Febraury Rule Change News: जनवरी का महीना अब खत्म होने को है और देश की नजरें आम बजट के साथ फरवरी की शुरुआत पर टिकी हैं। हर बार की तरह इस बार भी नया महीना कई अहम बदलावों के साथ आने वाला है। 1 फरवरी 2026 से लागू होने वाले ये नियम सीधे तौर पर आम आदमी की जेब, घर के बजट और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हैं। कहीं राहत मिलने की उम्मीद है तो कहीं झटका लगना तय माना जा रहा है। LPG सिलेंडर के दामों से लेकर CNG, हवाई ईंधन, पान-मसाला, सिगरेट और FASTag तक कई चीजों में बदलाव देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं 1 फरवरी से लागू होने वाले ऐसे ही पांच बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से।
पहला बदलाव: LPG सिलेंडर की नई कीमतें (Febraury Rule Change News)
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इसी क्रम में 1 फरवरी 2026 को भी नई LPG कीमतें जारी की जाएंगी। चूंकि इसी दिन आम बजट पेश किया जाएगा, ऐसे में इन दामों पर खास नजर रहेगी। लोगों को उम्मीद है कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कुछ राहत मिल सकती है।
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले कुछ समय से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। 1 जनवरी को दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 14.50 रुपये सस्ता होकर 1804 रुपये का हो गया था। अब देखना होगा कि फरवरी में घरेलू रसोई गैस पर क्या असर पड़ता है।
दूसरा बदलाव: CNG-PNG और ATF के दाम
LPG के साथ-साथ 1 फरवरी को एयर टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की नई कीमतें भी घोषित की जाएंगी। ATF के दामों में बदलाव का सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ता है। अगर कीमतें बढ़ती हैं तो फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं, वहीं कटौती होने पर यात्रियों को राहत मिलती है।
पिछले महीने 1 जनवरी को ATF की कीमतों में करीब 7 फीसदी की कटौती की गई थी, जिससे एयरलाइंस को थोड़ी राहत मिली थी। इसके अलावा CNG और PNG की कीमतों में भी बदलाव संभव है, जो सीधे वाहन चालकों और घरेलू उपभोक्ताओं की जेब को प्रभावित करेगा।
तीसरा बदलाव: पान-मसाला और सिगरेट होंगी महंगी
1 फरवरी से पान-मसाला और सिगरेट पीने वालों को बड़ा झटका लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तंबाकू उत्पादों और पान-मसाला पर अतिरिक्त टैक्स लगाने की तैयारी है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने GST क्षतिपूर्ति उपकर की जगह नया उत्पाद शुल्क और उपकर अधिसूचित किया है।
नई व्यवस्था के तहत GST के अलावा पान-मसाला पर स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर भी लगाया जाएगा। इसका सीधा असर इन उत्पादों की कीमतों पर पड़ेगा और ये पहले से ज्यादा महंगे हो सकते हैं।
चौथा बदलाव: FASTag यूजर्स को राहत
1 फरवरी 2026 से FASTag यूजर्स के लिए एक राहत भरा बदलाव भी होने जा रहा है। NHAI ने कार, जीप और वैन के लिए FASTag जारी करते समय KYC वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को बंद कर दिया है। यानी अब नया FASTag लेते समय लंबी KYC प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
पांचवां बदलाव: फरवरी में बैंक छुट्टियां
फरवरी महीने की शुरुआत छुट्टी से हो रही है। अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो घर से निकलने से पहले बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर चेक कर लें। RBI की वेबसाइट पर जारी सूची के मुताबिक, साप्ताहिक अवकाश और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे अवसरों को मिलाकर फरवरी में करीब 10 दिन बैंक बंद रह सकते हैं।
और पढ़ें: बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट Alankar Agnihotri का इस्तीफा: UGC के नियम और संत समाज विवाद को बताया वजह






























