AI Trading News: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई चैटबॉट या इमेज जनरेशन नहीं, बल्कि एक ऐसा ट्रेडिंग एजेंट है जिसने कथित तौर पर कुछ ही घंटों में लाखों रुपये का मुनाफा कमा लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर का दावा तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने बताया कि AI की मदद से उसने रातों-रात बड़ा फायदा कमाया। इस पोस्ट पर लोगों की प्रतिक्रिया भी दिलचस्प रही किसी को यह तकनीक का कमाल लगा, तो कुछ लोगों ने इस पर शक भी जताया।
क्या है पूरा मामला? (AI Trading News)
यूजर के मुताबिक, “OpenClaw” नाम का एक AI एजेंट सुबह ठीक 3:47 बजे अलर्ट भेजता है। इस अलर्ट में एजेंट ने $12,000 (करीब 11.08 लाख रुपये) को 6 अलग-अलग प्रेडिक्शन मार्केट में निवेश करने की अनुमति मांगी। खास बात यह थी कि ये सभी मार्केट अगले 90 मिनट के अंदर सेटल होने वाले थे।
यूजर ने बिना ज्यादा सोचे “Yes” टाइप कर दिया और फिर वापस सो गया। जब वह कुछ घंटों बाद उठा, तो उसके अकाउंट में $43,800 (लगभग 40.47 लाख रुपये) का मुनाफा जुड़ चुका था। यानी कुछ ही समय में निवेश कई गुना बढ़ गया।
कैसे काम करता है यह AI एजेंट?
यूजर के पोस्ट के अनुसार, यह AI सिस्टम खासतौर पर प्रेडिक्शन मार्केट में मौके पहचानने के लिए डिजाइन किया गया है। यह लगातार दुनियाभर के कई डेटा सोर्स पर नजर रखता है। इनमें जापान सरकार की RSS फीड, यूरोपीय संसद की लाइवस्ट्रीम, ऑस्ट्रेलिया की फाइनेंशियल न्यूज एजेंसियां, मिडिल ईस्ट का फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और एशियाई सेंट्रल बैंकों की घोषणाएं शामिल हैं।
सरल भाषा में समझें तो यह एजेंट अलग-अलग देशों की घटनाओं और अपडेट्स को जोड़कर यह अनुमान लगाने की कोशिश करता है कि कौन-सा मार्केट कैसे मूव करेगा।
कब भेजता है अलर्ट?
यह AI एजेंट खास तौर पर US के समय के हिसाब से रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच सक्रिय रहता है। जब भी उसे किसी प्रेडिक्शन मार्केट में 30 प्रतिशत से ज्यादा मुनाफे की संभावना दिखती है और वह मार्केट जल्दी सेटल होने वाला होता है, तो यह तुरंत अलर्ट भेजता है।
बताया गया कि सुबह 3:47 बजे सिस्टम ने ऐसे ही 6 मार्केट की पहचान की थी। यूजर के अनुसार, इन ट्रेड्स को 15 सेंट से 31 सेंट की कीमत पर खरीदा गया, जबकि सेटलमेंट के बाद इनका पेआउट 95 सेंट से 1 डॉलर के बीच रहा। यही अंतर भारी मुनाफे की वजह बना।
यूजर का दावा और अनुभव
यूजर ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरे OpenClaw एजेंट ने मुझे सुबह 3:47 AM पर मैसेज किया कि अगले 90 मिनट में 6 मार्केट सेटल हो रहे हैं। $12K के लिए अप्रूवल चाहिए। मैंने ‘Yes’ लिखा और फिर सो गया। जब उठा तो +$43,800 थे।”
उसने यह भी बताया कि वह पिछले 9 दिनों से इस एजेंट को चला रहा है, जो Polymarket प्लेटफॉर्म पर “टाइमजोन आर्बिट्रेज” के मौके तलाशता है।
क्या होता है टाइमजोन आर्बिट्रेज?
टाइमजोन आर्बिट्रेज एक ऐसी ट्रेडिंग रणनीति है, जिसमें अलग-अलग देशों के मार्केट टाइम के अंतर का फायदा उठाया जाता है। क्योंकि दुनियाभर के फाइनेंशियल मार्केट अलग-अलग समय पर खुलते और बंद होते हैं, इसलिए कई बार एक ही एसेट की कीमत में अंतर आ जाता है। इसी अंतर को पकड़कर ट्रेडर मुनाफा कमाते हैं।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कुछ यूजर्स इसे AI की ताकत का बेहतरीन उदाहरण मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया दावा बता रहे हैं। कई एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे सिस्टम संभव तो हैं, लेकिन इनमें जोखिम भी उतना ही बड़ा होता है।
फिलहाल, यह साफ है कि AI अब सिर्फ मदद करने वाला टूल नहीं रहा, बल्कि फाइनेंशियल दुनिया में भी बड़ा गेम चेंजर बनता जा रहा है।
