Diwali fire accidents India: दिवाली के त्योहारी उल्लास के बीच देश के अलग-अलग राज्यों से आगजनी की कई बड़ी और दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। असम के डिब्रूगढ़ में ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) के प्लांट में भड़की आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसमें एक और घायल की जान जाने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर चार हो गया है। वहीं राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से भी दुकानों, गोदामों, फैक्ट्रियों और रिहायशी ठिकानों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। उधर, लगातार बढ़ते हादसों के खतरे को देखते हुए गुजरात के सूरत में सभी 27 फायर स्टेशनों पर हाई अलर्ट जारी कर कर्मचारियों की छुट्टियां तक रद्द कर दी गई हैं।
असम: OIL प्लांट में मृतकों की संख्या 4 पहुंची, चार कर्मचारी सस्पेंड| Diwali fire accidents India
असम के डिब्रूगढ़ जिले में ऑयल इंडिया के प्लांट में शुक्रवार को लगी भीषण आग के बाद रविवार को एक और गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या 4 हो गई है, जबकि तीन अन्य घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पीड़ित मुंबई की फर्म स्पेक्ट्रॉन इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के कर्मी थे, जिसे प्लांट में काम सौंपा गया था। लापरवाही बरतने पर प्रबंधन ने घटनास्थल के जिम्मेदार चारों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। सांसद सर्वानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री कार्यालय ने कंपनी के सीएमडी रंजीत रथ से संपर्क साधकर घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जयपुर में बाड़े में लगी आग, 8 मवेशी जिंदा जले
राजस्थान की राजधानी जयपुर के रेनवाल इलाके में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। वार्ड नंबर 33 में पार्षद बोदूराम कुमावत के बाड़े में बने छप्परपोश में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे बाड़े को घेर लिया, जिससे वहां बंधे 8 मवेशियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। छप्पर में रखा भारी मात्रा में चारा भी जलकर राख हो गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक चोट पहुंची है।
दिल्ली-एनसीआर में फैक्ट्रियां धधकीं, पटना और कोलकाता में भी हड़कंप
दिल्ली-एनसीआर में भी दमकल विभाग को भारी मशक्कत करनी पड़ी। गाजियाबाद के विजय नगर इंडस्ट्रियल एरिया में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए 6 दमकल गाड़ियां पहुंचीं। वहीं, बाहरी दिल्ली के नजफगढ़ रोड स्थित नांगली सकरावती की एक बहुमंजिला इमारत में शाम 4:22 बजे ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग चौथी मंजिल तक फैल गई। इस इमारत में गारमेंट फैक्ट्री चल रही थी और आग बुझाने के लिए 25 फायर टेंडर तैनात करने पड़े।
बिहार के पटना में कंकड़बाग स्थित ग्रेविटी मॉल के पास एक कंप्यूटर शॉप और पैजावा में ‘राधे कृष्ण स्टील’ गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। उधर कोलकाता के बेलेघाटा में रात सवा आठ बजे एक इमारत में आग लगी, जिसे 4 गाड़ियों ने समय रहते नियंत्रित किया। इससे पहले गरफा क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर लीकेज से रसोई में आग भड़क उठी थी।
सूरत में 27 स्टेशनों पर हाई अलर्ट, छुट्टियां रद्द
त्योहार के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए सूरत नगर निगम ने कड़े कदम उठाए हैं। शहर के सभी 27 फायर स्टेशनों पर दो-दो अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं और अगले चार दिनों के लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दमकल विभाग ने साफ किया है कि पटाखों और भीड़भाड़ के चलते होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी गाड़ियां और जवान 24 घंटे स्टैंडबाय मोड पर रहेंगे।













































