Basti Love Jihad Case: प्यार और शादी के सपनों की आड़ में रची गई एक खौफनाक साजिश ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है. बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र से सामने आए इस मामले में आरोप है कि एक शातिर युवक और उसका संगठित गिरोह पिछले कई वर्षों से लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा. आरोप यह भी है कि लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया और कई को जबरन देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया गया. मामला उजागर होते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
और पढ़ें: Mohd Deepak Shop controversy: कौन है मोहम्मद दीपक? जिसकी दुकान बंद कराने पर अड़ा था बजरंग दल
नौकरी और हमदर्दी के बहाने शुरू हुआ खेल (Basti Love Jihad Case)
इस पूरे मामले की शिकायत कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने दर्ज कराई है, जो बस्ती शहर के एक निजी अस्पताल में काम करती थी. पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2022 में उसकी मुलाकात अजफरुल हक उर्फ प्रिंस नाम के युवक से हुई. खुद को हिंदू बताने वाले इस युवक ने पहले उससे हमदर्दी दिखाई और बेहतर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. बातचीत बढ़ी, मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और धीरे-धीरे भावनात्मक नजदीकियां बढ़ती चली गईं.
शक से बचने के लिए कलावा और झूठी पहचान
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी खुद को पूरी तरह हिंदू दिखाने के लिए हाथ में कलावा तक पहनता था, ताकि किसी तरह का शक न हो. यही नहीं, वह शादी के सपने दिखाकर उसका भरोसा जीतता रहा. एक दिन इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा.
शादी की बात करने पर गैंगरेप का आरोप
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात को लेकर आरोपी पर दबाव बनाया और उसके घर पहुंची, तो हालात और भी डरावने हो गए. आरोप है कि वहां आरोपी, उसके भाई और अन्य साथियों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर न सिर्फ उसे बल्कि उसके पूरे परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई. यहां तक कहा गया कि अगर वह उनकी बात नहीं मानेगी तो उसके भाई का अपहरण कर लिया जाएगा.
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर किया गया ब्लैकमेल
जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह लड़कियों के निजी पलों के वीडियो और फोटो चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर लेता था. बाद में इन्हीं वीडियो को हथियार बनाकर लड़कियों को ब्लैकमेल किया जाता. वीडियो वायरल करने, समाज में बदनाम करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियों से पीड़िताएं पूरी तरह टूट जाती थीं. पीड़िता का दावा है कि इसी तरीके से करीब 300 से ज्यादा लड़कियों को फंसाया गया.
देश-विदेश तक फैला देह व्यापार का नेटवर्क
पीड़िता के अनुसार, ब्लैकमेलिंग के जरिए कई लड़कियों को अलग-अलग राज्यों और नेपाल जैसे देशों तक देह व्यापार के लिए भेजा गया. इसके लिए एजेंटों, ठिकानों और संपर्क सूत्रों का इस्तेमाल किया जाता था. शुरुआती जांच में पुलिस को भी इस नेटवर्क के अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय होने के संकेत मिले हैं.
हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि मुख्य आरोपी अजफरुल हक उर्फ प्रिंस पहले से ही थाने का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ पहले भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पीड़िता का आरोप है कि इस पूरे काले धंधे में आरोपी के घरवाले भी शामिल थे और उन्होंने भी उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की.
300 लड़कियों का दावा, जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती
पीड़िता के इस सनसनीखेज दावे के बाद पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला राज्य के सबसे बड़े सेक्स ट्रैफिकिंग और लव जिहाद मामलों में से एक माना जा सकता है. पुलिस फिलहाल डिजिटल सबूत, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की फोरेंसिक जांच कर रही है.
8 आरोपियों पर FIR, एक गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. इनमें आरोपी के परिजन और करीबी सहयोगी शामिल हैं. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
पुलिस का बयान
डिप्टी एसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. विवेचना जारी है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और किन-किन जगहों तक जुड़े हुए हैं.






























