Raghav Chadha: दिल्ली के रामलीला मैदान से उपजा ‘आम आदमी पार्टी’ (AAP) का आंदोलन आज अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है। पार्टी के भीतर की दरार अब खुलकर सामने आने लगी है। राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने, सदन में बोलने का अधिकार छीने जाने और उठ रहे तमाम सवालों पर आखिरकार राघव चड्ढा ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए चड्ढा ने न केवल अपनी नाराजगी जताई, बल्कि नेतृत्व की मंशा पर भी तीखे सवाल खड़े किए हैं। राघव ने कहा, ‘खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं’। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं कि राघव चड्ढा ने आखिर और क्या कहा, साथ ही पार्टी में इतनी गरमागर्मी क्यों हुई?
और पढ़ें: क्या Raghav Chadha की चुप्पी है वजह? AAP ने राज्यसभा सचिवालय को दिया नोटिस
जनता की आवाज उठाना कोई अपराध है?
राघव चड्ढा ने भावुक होते हुए कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का मौका मिलता है, वह हमेशा आम जनता के मुद्दे उठाते हैं चाहे वह एयरपोर्ट पर महंगा खाना हो, डिलीवरी बॉयज की मुश्किलें हों या टोल प्लाजा पर लगने वाला टैक्स। उन्होंने सीधा सवाल किया कि ‘क्या जनता की आवाज उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कुछ गलत किया है, जो आज मुझे बोलने से रोका जा रहा है?’
उन्होंने यह भी बड़ा दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को बाकायदा पत्र लिखकर कहा है कि उन्हें संसद में बोलने का मौका न दिया जाए। इस पर गहरी हैरानी जताते हुए राघव ने पूछा कि, आखिर कोई उनकी आवाज क्यों दबाना चाहता है? क्या सच बोलना इतना बड़ा गुनाह हो गया है?
संसद में कई अहम मुद्दे उठाए
अपने वीडियो में Raghav Chadha ने बताया कि उन्होंने संसद में कई अहम मुद्दे उठाए हैं जैसे एयरपोर्ट पर महंगा खाना, जोमैटो और ब्लिंकिट डिलीवरी राइडर्स की समस्याएं, खाने में मिलावट, टोल प्लाजा और बैंक चार्जेस की लूट, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ, कंटेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक, और टेलीकॉम कंपनियों के बार-बार रिचार्ज कराने जैसे मुद्दे।
राघव के मुताबिक, इन जनहित के मुद्दों को उठाना ही शायद उनकी ‘गलती’ बन गई, जिसकी सजा उन्हें अब खामोश कर दी जा रही है। राघव ने तंज कसते हुए कहा कि इन मुद्दों को उठाने से भले ही आम जनता को फायदा हुआ हो, लेकिन शायद इससे पार्टी को राजनीतिक लाभ नहीं मिला। उन्होंने संकेत दिया कि यही वह बड़ी वजह हो सकती है, जिसके चलते आज उनकी आवाज को दबाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
राघव चड्ढा ने जनता से की अपील
Raghav Chadha ने भावुक अपील करते हुए कहा कि जनता से मिल रहा प्यार और समर्थन ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने लोगों से साथ बनाए रखने की गुजारिश की और भरोसा दिलाया कि चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, वे हमेशा जनता की आवाज बनकर अडिग खड़े रहेंगे।
अपने भावुक संदेश के अंत में उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना। मुझे चुप कराया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं। मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है। बीते कुछ समय से राघव चड्ढा की लगातार चुप्पी और पार्टी के प्रमुख कार्यक्रमों से उनकी दूरी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन अब उनके इस सीधे और तीखे बयान ने उन चर्चाओं पर मुहर लगा दी है, जिससे दिल्ली से लेकर पंजाब तक के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
Silenced, not defeated
My message to the ‘aam aadmi’
—
खामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ‘आम आदमी’ को मेरे संदेश pic.twitter.com/poUwxsu0S3
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 3, 2026
राजनीतिक विशेषज्ञों ने क्या कहा
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि Raghav Chadha को पद से हटाना और उनके बोलने पर रोक लगाना केवल एक सामान्य ‘सांगठनिक फेरबदल’ नहीं है, बल्कि यह आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर एक गहरी अंदरूनी कलह और वैचारिक मतभेद का संकेत है। विशेषज्ञों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की रिहाई जैसे महत्वपूर्ण मौकों पर चड्ढा की चुप्पी और पार्टी के विरोध प्रदर्शनों से उनकी बढ़ती दूरी ने नेतृत्व को नाराज किया है।
कुछ विश्लेषक इसे चड्ढा की बढ़ती निजी लोकप्रियता को नियंत्रित करने की रणनीति के रूप में देखते हैं, जबकि अन्य इसे उनके द्वारा पार्टी लाइन से हटकर मुद्दे उठाने का नतीजा मान रहे हैं। इस घटनाक्रम ने उन चर्चाओं को भी बल दिया है कि क्या वे भविष्य में किसी नई राजनीतिक राह (जैसे भाजपा के साथ गठबंधन) की तलाश में हैं, हालांकि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इन दावों को खारिज कर इसे एक आंतरिक व्यवस्था बताया है





























