Indigo flight lightning strike: पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट बुधवार शाम आसमान में उस वक्त बड़े खतरे से बाल-बाल बच गई, जब वह खराब मौसम के बीच अचानक आकाशीय बिजली (लाइटनिंग स्ट्राइक) की चपेट में आ गई। बिजली गिरने के वक्त विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर बादलों के बीच उड़ रहा था। जोरदार बिजली टकराने की वजह से विमान का अगला हिस्सा यानी नोज डैमेज हो गया। हालांकि, पायलट ने गजब के संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
आसमान में गूंजा धमाका, यात्रियों में फैली दहशत| Indigo flight lightning strike
एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की नियमित घरेलू फ्लाइट संख्या 6E-925 ने बुधवार दोपहर 3:10 बजे पटना एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। इसका तय समय शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचने का था। सफर के दौरान लखनऊ एयरस्पेस के करीब मौसम बेहद खराब था। विमान जब करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली विमान के अगले हिस्से से सीधे टकराई। तेज झटके और आवाज के चलते केबिन के अंदर बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया। खतरे की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तुरंत स्थिति संभाली और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा। पायलट ने सूझबूझ से काम लिया और विमान को निर्धारित समय से पहले, शाम करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर सेफ लैंड करवा दिया।
तकनीकी जांच के लिए विमान रोका गया
लैंडिंग के बाद जब ग्राउंड इंजीनियरों की टीम ने विमान का मुआयना किया, तो पता चला कि बिजली टकराने से विमान का नोज (अगला हिस्सा) क्षतिग्रस्त हो गया है और उसमें तकनीकी खराबी आ गई है। सुरक्षा को देखते हुए विमान को फौरन ग्राउंडेड कर दिया गया और इंजीनियरों की टीम उसकी मरम्मत और जांच में जुट गई।
अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए आया दूसरा विमान
तय शेड्यूल के मुताबिक, इसी विमान को लखनऊ से फ्लाइट नंबर 6E-6968 बनकर शाम 5:05 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन विमान के डैमेज होने के बाद यह उड़ान प्रभावित हो गई। इसके बाद इंडिगो एयरलाइन ने तत्परता दिखाते हुए अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए तुरंत दूसरे विमान का बंदोबस्त किया। यात्रियों को ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा और उन्हें शाम करीब 6:22 बजे दूसरे विमान के जरिए अहमदाबाद के लिए रवाना कर दिया गया।











































