Air India and Indigo Flights cancelled: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हालिया हमलों के बाद वेस्ट एशिया (पश्चिम एशिया) युद्ध के मुहाने पर खड़ा है। सुरक्षा कारणों से कई देशों द्वारा अपना एअर स्पेस (हवाई क्षेत्र) बंद किए जाने के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। एअर लाइंस या तो अपनी उड़ानें रद्द कर रही हैं या फिर लंबे और वैकल्पिक रास्तों का सहारा ले रही हैं, जिसका सीधा असर यात्रियों और वैश्विक कनेक्टिविटी पर पड़ रहा है।
एअर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताओं के बावजूद, वह नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के लिए उपलब्ध वैकल्पिक हवाई मार्गों का उपयोग कर रही है। हालांकि रूट बदलने के कारण सोमवार को यूरोप की 6 महत्वपूर्ण उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। एयर लाइन ने यह भी पुष्टि की कि खाड़ी देशों संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए सभी सेवाएं आज (2 मार्च) रात 11:59 बजे तक पूरी तरह निलंबित रहेंगी। इससे पहले रविवार को भी एयर लाइन ने सुरक्षा कारणों से लगभग 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं।
आज कौन-कौन सी उड़ानें रद्द?
एअर इंडिया ने जानकारी दी है कि अमृतसर-बर्मिंघम (AI 117) और बर्मिंघम-दिल्ली (AI 114) की उड़ानें सोमवार को नहीं चलेंगी। इसके अलावा दिल्ली-ज्यूरिख (AI 151 और AI 152), दिल्ली-कोपेनहेगन (AI 157 और AI 158) ये सभी फ्लाइट्स भी सोमवार को रद्द रहेंगी।
यात्रियों के लिए क्या व्यवस्था?
एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर जानकारी भेजी जा रही है। एअर लाइन ने री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा की सुविधा भी दी है। यात्रियों से कहा गया है कि वे फ्लाइट की ताजा जानकारी के लिए एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट देखें या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें।
इंडिगो भी कर रही निगरानी
इंडिगो ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया है कि मिडिल ईस्ट और आसपास के इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एअर लाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है और हर फैसला सोच-समझकर लिया जा रहा है। कुल मिलाकर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर साफ दिखाई दे रहा है। कई उड़ानें रद्द हो रही हैं और कई का रूट बदला जा रहा है। ऐसे में अगर आप विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।
