Madhya Pradesh: जहां एक तरफ हमारा देश हमें दूसरों की भावनाओं और उनके मजहब का सम्मान करना सिखाता है, वहीं दूसरी ओर क्यों इतनी सांप्रदायिक हिंसा की खबरें देखने को मिलती हैं? हम अपने धर्म का सम्मान करते हुए यह क्यों भूल जाते हैं कि हमारा एक कदम दूसरे की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है।
इसी संवेदनशीलता की कमी का ताजा उदाहरण है मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा इलाके में गुरुवार रात देखने को मिला, जहां एक मंदिर में आरती के दौरान विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इलाके में अभी भी सतर्कता बरती जा रही है।
जानें क्या है पूरा मामला?
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि सिहोरा के वार्ड नंबर-5 आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर में आरती चल रही थी। इसी दौरान एक युवक ने मंदिर परिसर में तोड़फोड़ कर दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। कुछ ही देर में दर्जनों की संख्या में लोग लाठी-डंडे और पत्थर लेकर सड़कों पर उतर आए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्या है विवाद की वजह
स्थानीय स्तर मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि मंदिर में आरती के दौरान बज रहे लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और बाद में विवाद बढ़ गया। आजाद चौक क्षेत्र में मंदिर और मस्जिद आमने-सामने होने के कारण यहां पहले भी तनाव की स्थिति बनती रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सिहोरा, खितौली और गोसलपुर थानों की टीमों के साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा उपद्रवियों की पहचान की है और 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। उपद्रवियों के वाहनों को भी जब्त किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन की लोगों से अपील
एसएसपी संपत उपाध्याय द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट तक दोनों पक्षों में झड़प हुई और उसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की गई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आजाद चौक क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विधायक संतोष ने विवाद को लेकर कही ये बात
सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों से बात की गई है और फिलहाल स्थिति सामान्य है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। मंदिर में आरती के दौरान शुरू हुआ छोटा विवाद कुछ ही देर में बड़ा बन गया और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात नियंत्रण में हैं और जांच जारी है।






























