लें ताकि सही रास्ते का चुनाव कर सकें।
पार्किंग को लेकर भी खास नियम
पुलिस ने बताया है कि स्टेडियम के आसपास पार्किंग सीमित रहेगी। केवल उन्हीं गाड़ियों को पार्किंग में जगह मिलेगी जिन पर वैध पार्किंग लेबल लगा होगा। गाड़ी की विंडस्क्रीन पर पार्किंग लेबल साफ दिखाई देना चाहिए और उस पर वाहन नंबर लिखा होना जरूरी है।
इसके अलावा Ring Road के दोनों तरफ, Rajghat से आईपी फ्लाईओवर तक सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने की अनुमति नहीं होगी। अगर किसी ने सड़क पर वाहन पार्क किया तो उसे क्रेन से हटाया जाएगा और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और एडवाइजरी के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
