Trending

AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली में आज से कई रास्तों पर ट्रैफिक, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ें एडवाइजरी

Shikha Mishra | Nedrick News
New Delhi
Published: 16 Feb 2026, 07:20 AM | Updated: 16 Feb 2026, 07:20 AM

AI Impact Summit 2026: अगर आप छात्र हैं और बोर्ड परीक्षा देने जा रहे हैं या ऑफिस के लिए निकल रहे हैं, तो इसे कतई नजरअंदाज न करें! दिल्ली पुलिस ने अगले 4-5 दिनों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जाम से बचने के लिए निकलने से पहले रूट जरूर चेक कर लें। आपको बता दें कि राजधानी नई दिल्ली में आज से बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन AI Impact Summit 2026 शुरू हो रहा है।

यह समिट 16 से 20 फरवरी तक चलेगा और इसका मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम, प्रगति मैदान है। इस कार्यक्रम में कई देशों के राष्ट्रपति, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। ऐसे में दिल्ली की सड़कों पर वीआईपी मूवमेंट बढ़ने से आम लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। तो चलिए इस लेख में बताते है कि कौन से रास्तों से बचना है और कौन से रास्तों का करना है इस्तेमाल।

वीआईपी काफिलों की वजह से ट्रैफिक पर असर

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। पुलिस के मुताबिक, समिट के दौरान कई वीआईपी काफिले भारत मंडपम और आसपास के होटलों तक आए-जाएंगे। इसके चलते कई प्रमुख सड़कों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा या डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि कोई भी सड़क पूरी तरह से बंद नहीं होगी, लेकिन जब भी वीआईपी काफिला गुजरेगा, उस समय करीब 20 से 30 मिनट तक ट्रैफिक रुक सकता है।

इन रास्तों पर जाने से बचें

समिट के दौरान सेंट्रल दिल्ली और आसपास के इलाकों की कई अहम सड़कें प्रभावित रहेंगी। इनमें शामिल हैं मथुरा रोड पर सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक, भैरों मार्ग पर रिंग रोड से मथुरा रोड तक, शेरशाह रोड पर मथुरा रोड से इंडिया गेट तक और पुराना किला रोड पर मथुरा रोड से इंडिया गेट तक। इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, कर्तव्य पथ, लोधी रोड, भैरों मार्ग और शेरशाह रोड, रिंग रोड की बात करें तो बरार स्क्वायर से AIIMS तक का हिस्सा और धौला कुआं। यहां देखें लिस्ट

• मथुरा रोड – Mathura Road
• जनपथ – Janpath
• अकबर रोड – Akbar Road
• तिलक मार्ग – Tilak Marg
• अशोक रोड – Ashok Road
• संसद मार्ग – Parliament Street
• सरदार पटेल मार्ग – Sardar Patel Marg
• शांति पथ – Peace Path
• कौटिल्य मार्ग – Kautilya Marg
• पृथ्वीराज रोड – Prithviraj Road
• अरबिंदो मार्ग – Aurobindo Marg
• महात्मा गांधी मार्ग (भीकाजी कामा प्लेस से धौला कुआं) – Mahatma Gandhi Marg
• पुराना किला रोड – Purana Qila Road
• बाबा खड़क सिंह मार्ग – Baba Kharak Singh Marg
• फिरोज शाह रोड – Feroz Shah Road

आम वाहनों के लिए ये रहेगा नियम

पुलिस के अनुसार, जिन वाहनों का उस इलाके में कोई जरूरी काम नहीं है, उन्हें दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी सेवाओं को बिना रोक-टोक जाने दिया जाएगा।

शादी और बोर्ड परीक्षाओं के कारण बढ़ सकती है परेशानी

फिलहाल दिल्ली में शादी का सीजन चल रहा है और 17 फरवरी से स्कूल बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं। ऐसे में ट्रैफिक का दबाव पहले से ज्यादा है। पुलिस ने भारत मंडपम के आसपास के 10 स्कूलों को संवेदनशील माना है, जहां पढ़ने वाले बच्चों और अभिभावकों को दिक्कत हो सकती है।

घर से निकलने से पहले ये जरूर करें

निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, वीआईपी रूट से बचने की कोशिश करें और समय से पहले घर से निकलें। कुल मिलाकर अगले पांच दिनों तक दिल्ली में कई जगह ट्रैफिक धीमा रह सकता है। इसलिए अगर आप सेंट्रल दिल्ली या प्रगति मैदान के आसपास जाने वाले हैं, तो थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर निकलना ही बेहतर रहेगा।
बोर्ड परीक्षार्थी जाम से बचने के लिए कम से कम 30-45 मिनट का एक्स्ट्रा समय लेकर घर से निकलें या दिल्ली मेट्रो का चुनाव करें।

Shikha Mishra

shikha@nedricknews.com

शिखा मिश्रा, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत फोटोग्राफी से की थी, अभी नेड्रिक न्यूज़ में कंटेंट राइटर और रिसर्चर हैं, जहाँ वह ब्रेकिंग न्यूज़ और वेब स्टोरीज़ कवर करती हैं। राजनीति, क्राइम और एंटरटेनमेंट की अच्छी समझ रखने वाली शिखा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और पब्लिक रिलेशन्स की पढ़ाई की है, लेकिन डिजिटल मीडिया के प्रति अपने जुनून के कारण वह पिछले तीन सालों से पत्रकारिता में एक्टिव रूप से जुड़ी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds