West Bengal Election: दीदी अब बंगाल की दीदी नहीं रही, बन गई हैं भाइपो की बुआ…बोले केंद्रीय मंत्री

vickynedrick@gmail.com | Nedrick News

Published: 12 Mar 2021, 12:00 AM | Updated: 12 Mar 2021, 12:00 AM

देश के 5 प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं लेकिन राजनीतिक गलियारों में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Election 2021) को लेकर चर्चाएं काफी तेज हैं। TMC शासित पश्चिम बंगाल में बीजेपी ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को टक्कर देने का दावा कर रही है। बीजेपी नेताओं की ओर से इस चुनाव में 200 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने की बात भी कही जा रही है। 

बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा सीट (Nandigram Seat) पर सभी की नजरें टिकी हुई है। इस सीट पर ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और उनके पूर्व सहयोगी रह चुके सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के बीच करारी टक्कर होने वाली है। दोनों ने ही आगामी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि दीदी अब बंगाल की दीदी नहीं रही, वह भाइपो की बुआ बन गई है।

‘बंगाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला’

सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले हल्दिया में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘बंगाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यहां पिछले 10 सालों में दीदी ने कुछ नहीं किया, दो मई को बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी।‘

केंद्रीय मंत्री ने कहा, दो मई के बाद बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। उन्होंने ममता बनर्जी के उस बयान को लेकर हमला बोला, जिसमें सीएम बनर्जी ने कहा था कि उन्होंने नंदीग्राम की लाठी खाई थी। सभा को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘दीदी ने कहा था कि मैं नंदीग्राम की लाठी खाई हूं लेकिन आप किसके कंधे पर बैठी थी। लाठी खाने वाला पहले सुवेंदु अधिकारी था।‘

धर्मेंद्र प्रधान ने ममता बनर्जी को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘दीदी बंगाल बंगाल की दीदी नहीं रहीं, भाइपो (भतीजे) की बुआ बन गई हैं। यहां की दीदी की सरकार पिछले 10 साल में कुछ नहीं कर पाई है।  आजादी का 75 साल पूरा होगा और और हम बंगाल में सोनार बांग्ला बनाएंगे।‘

जीत के लिए विश्वस्त हैं सुवेंदु अधिकारी

दूसरी ओर नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए सुवेंदु अधिकारी ने हल्दिया में आज नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले इस सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, मुझे लोगों का आशीर्वाद मिला है। मैं अपनी जीत के लिए विश्वस्त हूं। 

उन्होंने कहा, बंगाल के विकास में बीजेपी को पूरा समर्थन मिलेगा, प्रतियोगिता का कोई सवाल नहीं है। ममता बनर्जी के करीबी रह चुके सुवेंदु अधिकारी ने कहा बीजेपी ने साल 2019 में 18 सीटें जीती थी। इस चुनाव में भी बीजेपी बड़े अंतर से सरकार बनाएगी।

गौरतलब है कि 294 विधानसभा सीटों वाले पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होने वाले हैं। पश्चिम बंगाल में चुनाव 27 मार्च, 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि चुनावी नतीजे 2 मई को घोषित किए जाएंगे।

vickynedrick@gmail.com

vickynedrick@gmail.com https://nedricknews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds