UP BSP Chief Mayawati: 2027 में अकेले दम पर मैदान में उतरेगी BSP, मायावती ने गठबंधन की अटकलों को बताया साजिश

Nandani | Nedrick News
Uttar Pradesh
Published: 18 Feb 2026, 02:09 PM | Updated: 18 Feb 2026, 02:09 PM

UP BSP Chief Mayawati: बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव किसी भी दल के साथ गठबंधन में नहीं लड़ेगी। बुधवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही गठबंधन की खबरें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं। उनका कहना था कि यह सब बीएसपी को कमजोर दिखाने की साजिश का हिस्सा है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा तेज थी कि बीएसपी और All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen (AIMIM) के बीच गठबंधन हो सकता है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने भी हाल ही में इशारों-इशारों में पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए गठबंधन की संभावना जताई थी। उन्होंने कहा था कि गठबंधन बनते और टूटते रहते हैं और उम्मीद है कि पुरानी लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा। लेकिन मायावती ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया।

और पढ़ें: Ajit Pawar Plane Crash: साजिश या हादसा? अजित पवार प्लेन क्रैश में ब्लैक बॉक्स जला, परिवार ने CBI जांच की मांग की

‘स्वार्थी नेता फैला रहे अफवाह’ (UP BSP Chief Mayawati)

मायावती ने कहा कि कुछ स्वार्थी नेता और मीडिया जानबूझकर यह माहौल बना रहे हैं कि बीएसपी किसी गठबंधन की तरफ बढ़ रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह मनगढ़ंत करार दिया। उनका कहना था कि लोकतंत्र को मजबूत करने के बजाय आजकल एआई जैसी चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और इसी के बीच झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर लखनऊ में हुई महारैली में पहले ही ऐलान कर दिया गया था कि बीएसपी 2027 का चुनाव अकेले लड़ेगी। ऐसे में अब किसी तरह की अटकलों की कोई गुंजाइश नहीं है।

मीडिया को नसीहत, कार्यकर्ताओं को संदेश

बीएसपी सुप्रीमो ने मीडिया को भी नसीहत देते हुए कहा कि “कटी पतंग की तरह उड़ान भरकर अपना मजाक न बनाएं।” उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला कई बार सार्वजनिक किया जा चुका है, इसलिए बार-बार गठबंधन की चर्चा करना गलत है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे इन अनर्गल बातों पर ध्यान न दें और “हाथी की मस्त चाल” चलते रहें। उनका इशारा साफ था कि पार्टी 2007 की तरह 2027 में भी अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

सपा, भाजपा और कांग्रेस पर निशाना

मायावती ने समाजवादी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों की सोच संकीर्ण रही है और वे बाबा साहेब B. R. Ambedkar के विचारों के प्रति ईमानदार नहीं हैं। उनका आरोप था कि बीएसपी से गठबंधन की बात सिर्फ वोटों के राजनीतिक स्वार्थ के लिए की जाती है, जिससे पार्टी को फायदा नहीं बल्कि नुकसान ही हुआ है।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, विरोधियों के “साम, दाम, दंड, भेद” जैसे हथकंडे और तेज होंगे। इसलिए अंबेडकरवादियों को सतर्क रहने की जरूरत है।

टाइप-8 बंगले पर भी दी सफाई

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मायावती ने दिल्ली में हाल ही में अलॉट हुए टाइप-8 बंगले को लेकर उठ रही अफवाहों पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान उन्हें कई बंगले अलॉट किए गए थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से वे नहीं लिए गए या छोड़ दिए गए। अब जो टाइप-8 का उपयुक्त बंगला मिला है, उसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने 2 जून 1995 के लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना के बाद से उन्हें विशेष उच्च सुरक्षा दी गई है, जो समय के साथ और बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय से ही उन्हें टाइप-8 बंगला मिलता रहा है और इस पर राजनीति करना ठीक नहीं।

‘आयरन नेतृत्व पर भरोसा रखें’

मायावती ने देशभर के अंबेडकरवादियों से अपील की कि वे अपनी पार्टी और उसके “आयरन नेतृत्व” पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि आत्मसम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए तन-मन-धन से जुटना होगा।

साफ है कि बीएसपी 2027 को लेकर अभी से पूरी तैयारी में जुट गई है और किसी भी तरह के गठबंधन से दूरी बनाकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

और पढ़ें: UP Assembly Session: “यूपी में अब ना कर्फ्यू, ना दंगा…”, सीएम योगी ने विधानसभा में दिया जोरदार भाषण

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds