Rain Alert in Delhi NCR: फरवरी में ही पड़ रही तेज गर्मी के बीच बुधवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो गई। लंबे समय से चढ़ते पारे से परेशान लोगों को इस बारिश ने थोड़ी राहत जरूर दी है।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों जैसे इंडिया गेट, अक्षरधाम और आईटीओ के आसपास हल्की बारिश दर्ज की गई। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक बादलों की आवाजाही और रिमझिम का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया था।
और पढ़ें: Holi 2026 पर रेलवे का तोहफा: बिहार-यूपी समेत कई रूट पर स्पेशल ट्रेनें, वेटिंग से मिलेगी राहत
पश्चिमी विक्षोभ का असर, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी (Rain Alert in Delhi NCR)
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से आया है। इसके असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत में इस सिस्टम के चलते तापमान में हल्की गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 18 और 19 फरवरी को उत्तराखंड में बारिश के आसार हैं। 18 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
कई राज्यों में रेन अलर्ट, ओले गिरने की चेतावनी
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी है। खासकर राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।

18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ओले गिरने के आसार हैं। मध्य प्रदेश में भी इसी दिन गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चलने और बादलों के गरजने की संभावना भी जताई गई है।
बारिश का यह दौर दिल्ली के हर जिले के साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक असर दिखा सकता है। हालांकि 19 फरवरी से 23 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान फिर से 30 से 32 डिग्री तक पहुंच सकता है।
फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में पिछले करीब 10 दिनों से तापमान तेजी से बढ़ा है। सर्दी खत्म होते ही ऐसा लगा जैसे बसंत का मौसम आया ही नहीं और सीधे गर्मी शुरू हो गई। फरवरी में ही तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी।
होली से पहले ही पसीना आने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि फरवरी में ही इतनी गर्मी इस बात का संकेत है कि अप्रैल और मई में इस बार तेज और झुलसाने वाली गर्मी पड़ सकती है।
दिल्ली में टूटा तापमान का रिकॉर्ड
17 फरवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के लिहाज से काफी ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी में कई बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा था, जिससे बारिश और बर्फबारी हुई थी।
लेकिन फरवरी में हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय रहे और काफी कमजोर भी रहे। इसी वजह से पहाड़ों पर ज्यादा बदलाव नहीं हुआ और ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों तक नहीं पहुंच सकीं। नतीजा यह हुआ कि मैदानों में गर्म हवाओं का असर बना रहा।
हरियाणा, पश्चिमी यूपी और राजस्थान में कहां होगी बारिश?
दिल्ली-एनसीआर के साथ हरियाणा के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। सोनीपत, खरखौदा, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, महेंद्रगढ़, नूंह, नारनौल और होडल जैसे इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, खेकड़ा, मोदीनगर, पिलखुआ और गाजियाबाद में हल्की बारिश दर्ज की गई है। वहीं शामली, कांधला, खतौली, मेरठ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और सिकंदराबाद में भी बहुत हल्की बारिश की संभावना है।
राजस्थान के भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, अलवर, विराटनगर और राजगढ़ में गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है। अगले कुछ घंटों में बुलंदशहर, खुर्जा, जट्टारी, नंदगांव, बरसाना, कोटपुतली और डीग में भी बारिश का असर दिख सकता है।






























