Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश की उन प्रमुख खबरों पर बात करेंगे जो आपको सचेत करने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर देंगी। हम शुरुआत करेंगे उस वायरल खबर से जिसने कैब राइड के दौरान ‘अकेली रहती हो?’ जैसे मैसेज के साथ महिलाओं की सुरक्षा और डिजिटल प्राइवेसी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिसके बाद ‘नारी शक्ति वंदन बिल’ को लेकर छिड़ी उस सियासी जंग का रुख करेंगे जहाँ लखनऊ में झंडे जलाए जाने के बाद अब गाजियाबाद में FIR की मांग तेज हो गई है।
बुलेटिन में आगे आपको विकास भवन की उस प्रेरक पहल से रूबरू कराएंगे जहाँ मूक-बधिर युवा आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहे हैं, साथ ही रेल यात्रियों के लिए पूर्वा एक्सप्रेस समेत 8 ट्रेनों के बदले हुए रूट की जरूरी जानकारी साझा करेंगे, और अंत में मोदीनगर से आई उस आक्रोश की तस्वीर दिखाएंगे जहाँ स्मार्ट मीटर के विरोध में जनता और प्रशासन के बीच छिड़ी जंग अब मुख्यमंत्री की दहलीज तक पहुँच चुकी है। तो चलिए इस लेख में जानते है पिछले 24 घंटे में हुई उन वारदातों के बारें में जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
और पढ़ें: Top 5 Ghaziabad News: लोनी हादसे से लेकर बिजली घोटाले तक, देखें पूरा सच!
महिला सुरक्षा और प्राइवेसी पर सवाल
Ghaziabad से पहला मामला महिला सुरक्षा से जुड़ा है। जहां एक तरफ देश में महिला सशक्तिकरण का शोर है, लोकसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण और भागीदारी पर चर्चाएं गरम हैं, लेकिन दूसरी तरफ जमीनी हकीकत आज भी रूह कंपा देने वाली है। आखिर उस सशक्तिकरण’ का क्या मोल जो कागजों और संसद की दहलीज तक तो पहुंच गया है।
लेकिन सड़क पर चलती एक आम महिला को सुरक्षा का अहसास नहीं करा पाता? गाजियाबाद की यह हालिया घटना (रैपिडो ड्राइवर मामला) चीख-चीख कर बता रही है कि महिलाओं की सुरक्षा आज भी एक बड़ा सवाल बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर गाजियाबाद की एक महिला द्वारा साझा किया गया यह मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें एक रैपिडो ड्राइवर ने राइड खत्म होने के बाद अनुष्का नामक महिला को व्हाट्सएप पर “पहचाना नहीं? अभी तो ड्रॉप करके आया हूं” और “आप अकेली रहती हो?” जैसे अनुचित संदेश भेजे।
महिला ने सुरक्षा के मद्देनजर ड्राइवर को ब्लॉक कर सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की, जिसके बाद रैपिडो ने इस व्यवहार को ‘अनैतिक’ बताते हुए आधिकारिक माफी मांगी और जांच शुरू की। इस घटना ने डिजिटल दौर में महिलाओं की प्राइवेसी और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद अब लोग राइड-हेलिंग ऐप्स से ‘नंबर मास्किंग’ जैसी सुविधाओं को अनिवार्य और अधिक सुरक्षित बनाने की मांग कर रहे हैं।
‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सियासी तेज
वहीं, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी दूसरी खबर का असर Ghaziabad में भी देखने को मिला, जहां ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर चल रही सियासी जंग अब सड़कों पर झंडे जलाने और विरोध प्रदर्शन तक पहुँच गई है। एक तरफ संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की कवायद हो रही है, तो दूसरी तरफ इसी मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में भारी उबाल है।
लखनऊ की सड़कों पर जब भाजपा नेता और महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सपा और कांग्रेस के झंडे जलाए, तो उसने न केवल विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया, बल्कि एक नई कानूनी और राजनीतिक लड़ाई को जन्म दे दिया है।
अपर्णा यादव ने इस बिल के पारित न होने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि “नारी शक्ति” उन्हें कभी माफ नहीं करेगी, क्योंकि वे आम घरों की महिलाओं को संसद तक पहुँचते नहीं देखना चाहते। लेकिन इस कृत्य के बाद गाजियाबाद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं।
गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पर सपाइयों ने जोरदार प्रदर्शन कर अपर्णा यादव के खिलाफ FIR और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिलचस्प बात यह है कि भाजपा नेतृत्व ने भी बिना अनुमति झंडा जलाने की इस घटना पर नाराजगी जताते हुए उनसे जवाब तलब करने के संकेत दिए हैं।
मूक-बधिर युवाओं के लिए गाजियाबाद प्रशासन की पहल
तीसरी खबर Ghaziabad प्रशासन के शानदार पहल को लेकर है। कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान हो, तो खामोशी भी बहुत कुछ कह जाती है। गाजियाबाद प्रशासन ने एक ऐसी ही शानदार पहल की है, जो न केवल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि समाज के सामने ‘समावेशी विकास’ की एक मिसाल पेश करेगी।
