Salman Khan RSS Event Visit: मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष समारोह में इस बार फिल्मी दुनिया के कई बड़े नाम नजर आए। ‘संघ यात्रा के 100 वर्ष: नई उड़ान’ थीम पर हुए इस दो दिवसीय कार्यक्रम में विक्की कौशल, शिल्पा शेट्टी, रणबीर कपूर और करण जौहर जैसे सितारों की मौजूदगी ने इवेंट को ग्लैमरस बना दिया।
हालांकि, सबसे ज्यादा सुर्खियां सलमान खान को लेकर रहीं। जैसे ही ‘सिकंदर’ स्टार कार्यक्रम में पहुंचे, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ लोगों ने उनकी मौजूदगी पर सवाल उठाए, तो कुछ ने इसे एक सामान्य सामाजिक भागीदारी बताया।
संजय राउत का तंज, उठे राजनीतिक सवाल | Salman Khan RSS Event Visit
सलमान खान के कार्यक्रम में शामिल होने पर उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि सलमान खान कब से संघ के स्वयंसेवक बन गए। राउत ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद लोग डर की वजह से संघ से जुड़ रहे हैं। उनके इस बयान के बाद मामला और गरमा गया और सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं।
एकनाथ शिंदे का जवाब– ‘सलमान को राजनीतिक चश्मे से न देखें’
संजय राउत के बयान पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पलटवार किया। ANI से बातचीत में शिंदे ने कहा कि किसी कार्यक्रम में जाने को लेकर इस तरह के सवाल उठाना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा, “RSS के कार्यक्रम में सलमान खान का जाना या न जाना कौन-सा मुद्दा है? क्या वह भारतीय नागरिक नहीं हैं?”
शिंदे ने आगे कहा कि सलमान खान भारतीय हैं, उनके घर में गणपति भगवान की स्थापना होती है और वे व उनका परिवार भारतीय संस्कृति का सम्मान करता है। उन्होंने साफ कहा कि मोहन भागवत के कार्यक्रम में सलमान का जाना उन्हें बिल्कुल गलत नहीं लगता।
डिप्टी सीएम ने यह भी जोड़ा कि सलमान मुंबई में रहते हैं और मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस पर बेवजह राजनीति नहीं होनी चाहिए।
मोहन भागवत ने सलमान के फैशन का किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान RSS प्रमुख मोहन भागवत ने भी सलमान खान का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं पर फिल्मी सितारों के प्रभाव की बात करते हुए कहा कि कॉलेज के छात्र सलमान के पहनावे को फॉलो करते हैं।
भागवत ने उदाहरण देते हुए कहा कि जब युवाओं से पूछा जाता है कि उन्होंने कोई खास स्टाइल क्यों अपनाया, तो वे कहते हैं कि “सलमान पहनते हैं, इसलिए हमने भी पहना।”
उन्होंने कहा कि समाज में अच्छे मूल्यों को भी फैशन बनना चाहिए। जो लोग ट्रेंड सेट करते हैं, वे समाज के भरोसेमंद और सम्मानित लोग होते हैं, जिन्हें हमारी परंपरा में ‘महाजन’ कहा गया है। इस दौरान सलमान खान मुस्कुराते हुए भागवत की बातों को ध्यान से सुनते नजर आए।
दो दिवसीय कार्यक्रम में कई हस्तियां शामिल
शनिवार, 7 फरवरी को मुंबई में शुरू हुए इस कार्यक्रम में फिल्म निर्माता सुभाष घई और गीतकार-लेखक प्रसून जोशी भी मौजूद रहे। समारोह में RSS की 100 साल की यात्रा, समाज में उसकी भूमिका और आने वाले समय की दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई।
‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर चर्चा
इस सियासी बहस के बीच सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर भी चर्चा में हैं। पहले इस फिल्म को अप्रैल में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब खबर है कि इसकी रिलीज अगस्त तक टल सकती है।
अगर रिलीज डेट आगे बढ़ती है, तो बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर सनी देओल की फिल्म ‘लाहौर 1947’ से हो सकती है। इस फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी।
और पढ़ें: Naravane Book Controversy: संसद में हंगामा… राहुल गांधी ने खोला नारवाने की किताब का सच




























