UP news: साइड नहीं दी तो चली गोली! बस्ती फोरलेन पर चलती बस रोककर ड्राइवर पर फायर

Nandani | Nedrick News

Published: 05 Feb 2026, 02:32 PM | Updated: 05 Feb 2026, 02:52 PM

UP news: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में बुधवार दोपहर एक मामूली ओवरटेक का विवाद उस वक्त खौफनाक रूप ले बैठा, जब एक सिरफिरे बाइक सवार ने चलती बस को जबरन रुकवाकर चालक पर फायरिंग कर दी। यह सनसनीखेज वारदात जिले के मुख्य बस्ती अयोध्या फोरलेन पर छावनी थाना क्षेत्र में अवधेश सिंह ढाबा के पास हुई। गनीमत रही कि गोली बस चालक को छूते हुए निकल गई और वह बाल-बाल बच गया।

और पढ़ें: Ghaziabad Triple Suicide News: नौवीं मंजिल से गिरने से पहले क्या था आखिरी टास्क? गाजियाबाद केस में चौंकाने वाले एंगल

चलती गाड़ियों में शुरू हुई कहासुनी (UP news)

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे खोरिया, लालगंज क्षेत्र से एक बस छावनी होते हुए अयोध्या की ओर जा रही थी। बस में सवार यात्री अयोध्या में एक अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर एक बाइक सवार बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। साइड न मिलने या कट मारने को लेकर दोनों के बीच चलती गाड़ियों में ही बहस शुरू हो गई।

बस आगे अड़ाकर रोकी, फिर निकाला तमंचा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में आए बाइक सवार ने अपनी बाइक बस के आगे खड़ी कर उसे जबरन रुकवा लिया। बस रुकते ही आरोपी गाली-गलौज करने लगा। जब बस चालक ने विरोध किया, तो बाइक सवार ने कमर से तमंचा निकाला, उसे लोड किया और चालक को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लाइव वीडियो आया सामने, सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरी घटना का लाइव वीडियो बस में सवार एक यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक फिल्मी अंदाज में असलहा निकालता है, लोड करता है और बस की ओर फायर झोंक देता है। फायरिंग के तुरंत बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

दहशत में यात्री, फोरलेन पर लगा जाम

दिनदहाड़े फोरलेन पर हुई फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया है। यात्रियों ने बताया कि फायरिंग जान से मारने की नीयत से की गई थी, लेकिन किस्मत से कोई हताहत नहीं हुआ।

सीसीटीवी से पहचान, आरोपी की तलाश तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर बाइक का नंबर और आरोपी का हुलिया पहचान लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छावनी क्षेत्र का ही रहने वाला युवक है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का सख्त संदेश

बस्ती के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं एडिशनल एसपी श्यामाकांत ने बताया कि बस और दो बाइक सवारों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बाइक सवारों ने बस पर फायरिंग की। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

और पढ़ें: Connaught Place murder case: मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह, कनॉट प्लेस में हेलमेट से पीट-पीटकर हुई कारोबारी की हत्या

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds