UP News: होली, महाशिवरात्रि, रमजान, नवरात्र और बोर्ड परीक्षाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि किसी भी हालत में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दरअसल बीते, बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में सीएम योगी (CM Yogi) ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में सभी मंडलों, पुलिस जोन, रेंज और जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 से 4 मार्च तक होली का त्योहार मनाया जाएगा और खासकर ब्रज में काफी भीड़ रहेगी, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।
रंग में भंग डालने वालों पर सख्ती
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सीएम योगी ने साफ निर्देश दिए कि शोभायात्राओं में किसी भी उपद्रवी तत्व की घुसपैठ न हो। जो लोग माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करें, उनके खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पिछले सालों की घटनाओं से सीख लेते हुए सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि होलिका दहन सिर्फ पारंपरिक स्थानों पर ही हो और सड़क के बीच कहीं भी न किया जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर भी लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा पर जोर
महाशिवरात्रि को लेकर भी मुख्यमंत्री ने खास तैयारी के निर्देश दिए। 14 और 15 फरवरी को प्रमुख शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में सुगम दर्शन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, महिला सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें 24 घंटे तैयार रहें। मंदिर परिसरों में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को भी कहा गया है। साथ ही कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: UP Budget 2026: 9.12 लाख करोड़ का अब तक का सबसे बड़ा बजट, योगी सरकार ने विकास और रोजगार पर रखा जोर
बोर्ड परीक्षाएं हों नकलविहीन
बता दें कि मुख्यमंत्री ने 18 फरवरी से शुरू हो रही 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन हों और जो भी परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करे, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। सीएम योगी ने रात्रि 10 बजे के बाद डीजे और तेज ध्वनि वाले उपकरणों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और धर्मस्थलों के आसपास भिक्षावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने को भी कहा।
रमजान और ईद पर भी विशेष ध्यान
रमजान और संभावित 21 मार्च को ईद के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने धर्मगुरुओं से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न होने दी जाए और सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों। इसके अलावा 19 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्र और उसके बाद रामनवमी को लेकर भी समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनगणना के पहले चरण के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। कुल मिलाकर प्रदेश में लगातार आने वाले त्योहारों और परीक्षाओं को देखते हुए सरकार पूरी तरह सतर्क है और साफ संदेश दिया गया है कि माहौल बिगाड़ने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।




























