Ghaziabad News: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में माहौल पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है। इस बीच मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला वीडियो पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें आपत्तिजनक संदेश और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
14 सेकंड का वीडियो बना कार्रवाई की वजह| Ghaziabad News
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो करीब 14 सेकंड का था। वीडियो की शुरुआत में सूर्या चौहान और असद की तस्वीरें दिखाई गई थीं। इसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की तस्वीर भी वीडियो में दिखाई देती है। वीडियो के अंतिम हिस्से में आरोपी युवक हाथ में एक धारदार हथियार लेकर उसे लहराते हुए दिखाई देता है। वीडियो पर लिखी गई टैगलाइन और इस्तेमाल किए गए शब्दों को पुलिस ने आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द के लिए नुकसानदायक माना। यही वजह रही कि मामला तेजी से पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसकी शिकायत भी की, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
जांच में सामने आया आरोपी का नाम
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान अमन पुत्र अशरफ के रूप में की। वह हरिनगर क्षेत्र स्थित अंगूर वाली मस्जिद के पास का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात पुलिस टीम ने उसे कच्चा दगड़ा भूमिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वह छुरी भी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल वीडियो में किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद बदले तेवर
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी का रवैया भी बदल गया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद वह माफी मांगने लगा। बताया जा रहा है कि पुलिस हिरासत में आते ही उसने कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार की और माफी की गुहार लगाई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कही यह बात
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि वीडियो में इस्तेमाल की गई टैगलाइन और ऑडियो में ऐसे शब्द थे, जिनसे सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील माहौल में सतर्क प्रशासन
गौरतलब है कि सूर्या चौहान हत्याकांड और मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद कई इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बाजारों के बंद रहने और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी भड़काऊ कंटेंट को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
































