Trending

Karnataka EVM Survey: EVM पर 91% जनता का विश्वास, कर्नाटक के सर्वे को लेकर BJP बनाम राहुल गांधी

Nandani | Nedrick News

Published: 04 Jan 2026, 11:21 AM | Updated: 04 Jan 2026, 11:21 AM

Karnataka EVM Survey: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और चुनाव प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के बीच अब कर्नाटक से सामने आए एक सरकारी सर्वे ने सियासत को और गरमा दिया है। इस सर्वे को आधार बनाकर बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले आरोपों पर तीखा हमला बोला है। दिलचस्प बात यह है कि जिस सर्वे का हवाला दिया जा रहा है, वह खुद कांग्रेस की अगुवाई वाली कर्नाटक सरकार से जुड़ी एजेंसी ने कराया है।

और पढ़ें: Maharashtra Municipal Corporation Elections: चुनाव से पहले तय हो गए नतीजे? महाराष्ट्र में 69 सीटों पर निर्विरोध जीत, चुनाव आयोग ने बैठाई जांच

कर्नाटक सरकार के सर्वे में क्या निकला? (Karnataka EVM Survey)

कर्नाटक मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अथॉरिटी (KMEA) ने “लोकसभा चुनाव 2024 नागरिकों के ज्ञान, दृष्टिकोण और अभ्यास (KAP) का एंडलाइन सर्वे” जारी किया है। इस सर्वे में राज्य के 102 विधानसभा क्षेत्रों से 5,100 लोगों की राय ली गई। रिपोर्ट के मुताबिक 91.31 फीसदी लोगों का मानना है कि भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए जाते हैं। वहीं 83.61 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्हें EVM पर भरोसा है और ये मशीनें सही नतीजे देती हैं।

सर्वे में यह भी सामने आया कि मतदाता सूची को लेकर भी लोगों का भरोसा मजबूत है। वोटर लिस्ट में शामिल 4,272 लोगों में से करीब 95.44 फीसदी ने माना कि उनका नाम सूची में सही तरीके से दर्ज था।

BJP का तंज: राहुल गांधी का ‘फैक्ट-चेक’ हो गया

बीजेपी नेताओं ने इस सर्वे को राहुल गांधी के बयानों के खिलाफ हथियार बना लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने X पर लिखा कि राहुल गांधी EVM और चुनाव आयोग पर बार-बार सवाल उठाते हैं, लेकिन कर्नाटक में उनकी अपनी सरकार ने ही उनके दावों का फैक्ट-चेक कर दिया है। पूनावाला ने कहा कि सर्वे साफ बताता है कि जनता का भरोसा EVM और चुनाव प्रक्रिया पर बढ़ा है।

उन्होंने यह भी कहा कि 2023 में जहां 77.9 फीसदी लोग EVM को भरोसेमंद मानते थे, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 83.61 फीसदी हो गया है।

‘कांग्रेस की असुरक्षा उजागर’ – BJP

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सर्वे कांग्रेस के मुंह पर तमाचा है। अशोक का आरोप है कि कांग्रेस हार के डर से संस्थानों पर सवाल उठा रही है। उन्होंने X पर लिखा कि जब कांग्रेस जीतती है तो उसी सिस्टम की तारीफ करती है और हारने पर उसी पर शक करने लगती है। उनके मुताबिक यह लोकतंत्र की चिंता नहीं, बल्कि राजनीतिक सुविधा की राजनीति है।

BJP का दावा: EVM सबसे भरोसेमंद माध्यम

बीजेपी नेता सुरेश कुमार ने कहा कि यह सर्वे दिखाता है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में EVM सबसे भरोसेमंद और प्रभावी माध्यम है। उनके मुताबिक राहुल गांधी के आरोप खोखले हैं और जनता का भरोसा चुनावी सिस्टम पर कायम है।

सियासत का नया मोड़

कुल मिलाकर, कर्नाटक सरकार के इस सर्वे ने EVM को लेकर चल रही बहस को नया मोड़ दे दिया है। एक तरफ बीजेपी इसे राहुल गांधी के आरोपों का जवाब बता रही है, तो दूसरी तरफ विपक्ष के आरोप-प्रत्यारोप और तेज होते दिख रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा चुनावी राजनीति में और गर्माने के संकेत दे रहा है।

और पढ़ें: Aviva  Baig Religion: 7 साल का रिश्ता, सीक्रेट प्रपोजल और सगाई, प्रियंका गांधी के बेटे की लव स्टोरी चर्चा में, जानिए कौन हैं अवीवा बेग

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds