Nashik Astrologer Scandal Case| महाराष्ट्र के नासिक से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को ज्योतिषी और ‘गॉडमैन’ बताने वाले 67 वर्षीय अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन खरात’ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने एक महिला को नशीला पदार्थ देकर लंबे समय तक दुष्कर्म किया और कई अन्य महिलाओं का शोषण किया।
कैसे बिछाता था शिकार का जाल?
पुलिस के एफआईआर के अनुसार, खरात महिलाओं को उनके निजी और पारिवारिक समस्याओं को सुलझाने का झांसा देकर अपने ऑफिस बुलाता था। पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर वह उन्हें नशीला पदार्थ देता और सम्मोहित कर लेता था। इसके बाद आरोपी उनकी आस्था और भय का फायदा उठाकर शारीरिक शोषण करता। कई मामलों में वह महिलाओं के पतियों या परिवार की जान को खतरे में बताकर डराता था और उनका भरोसा जीतता था।
छापेमारी में 58 अश्लील वीडियो बरामद (Nashik Astrologer Scandal Case)
खरात के ‘ओक्स प्रॉपर्टी डीलर’ ऑफिस में पुलिस ने छापेमारी कर एक पेन ड्राइव जब्त की। इसमें 58 अश्लील वीडियो क्लिप्स मिली हैं। प्रारंभिक जांच में संदेह है कि कई हाई-प्रोफाइल महिलाएं और सेलिब्रिटी भी इन वीडियो में हो सकती हैं। पुलिस ने इन वीडियो क्लिप्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि खरात का एक पूर्व कर्मचारी नीरज जाधव महिलाओं को आपत्तिजनक फोटो भेजकर ब्लैकमेल करता था और रंगदारी वसूलता था। शिरडी में एक और कर्मचारी पर अश्लील तस्वीरें वायरल करने और रंगदारी की धमकी देने का मामला भी दर्ज हुआ है। इससे पुलिस को इस पूरे नेटवर्क के बड़े रैकेट होने की आशंका है।
राजनीतिक कनेक्शन और रसूख
अशोक खरात पहले मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे और बाद में ज्योतिष और अंकशास्त्र के जरिए प्रसिद्ध हुए। वह ‘कैप्टन’ के नाम से मशहूर थे और दावा करते थे कि वे बड़े नेताओं का भविष्य बता सकते हैं। जांच में कई तस्वीरें सामने आईं, जिनमें वह राजनीतिक नेताओं और प्रभावशाली लोगों के साथ नजर आए। इसके चलते मामला और भी संवेदनशील बन गया है।
जब्त संपत्ति और SIT की जांच
पुलिस ने आरोपी के ठिकानों से भारी संपत्ति, नकदी, हथियार और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले 15 वर्षों में उसने लगभग 200 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है। SIT आरोपी के पास से जब्त वीडियो और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
सवाल उठता है: किसने दिया संरक्षण?
पुणे के सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुंभार का कहना है कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि एक हाई-प्रोफाइल शोषण रैकेट है। उनका मानना है कि वर्षों तक उसने ज्योतिष के जरिए सत्ता और मशहूर हस्तियों तक पहुंच बनाई और बंद दरवाजों के पीछे महिलाओं का शोषण करता रहा। कुंभार ने सवाल उठाया कि अब सवाल यह नहीं कि खरात कौन है, बल्कि यह कि उसे किसने संरक्षण दिया और उन 58 वीडियो में और कौन-कौन शामिल हैं।
कोर्ट में गिरफ्तारी और आगे की जांच
अशोक खरात को बुधवार तड़के उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उसे 24 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिनमें कई रसूखदार लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।





























