Anurag Dobhal Last Video Viral: मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ से चर्चा में आए अनुराग डोभाल इन दिनों सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक लंबा और भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेहद टूटे हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में अनुराग ने अपनी निजी जिंदगी के संघर्ष, परिवार के साथ चल रहे विवाद और मानसिक तनाव के बारे में खुलकर बात की है। वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस भी काफी चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
2 घंटे के वीडियो में बयां किया दर्द | Anurag Dobhal Last Video Viral
अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर “UK07 राइडर” के नाम से जाना जाता है, ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे लंबा व्लॉग शेयर किया है। वीडियो की शुरुआत में ही उन्होंने कहा कि वह अब यूट्यूब छोड़ रहे हैं और यह उनका आखिरी व्लॉग हो सकता है।
वीडियो में वह कई बार रोते हुए दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है और हालात ऐसे हो गए हैं जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अनुराग ने कहा कि जिंदगी ने उन्हें इस तरह झकझोर दिया है कि अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करें।
बचपन से ही मुश्किलों का सामना
वीडियो में अनुराग ने अपने पुराने संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह केवल 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर हो गया था। उस समय भी उन्हें काफी मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा। इसके अलावा पढ़ाई को लेकर परिवार का दबाव भी उन्होंने झेला। अनुराग के मुताबिक, अपने सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने ट्यूशन पढ़ाने का काम भी किया ताकि घर की आर्थिक जिम्मेदारियों में मदद कर सकें। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने माता-पिता की जरूरतों को खुद से ऊपर रखा, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिला।
इंटरकास्ट मैरिज बना विवाद की वजह
अनुराग ने वीडियो में बताया कि उन्होंने रितिका नाम की लड़की से इंटरकास्ट मैरिज की है। यही शादी उनके और उनके परिवार के बीच विवाद की सबसे बड़ी वजह बन गई। उनके मुताबिक, उनके माता-पिता इस रिश्ते से खुश नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि शादी से सिर्फ छह दिन पहले ही उनके माता-पिता ने समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया और सारी जिम्मेदारी उन पर ही छोड़ दी।
अनुराग ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के दबाव में उन्हें रिश्तेदारों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें इस हद तक मानसिक रूप से परेशान किया कि उन्होंने साफ कह दिया कि “न हम खुद खुश रहेंगे और न तुम्हें खुश रहने देंगे।” इतना ही नहीं, अनुराग का यह भी कहना है कि उनकी पत्नी रितिका को परिवार ने घर में आने तक की इजाजत नहीं दी।
मानसिक तनाव और डिप्रेशन की बात
वीडियो में अनुराग ने अपने मानसिक हालात के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ समय से बेहद डिप्रेशन में हैं और मानसिक तौर पर पूरी तरह टूट चुके हैं।
भावुक होकर उन्होंने कहा कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है तो इसके लिए उनके माता-पिता और भाई-बहन जिम्मेदार होंगे। अनुराग ने यह भी बताया कि वह पिछले पांच दिनों से ठीक से कुछ खा नहीं पाए हैं और लगातार तनाव में हैं।
आत्महत्या की कोशिश का भी किया दावा
वीडियो के दौरान अनुराग ने यह भी दावा किया कि भारी मानसिक दबाव के कारण उन्होंने एक बार आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें अब समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करना चाहिए और वह बस शांति चाहते हैं। वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि इस व्लॉग के बाद वह शायद कुछ समय के लिए गायब हो जाएं।
वीडियो वायरल, फैंस में चिंता
अनुराग डोभाल का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लाखों लोग इस वीडियो को देख चुके हैं और कमेंट्स में उनके फैंस उनकी चिंता जाहिर कर रहे हैं। कई लोग उन्हें मजबूत बने रहने और जिंदगी में आगे बढ़ने की सलाह भी दे रहे हैं।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है और उनके चाहने वाले उम्मीद कर रहे हैं कि अनुराग जल्द ही इस मुश्किल दौर से बाहर निकलेंगे।
और पढ़ें: Vijay- Rashmika Marriage: रश्मिका को गोद में लेकर झूमे विजय, रोमांटिक डांस ने सास को भी किया इमोशनल
