Rapper Badshah Controversy: ‘टटीरी’ गाने को लेकर घिरे रैपर बादशाह, माफी के बाद भी जारी विवाद; बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने किया सपोर्ट

Nandani | Nedrick News Haryana Published: 09 Mar 2026, 08:59 AM | Updated: 09 Mar 2026, 08:59 AM

Rapper Badshah Controversy: मशहूर रैपर Badshah इन दिनों अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। कुछ दिन पहले रिलीज हुए इस गाने के वीडियो और उसके बोलों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली। आरोप है कि गाने में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को गलत तरीके से पेश किया गया है। इसी वजह से मामला तूल पकड़ गया और लोगों ने गाने की कड़ी आलोचना शुरू कर दी।

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग ली है, लेकिन इसके बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा। सोशल मीडिया से लेकर अलग-अलग मंचों पर इस मुद्दे पर लगातार चर्चा जारी है।

और पढ़ें: Anupam Kher Birthday: 28 की उम्र में 65 साल के बुजुर्ग बने, फिर बने विलेन और कॉमेडी स्टार,  40 साल से चल रहा अनुपम खेर का जादू

गाने के वीडियो और लिरिक्स पर उठा विवाद (Rapper Badshah Controversy)

‘टटीरी’ गाने का वीडियो रिलीज होते ही तेजी से वायरल हो गया और इसे बड़ी संख्या में व्यूज मिले। लेकिन इसी के साथ गाने के कुछ हिस्सों और लिरिक्स को लेकर सवाल भी खड़े होने लगे। कई लोगों का कहना है कि वीडियो में स्कूल की बच्चियों को दिखाया गया है और गाने के बोलों में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।

आलोचकों का आरोप है कि इस तरह की प्रस्तुति से महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का सेक्शुअलाइजेशन होता है, जो समाज के लिए गलत संदेश देता है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर बादशाह को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और मामला धीरे-धीरे बड़ा विवाद बन गया।

बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने किया बादशाह का समर्थन

इस पूरे विवाद के बीच भारत के जाने-माने बॉक्सर Vijender Singh ने बादशाह के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट करते हुए लोगों से अपील की कि मामले को ज्यादा न बढ़ाया जाए और रैपर को माफ कर दिया जाए।

विजेंद्र सिंह ने अपने संदेश में लिखा कि हरियाणा के कलाकारों को अक्सर आलोचना का सामना करना पड़ता है। कभी किसी गाने को लेकर विवाद खड़ा हो जाता है तो कभी किसी कलाकार को माफी मांगनी पड़ती है या गाना हटाना पड़ता है। उनके मुताबिक कलाकार से गलती हो सकती है और कई बार गाने का मतलब भी बदल जाता है, लेकिन समाज को भी बड़ा दिल दिखाते हुए माफ करने की सोच रखनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर इसी तरह कलाकारों पर लगातार दबाव बना रहेगा तो लोग मनोरंजन के क्षेत्र में कुछ नया करने से डरने लगेंगे और इससे हरियाणा की कला और संस्कृति को नुकसान हो सकता है।

बादशाह ने वीडियो जारी कर मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि उनके गाने के एक हिस्से के लिरिक्स और विजुअल प्रेजेंटेशन की वजह से जो संदेश गया, उससे कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर हरियाणा के लोगों की।

बादशाह ने कहा कि वह खुद हरियाणा से हैं और अपनी पहचान पर गर्व करते हैं। उनके मुताबिक उनका कभी भी ऐसा इरादा नहीं था कि वह किसी महिला या बच्चे के बारे में गलत या अपमानजनक बात करें। उन्होंने यह भी बताया कि हिप-हॉप जॉनर में अक्सर लिरिक्स प्रतिद्वंद्वियों के लिए होते हैं, न कि किसी महिला या बच्चे के लिए। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह दिल से माफी मांगते हैं और उम्मीद करते हैं कि लोग उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर देंगे।

पुलिस और महिला आयोग की कार्रवाई

विवाद बढ़ने के बाद हरियाणा पुलिस ने भी इस मामले में सख्त रुख अपनाया। पुलिस ने ‘टटीरी’ गाने को लेकर बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इतना ही नहीं, उन्हें देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की और उन्हें जल्द से जल्द पेश होने का आदेश दिया गया। इसके अलावा Haryana State Commission for Women ने भी उन्हें समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। इस मामले में उनके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है।

फिलहाल माफी के बावजूद विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ है और इस मुद्दे पर बहस जारी है। अब देखना होगा कि आगे यह मामला किस दिशा में जाता है।

और पढ़ें: Israel-Iran War: “खामेनेई का शासन कैंसर जैसा था…”,  ईरानी एक्ट्रेस ने बताया ईरान का डरावना सच        

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds