April 1 new rules 2026: 1 अप्रैल 2026 इस बार सिर्फ नए महीने की शुरुआत नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए कई बड़े आर्थिक बदलाव लेकर आ रही है। नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही सरकार के बजट में किए गए ऐलान लागू हो जाएंगे। इसका असर सैलरीड क्लास, बिजनेस करने वालों और आम जनता तीनों पर देखने को मिलेगा।
हर साल की तरह इस बार भी पहली तारीख से बैंकिंग, टैक्स, ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े नियम बदल रहे हैं। खास बात ये है कि इस बार इनकम टैक्स सिस्टम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जो लंबे समय से चले आ रहे पुराने कानून की जगह लेगा।
और पढ़ें: 31 March Financial Deadlines: सावधान! 1 अप्रैल से बदल जाएंगे नियम, 31 मार्च की डेडलाइन मिस न करें
नया इनकम टैक्स कानून होगा लागू | April 1 new rules 2026
1 अप्रैल से देश में नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 लागू हो जाएगा, जो पुराने 1961 के कानून को रिप्लेस करेगा। इस नए सिस्टम में कई अहम बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव ‘असेसमेंट ईयर’ और ‘प्रीवियस ईयर’ को हटाकर ‘टैक्स ईयर’ का कॉन्सेप्ट लाना है। इसका मतलब ये है कि अब जिस साल आप कमाई करेंगे, उसी साल उसका टैक्स भी उसी नाम से जुड़ा होगा। इससे आम लोगों को ITR फाइल करते समय होने वाला कन्फ्यूजन काफी हद तक कम हो जाएगा।
इसके अलावा ITR फाइलिंग की समय सीमा, F&O पर STT और TCS की दरों में भी बदलाव किए गए हैं।
अब नहीं मिलेगा Form 16, आएंगे नए फॉर्म
सैलरीड लोगों के लिए सबसे बड़ा बदलाव ये है कि अब Form 16 और Form 16A को हटाकर नए फॉर्म लागू किए जा रहे हैं। अब इनकी जगह Form 130 और Form 131 दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि इससे टैक्स फाइलिंग ज्यादा आसान और पारदर्शी होगी।
गैस और फ्यूल के दाम में बदलाव संभव
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और सप्लाई की समस्या का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में 1 अप्रैल से LPG सिलेंडर, CNG और PNG की कीमतों में बदलाव हो सकता है। इसके अलावा एविएशन फ्यूल (ATF) की कीमतें भी बदल सकती हैं, जिससे हवाई यात्रा महंगी हो सकती है। अगर गैस और फ्यूल महंगे होते हैं, तो ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ेगा और इसका असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ेगा।
PAN कार्ड बनवाना होगा थोड़ा मुश्किल
अब PAN कार्ड बनवाने के नियम भी सख्त हो रहे हैं। पहले जहां सिर्फ आधार कार्ड से काम चल जाता था, अब ऐसा नहीं होगा। 1 अप्रैल से PAN बनवाने के लिए डेट ऑफ बर्थ का पुख्ता प्रमाण देना जरूरी होगा, जैसे 10वीं की मार्कशीट या पासपोर्ट।
ATM से पैसे निकालना पड़ेगा महंगा
बैंकिंग से जुड़ा एक बड़ा बदलाव ATM ट्रांजैक्शन में देखने को मिलेगा। अब फ्री लिमिट खत्म होने के बाद हर ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये तक चार्ज देना होगा। वहीं अगर कोई ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है, तो उस पर भी 25 रुपये तक का शुल्क लग सकता है।
कैश निकालने की लिमिट घटेगी
कुछ बैंकों ने डेबिट कार्ड से कैश निकालने की सीमा भी कम कर दी है। जहां पहले 1 लाख रुपये तक निकासी की सुविधा थी, अब कई कार्ड्स पर यह सीमा घटाकर 50,000 से 75,000 रुपये कर दी गई है।
ट्रेन टिकट कैंसिल करना होगा महंगा
रेलवे यात्रियों के लिए भी नियम बदल रहे हैं। अब अगर ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल किया जाता है, तो कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
- 8 से 24 घंटे पहले कैंसिल करने पर 50% रकम कटेगी
- 24 से 72 घंटे पहले 25% कटौती होगी
- 72 घंटे से ज्यादा पहले कैंसिलेशन पर अलग नियम लागू होंगे
FASTag पास भी हुआ महंगा
नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए भी झटका है। सरकार ने FASTag एनुअल पास की कीमत में 2.5% बढ़ोतरी कर दी है। अब 3,000 रुपये की जगह 3,075 रुपये चुकाने होंगे। यह पास देशभर के करीब 200 टोल प्लाजा पर बिना रुके सफर की सुविधा देता है।
बजट के असर से जेब पर पड़ेगा दबाव
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में कुछ चीजों पर टैक्स कम किया था, लेकिन कुछ सेक्टर में बढ़ोतरी भी की गई थी। ऐसे में 1 अप्रैल से कुछ चीजें सस्ती होंगी, लेकिन कई सेवाएं और जरूरी खर्च बढ़ सकते हैं।





























