Moradabad Honor killing News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने युवक और युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि रविवार रात दोनों को फावड़े से काटकर मौत के घाट उतार दिया गया और फिर सबूत मिटाने के लिए शवों को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गागन नदी के किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध (Moradabad Honor killing News)
पुलिस जांच में सामने आया है कि उमरी सब्जीपुर गांव निवासी अरमान का गांव की ही काजल के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। रविवार रात अरमान अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान युवती की मां और भाइयों ने दोनों को एक साथ देख लिया। यह देखकर परिजन आग-बबूला हो गए और पहले दोनों की जमकर पिटाई की।
फावड़े से हत्या, फिर जंगल में ले जाकर शव दफन
गुस्से में बेकाबू परिजनों ने इसके बाद फावड़े से हमला कर अरमान और काजल की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को ठिकाने लगाने की साजिश रची। दोनों के शवों को जंगल की ओर ले जाया गया और बाबा नीब करौरी मंदिर के पास गागन नदी किनारे गहरा गड्ढा खोदकर उन्हें दबा दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे।
युवक के लापता होने से खुला मामला
अरमान सोमवार से लापता था। जब काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान जांच के तहत युवती के परिजनों को भी थाने बुलाया गया। शुरुआत में पुलिस को यही लगा कि दोनों प्रेमी घर से भाग गए होंगे।
युवती के परिवार के व्यवहार से पुलिस को हुआ शक
थाने पहुंचे युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया। यही बात पुलिस को खटक गई। इसके बाद पुलिस ने युवती के भाई को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू की। लंबी पूछताछ के दौरान आखिरकार भाई टूट गया और उसने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।
जेसीबी से खुदाई कर बरामद हुए शव
बुधवार को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जेसीबी मशीन से खुदाई कराई। खुदाई के दौरान दोनों शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने युवती के तीनों भाइयों रिंकू, राजाराम और सतीश के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इनमें से दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दो संप्रदायों से जुड़ा मामला, गांव में तनाव
यह मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पीएसी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर एसपी क्राइम सुभाषचंद्र गंगवार, सीओ हाइवे राजेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा बलों के साथ डटे हुए हैं।
एसएसपी ने दी जानकारी
मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पाकबड़ा थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल की हत्या का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने दोनों को एक कमरे में देख लिया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर युवती के तीन भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।





