विकास भवन में अब एक ऐसा कैफे शुरू होने जा रहा है, जिसकी पूरी कमान मूक-बधिर युवाओं के हाथों में होगी। यहाँ ऑर्डर लेने से लेकर नाश्ता परोसने और पैसों के हिसाब-किताब तक, सब कुछ ये युवा खुद संभालेंगे। यह कदम साबित करता है कि अगर सही मौका मिले, तो शारीरिक बाधाएं कभी भी कामयाबी का रास्ता नहीं रोक सकतीं।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद प्रशासन की ‘समावेशी विकास’ की दिशा में यह एक बेहद सराहनीय पहल है, जिसके तहत विकास भवन में एक विशेष कैफे शुरू किया जा रहा है। इस कैफे की पूरी कमान मूक-बधिर युवाओं के हाथों में होगी, जो ऑर्डर लेने और खाना बनाने से लेकर बिलिंग और कैलकुलेशन तक का सारा जिम्मा खुद संभालेंगे।
इन युवाओं को प्रोफेशनल कुकिंग और कैफे मैनेजमेंट की विशेष ट्रेनिंग दी गई है ताकि वे साइन लैंग्वेज और डिजिटल माध्यमों के जरिए ग्राहकों से संवाद कर सकें। इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके कौशल को जनता के बीच प्रदर्शित करना है। उम्मीद है कि प्रशासन की यह छोटी सी कोशिश इन युवाओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाएगी।
यात्रियों के लिए जरूरी अलर्ट
चौथी खबर रेल यात्रा से जुड़ी है, अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते पूर्वा एक्सप्रेस समेत 8 मुख्य ट्रेनों के रूट में बड़ा बदलाव किया है। अब ये ट्रेनें अपने पुराने रास्ते अलीगढ़ और कानपुर के बजाय गाजियाबाद और मुरादाबाद होकर लखनऊ जाएंगी।
रूट बदलने की वजह से कई स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव भी खत्म हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं, कौन-कौन सी ट्रेनें इस बदलाव की चपेट में आई हैं और आपके सफर पर इसका क्या असर पड़ेगा।
मीडिया रिपोटस के अनुसार प्रयागराज जंक्शन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग और नॉन-इंटरलिंकिंग कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है, जिसके चलते पूर्वा एक्सप्रेस समेत 8 प्रमुख ट्रेनों के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) द्वारा लिए गए इस ब्लॉक के कारण पूर्वा एक्सप्रेस (12381/12382), सीमांचल एक्सप्रेस और नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 24 से 30 अप्रैल के बीच अपने निर्धारित मार्ग अलीगढ़-कानपुर के बजाय गाजियाबाद और मुरादाबाद होकर लखनऊ जाएंगी।
इस रूट डायवर्जन की वजह से ये ट्रेनें अलीगढ़, टूंडला, इटावा और कानपुर सेंट्रल जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को खासी परेशानी हो सकती है, अतः यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सफर से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस जरूर चेक कर लें।
स्मार्ट मीटर को लेकर छिड़ी जंग
बिजली और बिल से जुड़ी आज की पांचवीं बड़ी खबर, गाजियाबाद के मोदीनगर में बिजली के ‘स्मार्ट मीटर’ को लेकर छिड़ी जंग अब थमती नजर नहीं आ रही है। प्रशासन की ओर से लगाए जा रहे इन मीटरों के विरोध में आज मोदीनगर तहसील का नजारा किसी युद्ध मैदान जैसा दिखा, जहाँ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर दिया।
‘महंगे बिल और जबरन मीटर लगाने’ के आरोपों के साथ लोग धरने पर बैठ गए हैं। लोगों का साफ कहना है कि ये स्मार्ट मीटर उनकी जेबों पर डाका डाल रहे हैं और जब तक प्रशासन इनकी अनिवार्यता खत्म नहीं करता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। आइए जानते हैं कि आखिर क्यों स्मार्ट मीटर के नाम से ही मोदीनगर की जनता खफा है और क्या है उनकी प्रमुख मांगें।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के मोदीनगर में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ जनता का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने तहसील का घेराव कर एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। सोमवार को हुए इस विरोध प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर बिना जनसहमति के जबरन मीटर थोपने और बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी का आरोप लगाया।
वहीं जगतपुरी और हनुमानपुरी की महिलाओं ने तो मीटर उखाड़कर सड़क पर फेंकने तक की चेतावनी दे दी है। तकनीकी खराबी और रिचार्ज के बावजूद कनेक्शन कटने जैसी शिकायतों को लेकर बढ़ते तनाव के बीच, एसडीएम ने सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करते हुए उच्चाधिकारियों से चर्चा का आश्वासन दिया है; गौरतलब है कि बढ़ते विरोध को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस पूरे मामले में जांच कमेटी से रिपोर्ट तलब की है।




























