हाथ में ही फट गया पटाखा और सीने में जा लगा रॉकेट… दिवाली की रात 10 साल के मासूम की दर्दनाक मौत| Delhi Narela Diwali accident

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Delhi Narela Diwali accident: राजधानी दिल्ली में रोशनी और उल्लास का त्योहार दिवाली एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम दे गया। बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक पूजा-अर्चना और खुशियों का माहौल था, वहां अब केवल मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर समय पर इलाज न देने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा।

और पढ़ें: आपदा पीड़ितों के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला: मौत पर मदद 4 से बढ़कर 8 लाख हुई| UP disaster relief compensation

कैसे हुआ हादसा? Delhi Narela Diwali accident

यह दिल दहला देने वाला वाकया नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में रविवार रात करीब 9:45 बजे पेश आया। परिवार के लोग घर पर पूजा-पाठ निपटाने के बाद बाहर आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान मासूम भी उत्साह में पटाखे जलाने लगा। परिजनों का कहना है कि बच्चा रॉकेट चला रहा था, तभी अचानक उसकी दिशा बदल गई और वह सीधे उसके पेट में जा लगा। वहीं, शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई कि बच्चा हाथ में अनार जला रहा था, जो अचानक फट गया और सीधा उसके सीने पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

हादसे के तुरंत बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को लहूलुहान हालत में नजदीकी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे। रात करीब 10:50 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा, पिता की तबीयत बिगड़ी

बच्चे के दम तोड़ने की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते सही इलाज मिल जाता तो बच्चे की जान बच सकती थी। हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। मासूम की मौत का सदमा उसके पिता बर्दाश्त नहीं कर सके और उनकी तबीयत भी अचानक काफी बिगड़ गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश जारी है।

दिल्ली एम्स में पहुंचे झुलसने के 42 मामले

पटाखों की वजह से हुए हादसों की भयावह तस्वीर दिल्ली एम्स के आंकड़ों में भी साफ दिखाई दी। एम्स के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव एंड बर्न्स सर्जरी विभाग के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह 11 बजे तक दिवाली से जुड़ी आग और चोट के कुल 42 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से 37 लोग पटाखों से झुलसे थे, जबकि 2 मामले पोटाश से जलने के थे।

गंभीर रूप से झुलसे 11 मरीजों में से 4 को आईसीयू और 7 को बर्न वार्ड में भर्ती करना पड़ा। वहीं, 31 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों को 5 गंभीर मरीजों की सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल 8 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

और पढ़ें: सवर्ण समाज के गुस्से के आगे झुकी सरकार! UGC के नए नियमों पर रोक के बाद अब समीक्षा कमेटी गठित करने की तैयारी| UGC equity rules 2026

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds