New Online Payment Rule: क्या आप जानते हैं कि अब आपका सिम कार्ड ही आपकी पहचान बन जाएगा? ऑनलाइन पेमेंट की दुनिया बदलने वाली है! अब आपको ओटीपी (OTP) आने का इंतज़ार नहीं करना होगा और न ही उसे टाइप करने का झंझट रहेगा। ‘साइलेंट ऑथेंटिकेशन’ के जरिए यह हकीकत बनने जा रहा है। एक्सिस बैंक के डिजिटल हेड समीर शेट्टी ने इस नई तकनीक का खुलासा किया है, जो बैकग्राउंड में सिम और डिवाइस को मैच कर सिम क्लोनिंग जैसे फ्रॉड पर लगाम लगाएगी।
और पढ़ें: Maruti Ertiga से Kia Carens तक… 7-सीटर फैमिली कारें जो देती हैं स्पेस
OTP डालने की जरूरत नहीं
अब जल्द ही ऑनलाइन पेमेंट (New Online Payment Rule) करना और भी आसान होगा। देश के बड़े प्राइवेट बैंक और टेलीकॉम कंपनियां इस पर काम कर रही हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि आपको हर बार मैसेज चेक करके मैन्युअली OTP डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि आपका नेटवर्क ही आपकी पहचान को वेरीफाई कर देगा।
कैसे काम करेगा ये सिस्टम?
अभी जब भी आप ऑनलाइन पेमेंट करते हैं, तो आपके फोन पर एक OTP आता है जिसे डालकर ट्रांजैक्शन पूरा करना होता है। लेकिन नई तकनीक में ये सब बैकग्राउंड में ही हो जाएगा। बैंक का सिस्टम सीधे टेलीकॉम ऑपरेटर के साथ मिलकर चेक करेगा कि आपके बैंक ऐप में जो नंबर रजिस्टर्ड है, वही सिम आपके फोन में एक्टिव है या नहीं। अगर दोनों मैच कर गए, तो पेमेंट तुरंत हो जाएगा। अगर मैच नहीं हुआ, तो ट्रांजैक्शन वहीं ब्लॉक कर दिया जाएगा। सबसे खास बात ये है कि इसमें आपको मैन्युअली कुछ भी करने की जरूरत नहीं होगी।
पायलट प्रोजेक्ट पर काम जारी
इस नई तकनीक के बारे में जानकारी देते हुए एक्सिस बैंक के डिजिटल बिजनेस हेड, समीर शेट्टी ने बताया कि बैंक और टेलीकॉम कंपनियां मिलकर इसके कई पायलट प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। उनके अनुसार, यह सिस्टम सिम क्लोनिंग जैसे फ्रॉड को रोकने में गेम-चेंजर साबित होगा।
eSIM पर भी करेगा काम
यह तकनीक सिर्फ फिजिकल सिम ही नहीं, बल्कि eSIM पर भी समान रूप से काम करेगी। साइलेंट ऑथेंटिकेशन का सबसे बड़ा फायदा यही है कि यह SIM Cloning और eSIM Swap जैसे हाई-टेक फ्रॉड को रोकने में सक्षम है, जहाँ अपराधी आपकी जानकारी के बिना आपके नंबर को दूसरे फोन पर एक्टिव कर लेते हैं।
क्यों है ये ज्यादा सुरक्षित?
