वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके से लेकर लोनी के सनसनीखेज मामला तक | Top 5 Ghaziabad News

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की तमाम बड़ी खबरों में हम बात करेंगे सुरक्षा, सियासत, जनता की परेशानी और एनसीआर की आबोहवा से जुड़ी पांच बड़ी खबरों की। जिसमे पहली खबर गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में तेज धमाका, संदिग्ध संगठन TMH ने ली जिम्मेदारी; UP ATS और IB प्रोपेगैंडा समेत सभी पहलुओं से कर रही जांच।

दूसरी खबर त्योहार के कारण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम, डासना और लाल कुआं पर वाहनों के भारी दबाव से मिनटों का सफर घंटों में बदला। तीसरी खबर लोनी की कॉलोनियों में सीवर का काम अधूरा रहने से सड़कों पर घुटनों तक जलभराव, बदहाली से नाराज लोग बोले- जी रहे नरक जैसा जीवन।

चौथी खबर लोनी में डांट से नाराज 15 साल के बेटे ने सोते समय की पिता की हत्या, धारदार हथियार से किया हमला, आरोपी किशोर हिरासत में। और पांचवीं खबर दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के कारण ग्रैप-3 लागू, 5वीं तक के स्कूल हाइब्रिड मोड पर चलेंगे और BS-3 पेट्रोल व BS-4 डीजल गाड़ियों पर प्रतिबंध। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते है।

और पढ़ें: कहीं लापरवाह अफसरों पर गाज तो कहीं ब्लैकमेलिंग का खेल | Top 5 Ghaziabad News

वसुंधरा पुलिस चौकी में तेज धमाका

गाजियाबाद की पहली खबर वसुंधरा पुलिस चौकी से है, जहां हुए धमाके की जिम्मेदारी ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ (TMH) नाम के एक संदिग्ध संगठन ने ली है। शुक्रवार (6 नवंबर 2026) की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर एक तेज धमाका हुआ। इस घटना में चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और वहां मौजूद एक 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय (विशाल) मामूली रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

संदिग्ध संगठन का दावा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘गाजी 2’ नाम के हैंडल से ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ (TMH) नामक संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। वीडियो में एक नकाबपोश शख्स सरकारी नीतियों के खिलाफ पुलिस को निशाना बनाने की बात कह रहा है। हालांकि, यह अकाउंट अब डिलीट कर दिया गया है। उच्च पदस्थ सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, काउंटर-टेररिज्म डेटाबेस में TMH नाम का कोई स्थापित संगठन नहीं है। इंटेलिजेंस अधिकारियों का अनुमान है कि यह पाकिस्तान की ISI और गैंगस्टर शहजाद भट्टी का एक डिजिटल प्रोपेगैंडा या ‘साइकोलॉजिकल ऑपरेशन’ (Psy-Op) हो सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए UP ATS, IB, फॉरेंसिक और बम निरोधक टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। हालांकि, चौकी और एलिवेटेड रोड के आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे बंद होने के कारण संदिग्धों की पहचान करने में मुश्किल आ रही है। पुलिस अभी किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचने से बच रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, चौकी में अवैध रूप से जब्त पटाखे रखे हुए थे, इसलिए धमाके के पीछे पटाखों या गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।

त्योहार के कारण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की दूसरी खबर त्योहार के कारण हो भारी जाम को लेकर है, बता दें कि दीपावली के त्योहार पर घर लौटने वालों की भारी भीड़ के कारण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया है। एक्सप्रेसवे के डासना एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर वाहनों का दबाव अचानक अत्यधिक बढ़ने से गाड़ियों की रफ्तार थम गई है और कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं। त्योहार की वजह से दिल्ली-एनसीआर से मेरठ, मुरादाबाद और उत्तराखंड की तरफ जाने वाले मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाली मुख्य लेन के साथ-साथ डासना एंट्री-एग्जिट, डासना फ्लाईओवर और लाल कुआं कट पर बंपर-टू-बंपर ट्रैफिक की स्थिति बनी हुई है। त्योहार की खरीदारी और गृह-नगर लौटने वाले लोग इस मार्ग पर फंसे हुए हैं, जिससे मिनटों का सफर तय करने में यात्रियों को कई घंटे लग रहे हैं। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर आईपी एक्सटेंशन (गाजीपुर बॉर्डर के पास) भी गाड़ियों की भारी संख्या के कारण वाहनों की आवाजाही बेहद धीमी हो गई है।

यात्रियों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी

यातायात पुलिस ने त्योहार के मद्देनजर भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। हालांकि, निजी वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण एक्सप्रेसवे ओवरलोड हो चुका है।

पुलिस ने अपील की है कि बहुत जरूरी न होने पर एक्सप्रेसवे के इन हिस्सों पर सफर करने से बचें। जाम से बचने के लिए स्थानीय चालक शहर के अंदरूनी लिंक मार्गों या पुराने दिल्ली-मेरठ हाईवे (NH-58) के वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सीवर का काम अधूरा रहने से सड़कों पर घुटनों तक जलभराव (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर लोनी इलाके से है, जहां कई प्रमुख कॉलोनियों में पिछले 6 महीनों से सीवर लाइन बिछाने का काम अधूरा छोड़ने के कारण सड़कों पर घुटनों तक गंदा पानी जमा हो गया है। जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने और मलबे से नालियां चोक होने के कारण डीएलएफ वेद विहार, अंकुर विहार और रेल विहार कॉलोनी के निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय लोग इस बदहाली को ‘नरक जैसा जीवन’ बता रहे हैं, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब छह महीने पहले जल निगम ने सीवर लाइन डालने के लिए कॉलोनियों की मुख्य सड़कें और गलियां खोदी थीं। ठेकेदार द्वारा काम को बीच में ही धीमा करने और सड़कों के किनारे मलबा छोड़ने से जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है।

नालियों का गंदा पानी अब ओवरफ्लो होकर मुख्य रास्तों पर बह रहा है। सहकारी आवास समिति और कॉलोनियों के मुख्य द्वारों के पास घुटनों तक दूषित पानी भरा हुआ है। पानी के नीचे छिपे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक रोजाना फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। दुकानों के आगे गंदा पानी जमा होने से ग्राहकों का आना बंद हो गया है, जिससे स्थानीय व्यापारियों का धंधा चौपट हो रहा है।

इसके अलावा, भारी गंदगी और बदबू के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। सिर्फ डीएलएफ ही नहीं, बल्कि लोनी के वार्ड नंबर 47 की मुख्य सड़क भी बदहाल है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने पर सड़क बनाने के बजाय सिर्फ अस्थाई रूप से मलबा डालने का आश्वासन दिया जाता है, जिससे समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।

प्रशासनिक आश्वासन

मामले के मीडिया में आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। जल निगम को पत्राचार कर कार्यदायी संस्था को तुरंत सीवर लाइन का काम पूरा करने, सड़कों से मलबा हटाने और खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

डांट से नाराज 15 साल के बेटे ने सोते समय की पिता की हत्या (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद लोनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां डांट से नाराज 15 वर्षीय नाबालिग बेटे ने सोते समय अपने 58 वर्षीय पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। यह खूनी वारदात लोनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आशियाना सिटी के बुध बाजार इलाके में शनिवार (7 नवंबर 2026) की देर रात करीब 2:00 से 3:00 बजे के बीच हुई। मृतक की पहचान इरफान अहमद के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ और परिजनों के मुताबिक, दिन में किसी बात को लेकर इरफान अहमद का अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ गहरा विवाद हुआ था। इस दौरान पिता ने बेटे को बुरी तरह डांटा, उसके साथ मारपीट की और धमकी भी दी थी। पिता की डांट और मारपीट से नाबालिग बेटा इस कदर नाराज हो गया कि उसने रात का इंतजार किया।

देर रात करीब 2:00 बजे जब उसके पिता गहरी नींद में सो रहे थे, तब उसने धारदार हथियार से उन पर कई वार कर दिए। रात करीब 3:15 बजे मृतक की पत्नी चांदनी ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी।

लोनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल इरफान को 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर (नाबालिग बेटे) को हिरासत में ले लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर किशोर न्याय कानून (Juvenile Justice Act) के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 ग्रैप-3 लागू, 5वीं तक के हाइब्रिड मोड पर चलेंगे स्कूल (Top 5 Ghaziabad News)

पांचवी खबर वायु प्रदूषण को लेकर ग्रैप-3 (GRAP-3) की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं, जिसके तहत कक्षा 5वीं तक के सभी स्कूलों को अनिवार्य रूप से हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों) में चलाने का आदेश जारी हुआ है। शनिवार (7 नवंबर 2026) सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 364 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ (Very Poor) श्रेणी में आता है। इससे पहले शुक्रवार शाम को यह 38 average पर था और मौसम वैज्ञानिकों ने इसके जल्द ही ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी (401-500) में पहुंचने की आशंका जताई है।

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार, प्राथमिक (कक्षा 5वीं तक) के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में हाइब्रिड मोड अनिवार्य रहेगा। छात्र अपनी सुविधानुसार स्कूल जाकर या घर बैठे ऑनलाइन क्लास ले सकते हैं। यह नियम दिल्ली के अलावा एनसीआर के प्रमुख जिलों—नोएडा/ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत पर भी लागू रहेगा।

ग्रैप-3 लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में BS-III (पेट्रोल) और BS-IV (डीजल) की चार पहिया गाड़ियों के चलने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माने का प्रावधान है। धूल से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली-एनसीआर में सभी प्रकार के गैर-जरूरी निर्माण (Construction) और तोड़फोड़ (Demolition) के कामों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

दिल्ली के 18 से अधिक केंद्रों (जैसे आईआईटी दिल्ली में 443, पंजाबी बाग में 433) पर हवा की गुणवत्ता पहले ही ‘गंभीर’ श्रेणी को पार कर चुकी है। हवा की धीमी गति के कारण स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दिवाली से ऐन पहले बिगड़ती हवा को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह और शाम के समय घरों के भीतर रहने और बाहर निकलने पर मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds