Maithili Thakur Bihar flood: बिहार में इन दिनों कुदरत का कहर जारी है। नेपाल की तराई और सीमावर्ती इलाकों में लगातार हुई तेज बारिश के बाद उत्तर बिहार के कई जिलों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। राज्य के करीब 48 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। लोग अपने आशियाने छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण लेने को मजबूर हैं। ऐसे गंभीर संकट के दौर में दरभंगा जिले के अलीनगर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक और मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर का विदेश दौरा विवादों के घेरे में आ गया है।
जब राज्य की एक बड़ी आबादी बाढ़ के पानी में घिरी हुई थी और त्राहिमाम कर रही थी, उस दौरान मैथिली ठाकुर लंदन के दौरे पर थीं। लंदन से उनकी सेल्फी और तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही थीं, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा भड़क गया। आम जनता और इंटरनेट यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि जब उनके अपने क्षेत्र और राज्य के लोग संकट में हैं, तब उनकी जन प्रतिनिधि विदेश की सैर कर रही हैं।
पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों से बनाई दूरी| Maithili Thakur Bihar flood
लंदन दौरे से जब मैथिली ठाकुर बिहार लौटीं, तो पटना एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया। पत्रकारों ने उनसे राज्य में आई बाढ़, लोगों की दुश्वारियों और उनके इस दौरे को लेकर सवाल करने चाहे। रिपोर्टर्स माइक थामे उनके पीछे-पीछे उनकी गाड़ी तक गए, लेकिन विधायक ने किसी भी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया।
उनके हाव-भाव से यह साफ झलक रहा था कि मीडिया के तीखे सवाल उन्हें असहज कर रहे थे। उन्होंने पीछे मुड़कर देखना भी मुनासिब नहीं समझा और तेज कदमों से चलते हुए सीधे अपनी कार में बैठीं और वहां से रवाना हो गईं। मीडियाकर्मी उनसे जमुई, समस्तीपुर और बांका में सामने आईं महिलाओं से छेड़खानी की घटनाओं को लेकर भी प्रतिक्रिया लेना चाहते थे, लेकिन उन्होंने इस पर भी पूरी तरह चुप्पी साधे रखी।
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
मैथिली ठाकुर की इस बेरुखी और विदेश दौरे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। यूजर्स जमकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि जब व्यक्ति राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आता है, तो उसकी पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र की जनता के प्रति होती है, न कि निजी कार्यक्रमों और छुट्टियों के प्रति।
इंटरनेट पर कुछ यूजर्स ने तंज कसते हुए लिखा कि जब लोग राहत की उम्मीद लगाए बैठे थे, तब माननीया लंदन में छुट्टियां बिता रही थीं और लौटने के बाद उनके पास जनता के लिए एक शब्द तक नहीं है। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि अगर नेता केवल अपने ग्लैमर और निजी काम में व्यस्त रहेंगे, तो संकट के समय जनता की सुध कौन लेगा?
रोल्स रॉयस विवाद के बाद फिर घिरीं
यह पहला मौका नहीं है जब मैथिली ठाकुर को लेकर सवाल खड़े हुए हों। अभी हाल ही में गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में गणपति दर्शन के लिए पहुंचीं मैथिली ठाकुर की एक रोल्स रॉयस कार में सवारी करते हुए तस्वीरें वायरल हुई थीं। उस समय भी उनकी संपत्ति और चुनावी हलफनामे में दिए गए ब्योरे को लेकर काफी विवाद हुआ था और लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था।
अब बाढ़ जैसी गंभीर विभीषिका के बीच उनका यह लंदन दौरा और मीडिया के सवालों से बचकर निकल जाना एक बार फिर उनके लिए सियासी मुश्किलें खड़ी कर रहा है।














































