Agniveer exam: सरहदों की हिफाज़त के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों की शहादत हमारे देश का गौरव है। इसी अटूट जज्बे को समेटे, अब यूपी के युवा एक बार फिर मैदान में उतरने को तैयार हैं। बरेली के जाट रेजीमेंट सेंटर में होने वाली सेना की अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। यह भर्ती रैली 11 मार्च से शुरू होकर 23 मार्च तक चलेगी। भर्ती को लेकर शुक्रवार को समीक्षा बैठक भी की गई, जिसमें अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
और पढ़े: LPG Cylinder Price Hike: आम आदमी से लेकर व्यापारियों तक, सिलेंडर की कीमतों ने सबको रुलाया!
एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो पा रहा तो क्या करें
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी दलाल या गलत तरीके से भर्ती कराने का दावा करने वाले लोगों से दूर रहें।
सेना भर्ती अधिकारियों के अनुसार, 11 मार्च की सुबह ठीक 6 बजे से दौड़ शुरू होगी। इसलिए सभी अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे समय से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज और एडमिट कार्ड लेकर पहुंचें। अगर किसी अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो पा रहा है तो वह सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि एडमिट कार्ड पर जिस तारीख का जिक्र है, उसी दिन अभ्यर्थी को भर्ती में शामिल होना होगा। अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल में एक दिन पहले शाम से ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं परिसर के अंदर रुकने, पीने के पानी, शौचालय और निर्धारित शुल्क पर भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन ने दिए ये निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कई विभागों को जिम्मेदारी सौंपी। पीडब्ल्यूडी को दो दिन के अंदर बैरिकेडिंग का काम पूरा करने को कहा गया है। बिजली विभाग को जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को 108 एंबुलेंस और हेल्थ कैंप लगाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन और उनकी मदद के लिए शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। रोडवेज विभाग को आर्मी भर्ती के फ्लेक्स लगे बसों की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं फायर ब्रिगेड को भी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई और पानी की भी व्यवस्था
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि भर्ती स्थल पर बायो टॉयलेट, पानी के टैंक और डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। सफाई कर्मियों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। जो अभ्यर्थी दौड़ में पास हो जाएंगे, उनके ठहरने के लिए रैन बसेरों में व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कब किस जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती
• 11 मार्च – अग्निवीर (टेक्निकल), सभी 12 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए
• 12 मार्च – अग्निवीर ट्रेड्समेन (8वीं और 10वीं) और अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी
• 13 मार्च – अग्निवीर जनरल ड्यूटी: बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी
• 14 मार्च – जनरल ड्यूटी: शाहजहांपुर, सीतापुर – Shahjahanpur, Sitapur
• 15 मार्च – जनरल ड्यूटी: संभल, पीलीभीत – Sambhal, Pilibhit
• 16 मार्च – जनरल ड्यूटी: हरदोई – Hardoi
• 17 मार्च – जनरल ड्यूटी: फर्रुखाबाद – Farrukhabad
• 18 मार्च – जनरल ड्यूटी: बदायूं – Badaun
• 19 मार्च – जनरल ड्यूटी: बरेली – Bareilly
प्रशासन का कहना है कि भर्ती को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित होने वाली इस रैली में अभ्यर्थियों को समय से पहुंचने और सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि चयन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
