Holi 2026: होली का त्योहार जैसे-जैसे करीब आता है, वैसे-वैसे घर जाने की बेचैनी भी बढ़ने लगती है। नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में बड़े शहरों में रहने वाले लोग चाहते हैं कि त्योहार अपनों के बीच मनाएं। लेकिन हर साल की तरह सबसे बड़ी दिक्कत होती है रेलवे टिकट की। लंबी वेटिंग लिस्ट, फुल ट्रेनें और आखिरी वक्त पर कैंसिलेशन… इन सबके बीच त्योहार का उत्साह थोड़ा फीका पड़ जाता है।
इस बार हालांकि हालात कुछ अलग हैं। भारतीय रेलवे ने होली 2026 को देखते हुए पहले से तैयारी कर ली है। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनका मकसद साफ है दिल्ली, चंडीगढ़ जैसे शहरों से बिहार, उत्तर प्रदेश और श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाले यात्रियों को आसानी से कंफर्म सीट मिल सके और उन्हें भीड़भाड़ से राहत मिले।
बिहार रूट पर खास इंतजाम : Holi 2026
दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए तीन प्रमुख स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल (04054/04053) 20 फरवरी से 6 मार्च तक रोजाना शाम 7:50 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। बरौनी से वापसी 22 फरवरी से 8 मार्च तक रोज सुबह 12:45 बजे होगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा दी गई है। सफर लगभग 12 घंटे 10 मिनट का रहेगा।
नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल (04060/04059) 20 फरवरी से रोज रात 9:35 बजे नई दिल्ली से चलेगी। सुपौल से वापसी 22 फरवरी से 8 मार्च तक सुबह 7:00 बजे होगी। इसमें भी यात्रियों के लिए एसी, स्लीपर और सामान्य डिब्बे उपलब्ध रहेंगे।
आनंद विहार–लौकहा बाजार स्पेशल (04014/04013) 27 फरवरी से 6 मार्च तक आनंद विहार से दोपहर 3:40 बजे चलेगी। वापसी लौकहा बाजार से रात 9:30 बजे होगी। सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी राहत
यूपी जाने वालों के लिए भी रेलवे ने कई विकल्प दिए हैं।
नई दिल्ली–गोरखपुर स्पेशल (04022/04021) 20, 27 फरवरी और 6 मार्च को दोपहर 2:00 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। गोरखपुर से वापसी अगले दिन सुबह 7:00 बजे होगी।
वाराणसी–नई दिल्ली स्पेशल (04209/04210) 24 फरवरी से रोजाना रात 10:30 बजे वाराणसी से चलेगी। नई दिल्ली से वापसी शाम 7:25 बजे तय की गई है।
अयोध्या कैंट–आनंद विहार (04213/04214) चुनिंदा तारीखों पर शाम 6:20 बजे अयोध्या से रवाना होकर लखनऊ के रास्ते अगले दिन आनंद विहार पहुंचेगी।
इसके अलावा वाराणसी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच भी फरवरी और मार्च के पहले सप्ताह में कई फेरे लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए यात्रा में आसानी होगी।
चंडीगढ़ और लखनऊ के लिए अतिरिक्त सेवा
चंडीगढ़–गोरखपुर (04514/04513) 26 फरवरी और 5 मार्च को रात 11:35 बजे चंडीगढ़ से चलेगी। वापसी 27 फरवरी और 6 मार्च को होगी।
लखनऊ–नई दिल्ली (04203/04204) 23 फरवरी और 2 मार्च को सुबह 8:05 बजे लखनऊ से रवाना होगी, जबकि नई दिल्ली से वापसी रात 8:20 बजे निर्धारित है।
टिकट बुकिंग और जरूरी बातें
इन सभी स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर शुरू हो चुकी है। चूंकि ये विशेष ट्रेनें हैं, इसलिए किराया सामान्य ट्रेनों से थोड़ा अधिक हो सकता है। फिलहाल कई रूट्स पर सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन त्योहार के करीब आते ही मांग बढ़ सकती है। इसलिए समय रहते टिकट बुक करना बेहतर रहेगा।
कंफर्म टिकट पाने के आसान तरीके
- टिकट बुक करते समय ‘विकल्प’ (Vikalp) जरूर चुनें। इससे अगर आपकी पहली पसंद की ट्रेन में सीट न मिले तो दूसरी स्पेशल ट्रेन में एडजस्टमेंट हो सकता है।
- अगर सीधी ट्रेन में जगह न मिले तो बीच के बड़े स्टेशनों तक का टिकट लेकर आगे की यात्रा अलग से प्लान की जा सकती है।
- ज्यादा भीड़ होने पर रेलवे क्लोन ट्रेनें भी चला सकता है। इसकी जानकारी स्टेशन पूछताछ काउंटर या ऐप पर मिलती रहती है।
रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों से लाखों यात्रियों को फायदा होगा। इस बार उम्मीद है कि होली का रंग टिकट की चिंता से फीका नहीं पड़ेगा और लोग सुकून से अपने घर पहुंच पाएंगे।





