अब तक के सिक्योरिटी सिस्टम में अपराधी अक्सर ओटीपी को बीच में ही इंटरसेप्ट (चोरी) कर लेते थे। लेकिन अब बैंक और टेलीकॉम कंपनियां सुरक्षा को सीधे नेटवर्क लेवल पर मजबूत कर रही हैं। इसमें सिक्योरिटी की कई लेयर्स होंगी, जैसे Aadhaar Face ID, बैंक ऐप के अंदर ही सुरक्षित तरीके से इन-ऐप OTP का जनरेट होना और डिवाइस-आधारित सुरक्षा। इसका मतलब है कि अब सिर्फ सिम होना काफी नहीं है, बल्कि वही ओरिजिनल फोन होना भी जरूरी है। हैकर्स के लिए इस तरह की ‘मल्टी-लेयर’ सुरक्षा को भेदना लगभग नामुमकिन हो जाएगा।
RBI के नए नियम क्या कहते हैं?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए फ्रेमवर्क के अनुसार, अब हर डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए ‘टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ (2FA) अनिवार्य होगा। इसमें तीन में से किन्हीं दो चीजों का मेल होना जरूरी है:
- जो आपको पता हो (जैसे PIN या पासवर्ड),
- जो आपके पास हो (जैसे आपका फोन या सिम),
- जो आप हैं (जैसे फिंगरप्रिंट या फेस आईडी)
हालांकि पारंपरिक OTP पूरी तरह खत्म नहीं होगा, लेकिन RBI ने 1 अप्रैल 2026 से और भी स्मार्ट और सुरक्षित तरीके अपनाने पर जोर दे रहा है, ताकि ग्राहकों को बिना किसी रुकावट के सुरक्षा मिल सके।
WhatsApp पर भी आ सकता है OTP
अब बैंक OTP भेजने के लिए सिर्फ पारंपरिक SMS पर निर्भर नहीं रहेंगे। कई बड़े बैंक अब WhatsApp जैसे सुरक्षित मैसेजिंग ऐप्स का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि खराब मोबाइल नेटवर्क में भी Wi-Fi के जरिए WhatsApp पर OTP तुरंत मिल जाता है। और WhatsApp के मैसेज एन्क्रिप्टेड होते हैं, जिससे बीच में हैक होने का खतरा SMS के मुकाबले कम होता है। अक्सर त्योहारों या सेल के दौरान SMS आने में जो देरी होती है, वह WhatsApp पर लगभग न के बराबर होती है
आम जनता के लिए क्या बदलेगा?
इस नई तकनीक के आने से आम ग्राहकों के डिजिटल पेमेंट के अनुभव में तीन बड़े बदलाव आएंगे:
- OTP का झंझट खत्म: अब आपको पेमेंट के दौरान मैसेज बॉक्स खोलकर 6 अंकों का कोड देखने और उसे टाइप करने की जरूरत नहीं होगी। ट्रांजैक्शन ‘साइलेंटली’ और बहुत तेजी से पूरा हो जाएगा।
- नेटवर्क की चिंता नहीं: कई बार नेटवर्क कम होने या सर्वर डाउन होने की वजह से OTP समय पर नहीं आता और पेमेंट फेल हो जाता है। अब चूंकि वेरिफिकेशन सीधे टेलीकॉम नेटवर्क लेवल पर होगा, इसलिए मैसेज आने का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा।
- सुरक्षा की गारंटी: सबसे बड़ा डर ‘सिम क्लोनिंग’ का रहता है, जिसमें जालसाज आपके नंबर का डुप्लीकेट सिम बनाकर OTP चोरी कर लेते हैं। अब अगर सिम और डिवाइस मैच नहीं हुए, तो जालसाज के पास आपके बैंक की डिटेल होने के बावजूद वह ट्रांजैक्शन नहीं कर पाएगा।
ग्राहकों के लिए पेमेंट का तरीका पहले से कहीं ज्यादा स्मूथ (Smooth) और सुरक्षित (Safe) हो जाएगा।
नया फोन लेने पर क्या होगा?
- डिवाइस बाइंडिंग (Device Binding): जब आप नए फोन में अपना सिम डालेंगे और बैंक ऐप इंस्टॉल करेंगे, तो ऐप आपसे फिर से वेरिफिकेशन मांगेगा।
- एक बार का प्रोसेस: जैसे अभी आप Google Pay या PhonePe नए फोन में सेटअप करते समय एक SMS भेजकर वेरिफिकेशन करते हैं, ठीक वैसा ही एक सुरक्षित प्रोसेस होगा।
- सिक्योर हैंडओवर: एक बार जब आपका नया डिवाइस (IMEI नंबर) बैंक के सिस्टम में रजिस्टर हो जाएगा, तो ‘साइलेंट ऑथेंटिकेशन’ पुराने फोन की जगह नए फोन को पहचानना शुरू कर देगा।
- कूलिंग पीरियड (Cooling Period): सुरक्षा के लिए कुछ बैंक नया डिवाइस बदलने पर 24 घंटे तक बड़े ट्रांजैक्शन रोकने या लिमिट सेट करने का नियम भी रख सकते हैं, ताकि अगर किसी ने फ्रॉड से सिम बदला हो, तो उसे रोका जा सके।
नया फोन लेने पर आपको बस एक बार अपनी पहचान (जैसे आधार फेस ऑथेंटिकेशन या बैंक पासवर्ड) से डिवाइस को दोबारा ‘लिंक’ करना होगा। उसके बाद फिर से सब कुछ ‘साइलेंट’ और बिना OTP के चलेगा। आने वाले समय में (New Online Payment Rule) ऑनलाइन पेमेंट ज्यादा आसान, तेज और सुरक्षित होने वाला है।




























