Devbhoomi Chardham Yatra: देवभूमि, जहां कण-कण में शंकर और हर धारा में गंगा का वास माना जाता है, वहां से जब भेदभाव की खबरें आती हैं तो मन विचलित हो उठता है। ईश्वर ने कभी अपनी आराधना के लिए ‘पात्रता’ की दीवारें नहीं चुनीं, फिर इंसान क्यों आस्था के आंगन में सरहदें खींच रहा है? क्या यह धर्म की रक्षा है या सिर्फ सियासत का एक नया मोड़? आस्था का द्वार सबके लिए खुला होना चाहिए, यही सनातन की सीख रही है। लेकिन आज की ‘रीति’ निराली है जहां भक्ति से पहले पहचान पूछी जा रही है। देवभूमि की पवित्रता को बचाने के नाम पर कहीं हम उस ‘उदारता’ को तो नहीं खो रहे जो हमारी असली पहचान है?
बता दें कि देवभूमि उत्तराखंड हमेशा से धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र रहा है, जहां लाखों लोग हर साल दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन इस बार मंदिर समितियों द्वारा गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक जैसे फैसलों ने नई बहस छेड़ दी है। मामला गंगोत्री धाम और बदरी-केदार मंदिर समिति के हालिया निर्णयों से जुड़ा है, जिस पर अब राजनीति और समाज दोनों में चर्चा तेज हो गई है।
गैर सनातनियों के प्रवेश पर सख्ती
सबसे बड़ा विवाद गंगोत्री मंदिर समिति के उस फैसले को लेकर है, जिसमें गैर-सनातनियों के प्रवेश पर पूर्ण रोक की बात कही गई है। समिति के अनुसार, यदि कोई गैर-सनातनी धाम में प्रवेश करना चाहता है, तो उसे पहले अपनी सनातन धर्म में अटूट आस्था का लिखित प्रमाण या शपथ पत्र देना होगा। यह ‘शर्त’ ही अब इस पूरी बहस का केंद्र बन गई है।
पंचगव्य पीने की शर्त
समिति के अनुसार बताया जा रहा है कि यदि कोई गैर-सनातनी मंदिर में प्रवेश करना चाहता है, तो उसे ‘शुद्धिकरण’ की प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके तहत पंचगव्य का सेवन अनिवार्य है। पंचगव्य जो गोमूत्र, गोबर, दूध, दही और घी का पवित्र मिश्रण है हिंदू धर्म में आत्मा और शरीर की शुद्धि का प्रतीक माना जाता है। समिति का तर्क है कि यह शर्त व्यक्ति की सनातन धर्म में सच्ची आस्था की पुष्टि करने के लिए रखी गई है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा फैसला
यह पहली बार नहीं है जब ऐसा निर्णय लिया गया हो। इससे पहले बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने भी इसी तरह का सख्त रुख अपनाया था। समिति का प्रस्ताव था कि गैर-सनातनी दर्शनार्थियों को एक शपथ पत्र (Affidavit) देना होगा, जिसमें वे स्पष्ट रूप से मंदिर के नियमों का पालन करने और सनातन परंपराओं में अपनी आस्था व्यक्त करेंगे। यह कदम धामों की आध्यात्मिक मर्यादा को सुरक्षित रखने के तर्क के साथ उठाया गया था।
सियासत का पारा चढ़ा
इन फैसलों ने उत्तराखंड की सियासत का पारा चढ़ा दिया है। विपक्षी दल कांग्रेस का मानना है कि यह कदम समाज में दरार पैदा करने वाला है, उनका तर्क है कि जो लोग आस्था नहीं रखते, वे वैसे भी मंदिरों की चौखट तक नहीं जाते। वहीं, भाजपा के खेमे में मिली-जुली प्रतिक्रिया है। कुछ नेताओं का मानना है कि आस्था के केंद्रों को ‘पर्यटन स्थल’ या ‘रील मेकिंग डेस्टिनेशन’ बनने से रोकने के लिए कड़े कदम जरूरी हैं, ताकि धामों की सदियों पुरानी गरिमा बनी रहे और वे केवल सोशल मीडिया का जरिया बनकर न रह जाएं।
बड़ा सवाल क्या है?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ऐसे सख्त नियम धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के लिए अनिवार्य हैं, या फिर ये समाज में दूरियां बढ़ाने का जरिया बनेंगे? जहां एक तरफ मंदिर समितियां अपनी परंपरा और प्राचीन मान्यताओं की रक्षा का तर्क दे रही हैं, वहीं आलोचक इसे ‘देवभूमि की समावेशी पहचान’ पर प्रहार मान रहे हैं। उनका मानना है कि इससे सालों से चली आ रही मिलजुलकर रहने की परंपरा कमजोर हो सकती है। आने वाले समय में आस्था और आपसी भाईचारे के बीच का यह संतुलन ही इस विवाद का असली समाधान तय करेगा।
चारधाम यात्रा का महत्व
उत्तराखंड (Uttarakhand Devbhoomi) के बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की संवेदनाओं से जुड़े हैं। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां शीश नवाने आते हैं। यही कारण है कि इन धामों से जुड़ा कोई भी छोटा या बड़ा फैसला न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश के धार्मिक और सामाजिक माहौल पर बड़ा असर डालता है।
आगे क्या होगा?
फिलहाल यह मुद्दा आस्था, परंपरा और राजनीति के बीच फंसा हुआ नजर आ रहा है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मंदिर समितियों के ये नियम इसी तरह लागू रहते हैं या उत्तराखंड सरकार और पुजारियों के बीच बातचीत के बाद इनमें कोई बदलाव किया जाता है। लेकिन इतना तय है कि इस फैसले ने न केवल देवभूमि, बल्कि पूरे देश में एक नई और गंभीर बहस जरूर छेड़ दी है।
