Arijit Singh retirement: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह है फिल्म ‘आवारापन 2’ का नया गाना ‘ये आवारापन’, जो 21 जुलाई को रिलीज हो चुका है। इस गाने में अरिजीत सिंह की आवाज सुनने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। कई फैंस सवाल पूछ रहे हैं कि क्या अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का अपना फैसला बदल दिया है या फिर यह गाना पहले से रिकॉर्ड किया गया था।
दरअसल, 27 जनवरी 2026 को अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया था। उस घोषणा ने उनके करोड़ों चाहने वालों को भावुक कर दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि अब वह किसी नए गाने या नए प्रोजेक्ट पर काम नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि पहले से रिकॉर्ड किए गए या अधूरे गाने समय-समय पर रिलीज होते रहेंगे।
‘आवारापन 2’ से वापसी की चर्चा| Arijit Singh retirement
अब ‘पिंकविला’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘आवारापन 2’ के लिए अरिजीत सिंह ने ‘ये आवारापन’ गाना गाया है। इस गाने को अमाल मलिक ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विशेष फिल्म्स के अनुरोध पर अरिजीत सिंह ने इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भरी। हालांकि, इस बारे में अरिजीत सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
विशेष फिल्म्स से है पुराना रिश्ता
रिपोर्ट के अनुसार, अरिजीत सिंह और विशेष फिल्म्स का रिश्ता काफी पुराना रहा है। कहा जाता है कि इसी बैनर ने सबसे पहले अरिजीत पर भरोसा जताते हुए फिल्म ‘मर्डर 2’ में उन्हें ‘फिर मोहब्बत’ गाने का मौका दिया था। इसके बाद दोनों ने कई यादगार गाने दिए, जिनमें ‘तुम ही हो’, ‘मुस्कुराने’, ‘खामोशियां’ का टाइटल ट्रैक, ‘हमारी अधूरी कहानी’ का टाइटल ट्रैक और फिल्म ‘जलेबी’ का ‘पल’ जैसे लोकप्रिय गीत शामिल हैं।
रिटायरमेंट पोस्ट में क्या कहा था?
अपने रिटायरमेंट पोस्ट में अरिजीत सिंह ने लिखा था कि वह अब प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया काम स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने अपने लंबे सफर के लिए श्रोताओं का धन्यवाद भी किया था। उनके इस फैसले पर बी प्राक, बादशाह समेत कई गायकों और बॉलीवुड सितारों ने प्रतिक्रिया दी थी। हालांकि, उसी पोस्ट में उन्होंने यह भी साफ किया था कि पहले से रिकॉर्ड किए गए या अधूरे गाने भविष्य में रिलीज होते रहेंगे। यही वजह है कि रिटायरमेंट की घोषणा के बाद भी समय-समय पर उनकी आवाज में नए गाने सामने आते रहे।
Aur Abhi Bhi Wahi Dard,
Wahi Khaalipan, #YehAwarapan !
Out tomorrow at 11.11 am🕊️#Awarapan2 pic.twitter.com/iteyyeBqwj— Sony Music India (@sonymusicindia) July 20, 2026
क्या सच में हुआ है कमबैक?
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘आवारापन 2’ का ‘ये आवारापन’ गाना रिटायरमेंट से पहले रिकॉर्ड किया गया था या फिर अरिजीत सिंह ने वास्तव में प्लेबैक सिंगिंग में वापसी कर ली है। इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल अरिजीत सिंह अपने लाइव कॉन्सर्ट्स पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। ऐसे में उनके इस नए गाने ने फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है, लेकिन उनके रिटायरमेंट को लेकर अंतिम तस्वीर आधिकारिक बयान आने के बाद ही साफ हो पाएगी।































